Kisan Mahapanchayat: पानीपत में आज जुटेंगे हजारों किसान, Bharat Band से एक दिन पहले महापंचायत, ऐसी है तैयारी

पानीपत की नई अनाज मंडी में किसान महापंचायत को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी है। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के साथ किसान संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारी मंच साझा करेंगे। महापंचायत मंडी के सबसे बड़े शेड के नीचे होगी।

By Rajesh KumarEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 11:03 AM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 11:03 AM (IST)
Kisan Mahapanchayat: पानीपत में आज जुटेंगे हजारों किसान, Bharat Band से एक दिन पहले महापंचायत, ऐसी है तैयारी
पानीपत महापंचायत में शामिल होंगे राकेश टिकैत।

पानीपत, जागरण संवाददाता। कृषि कानूनों के विरोध में रविवार को पानीपत की नई अनाज मंडी में किसान महापंचायत होगी। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के साथ किसान संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारी मंच साझा करेंगे। महापंचायत मंडी के सबसे बड़े शेड के नीचे होगी। जहां पहले से ही बने मंच पर किसान नेता बैठेंगे, वहीं आने वाले किसानों के लिए भी शेड के नीचे मेट बिछाए गए हैं। शनिवार को भी भाकियू जिला प्रधान सोनू शहरमालपुर, पूर्व उप प्रधान बिंटू मलिक आदि ने गांवों में जाकर किसानों को महापंचायत में पहुंचने का न्यौता दिया। वहीं शहर में किसान महापंचायत के साथ हरियाणा पुलिस की महिला व पुरुष सब निरीक्षक पद की परीक्षा के मद्देनजर जिला पुलिस की तरफ से ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है।

आस पास के राज्यों से भी पहुंचेंगे किसान

उत्तर-प्रदेश के मुजफ्फरनगर के बाद पानीपत में किसान महापंचायत हो रही है। हालांकि इसे जिला स्तरीय किसान महापंचायत का नाम दिया गया है, लेकिन महापंचायत में पानीपत के साथ पूरे हरियाणा के साथ आस पास के राज्य से किसान भी पहुंचने की संभावना है। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत, किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी के अलावा किसान संयुक्त मोर्चा के अभिमन्यु कुहाड़, रवि आजाद, मंजीत सिंह व अन्य पदाधिकारी भी मंच साझा करेंगे।

भारत बंद की हुंकार

किसान मोर्चा ने कृषि कानूनों के विरोध में 27 सितंबर को भारत बंद का आह्वान किया है। भारत बंद में सभी वर्गों का सहयोग मांगा जा रहा है। हालांकि 27 सितंबर को सोमवार है और सप्ताह का पहला दिन बाजार से लिए अहम माना जाता है। ऐसे में किसान नेता 26 सितंबर को पानीपत में होने वाली किसान महापंचायत से ही भारत बंद की हुंकार भी भरेंगे।

40 हजार के खाने की होगी व्यवस्था

सब्जी मंडी प्रधान रमेश मलिक रिसालू ने बताया कि महापंचायत में हजारों की संख्या में किसानों के आने की उम्मीद है। ऐसे में महापंचायत के लिए 40 हजार किसानों के खाने की व्यवस्था की जाएगी। भाकियू की परंपरा रही है कि खाली पेट लड़ाई नहीं लड़ी जाती है। इसलिए किसानों के लिए पूड़ी के साथ आलू-पेठा की सब्जी और लड्डू तैयार किए जा रहे हैं।

पानीपत अनाज मंडी में किसान महापंचायत के लिए तैयार किया गया टीन शेड

टीन शेड में होगी महापंचायत

पिछले कई दिनों से मौसम में बदलाव हो रहा है। मौसम के बदलते रंग को देख किसान महापंचायत का आयोजन अनाज मंडी की सबसे बड़ी 470 फीट लंबी व 80 फीट चौड़ी शेड के नीचे किया जा रहा है। शनिवार को दिन भर मंच तैयार करने से लेकर शेड के नीचे मेट बिछाने व व्यवस्था के लिए बल्ली लगाने का काम चलता रहा। टेंट का काम मलिक टेंट हाउस को दिया गया है। शेड के नीचे करीब 300 मेट बिछाए गए हैं।

chat bot
आपका साथी