कुलदीप जैन को मिला श्री दिगंबर जैन पंचायत का ताज, मनोज सचिव चुने गए

कुलदीप जैन को श्री दिगंबर जैन पंचायत (रजि.) का प्रधान चुन लिया गया। मनोज जैन सचिव चुने गए। 11 साल बाद श्री दिगंबर जैन पंचायत के वोटिग से चुनाव हुआ है। जीटी रोड स्थित जिनवाणी पब्लिक स्कूल में रविवार को सुबह 9 बजे वोट डालने का काम शुरू हुआ।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 08:21 AM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 08:21 AM (IST)
कुलदीप जैन को मिला श्री दिगंबर जैन पंचायत का ताज, मनोज सचिव चुने गए
कुलदीप जैन को मिला श्री दिगंबर जैन पंचायत का ताज, मनोज सचिव चुने गए

जागरण संवाददाता, पानीपत : कुलदीप जैन को श्री दिगंबर जैन पंचायत (रजि.) का प्रधान चुन लिया गया। मनोज जैन सचिव चुने गए। 11 साल बाद श्री दिगंबर जैन पंचायत के वोटिग से चुनाव हुआ है। जीटी रोड स्थित जिनवाणी पब्लिक स्कूल में रविवार को सुबह 9 बजे वोट डालने का काम शुरू हुआ। शाम चार बजे तक वोट डाले गए। सभी राजनैतिक दलों से लेकर सामाजिक संगठनों की निगाह इस चुनाव पर लगी हुई थी। चुनाव को लेकर समाज के लोगों में उत्साह बना हुआ था। सुबह से लेकर शाम को परिणाम आने तक जैन समाज के लोग स्कूल में मौजूद रहे।

12 बजे तक 224 वोट डाले गए। उसके बाद चार बजे तक 388 वोट डले। आमने सामने की टक्कर रही। प्रधान पद पर कुलदीप जैन ने सुनील कुमार जैन को 62 वोटों से हराया, जबकि सचिव पद पर आमने सामने की टक्कर में मनोज जैन ने राकेश कुमार जैन को 36 वोटों से हराया। एक ही पक्ष के दोनों पदाधिकारी चुने गए। चुनाव अधिकारी प्रवीण जैन व विकास जैन ने चुनाव परिणाम की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधान पद के दावेदार कुलदीप जैन को 221 वोट मिले। सुनील कुमार जैन को 159 वोट पर संतोष करना पड़ा। सचिव पद के लिए मनोज कुमार को 209 वोट मिली। हारने वाले प्रत्याशी राकेश कुमार जैन को 173 वोट मिले। प्रधान पद की वोटिग की गिनती में 8 वोट रद हुए, सचिव पद की वोटिग में 6 वोट रद हुए।

पंचायत में कुल सदस्य 427

श्री दिगंबर जैन पंचायत में 427 सदस्य हैं। इनमें से 388 सदस्यों ने वोट डाला। तीन से चार सदस्य की मृत्यु हो चुकी है। कुछ सदस्य अधिक बीमार होने के कारण वोट नहीं डाल सके।

कुलदीप जैन दूसरी बार प्रधान बने

कुलदीप जैन 2007 से 2011 तक प्रधान रह चुके हैं। वह अब दूसरी बार प्रधान चुने गए। 2011 के बाद से राकेश जैन प्रधान रहे हैं। इस बार राकेश जैन सचिव पद के लिए खड़े हुए लेकिन सचिव पद पर भी वे हार गए।

मिलजुल कर काम करेंगे

नवनिर्वाचित प्रधान कुलदीप जैन और सचिव मनोज जैन ने अपनी जीत पर कहा कि यह एक खेल था, जो हमने खेला। समाज ने हम पर विश्वास जताया है लेकिन हम सभी को साथ लेकर चलेंगे। जो सदस्य चुनाव नहीं जीत पाए हैं, उनको साथ लेकर ही समाज के विकास के लिए कार्य किया जाएगा। सभी कार्य मिलजुल कर ही होंगे। समाज का उत्थान करना ही हमारा लक्ष्य है।

किग मेकर बने मुकेश जैन

एक माह से चुनाव की गतिविधियां चल रही थी। इस चुनाव में किगमेकर की भूमिका पूर्व पार्षद मुकेश जैन ने निभाई। उनका पूरा परिवार व समर्थक कुलदीप जैन व मनोज जैन के समर्थन में लगा हुआ था। यदि कुलदीप, मनोज की हार होती तो यह हार मुकेश जैन की मानी जाती।

विजेताओं का परिचय

कुलदीप जैन सराफा कारोबारी है। दिगंबर जैन पंचायत के पहले प्रधान रह चुके हैं। संयुक्त व्यापार मंडल में रहे। उसके बाद संयुक्त व्यापार मंडल समिति में रहे। अनुभवी होने व समाज के समय देने में आगे रहने का लाभ उन्हें मिला। मनोज जैन टेक्सटाइल उद्यमी है। वह जैन समाज की गतिविधियों में पूरा समय देते हैं। बेहतर वक्ता, मृदुभाषी होने का लाभ उन्हें मिला।

दिगंबर जैन समाज के 250 परिवार

पानीपत में 250 के लगभग दिगंबर परिवार है। अनेक संस्थाएं दिगंबर जैन पंचायत चलाती है। ज्यादातर जैन उद्योगपति हैं। अपना कारोबार चलाते हैं। बड़े उद्योग धंधों से जुड़े होने के कारण जैन समाज की राजनीति में दमक है। इसी समाज से ओमप्रकाश जैन दो बार हरियाणा सरकार में मंत्री रह चुके हैं। जैन पंचायत धर्मशाला, दो इंद्रपुरी, जैन किड्स स्कूल सहित सात मंदिरों का संचालन करती है।

chat bot
आपका साथी