Karwa chauth 2021: करवा चौथ पर बना रहा शुभ योग, सूर्य देव की भी होगी विशेष कृपा, जानिए क्‍या है मुहूर्त

इस बार करवा चौथ पर शुभ योग बन रहा है। करवा चौथ में चंद्रमा के साथ सूर्य देव की भी विशेष कृपा मिलेगी। पांच साल पहले इस तरह का शुभ योग करवा चौथ के दिन बना थाा। रात 8 बजकर 11 मिनट पर चंद्रमा के दर्शन होंगे।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 10:36 AM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 03:50 PM (IST)
Karwa chauth 2021: करवा चौथ पर बना रहा शुभ योग, सूर्य देव की भी होगी विशेष कृपा, जानिए क्‍या है मुहूर्त
जानिए करवा चौथ में शुभ योग और मुहूर्त।

कुरुक्षेत्र, जागरण संवाददाता। कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी 24 अक्टूबर 2021 दिन रविवार को पड़ रही है। खास बात ये है कि पांच साल बाद फिर करवा चौथ पर शुभ योग बन रहा है। करवा चौथ पर इस बार रोहिणी नक्षत्र में पूजन होगा, तो वहीं रविवार का दिन होने की वजह से सूर्य देव का भी व्रती महिलाओं को आशीर्वाद प्राप्त होगा। करवा चौथ के दिन सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र की कामना के लिए निर्जला व्रत रखती हैं और रात में चांद देखने के बाद व्रत खोला जाता है। गायत्री ज्योतिष अनुसंधान केंद्र के संचालक ज्योतिषाचार्य डा. रामराज कौशिक ने बताया कि पांच साल बाद करवा चौथ रविवार को पड़ रहा है। आठ अक्टूबर 2017 को रविवार के दिन ये व्रत रखा गया था।

इस साल 24 अक्टूबर 2021 को भी रविवार का दिन है। रविवार का दिन सूर्य देव को समर्पित होता है। सूर्य देव के आरोग्य और दीर्घायु का आशीर्वाद प्रदान करते हैं। इस दिन महिलाएं सूर्य देव का पूजन कर पति की दीर्घायु की कामना करें। शुभ मुहूर्त में पूजन करने से व्रती महिलाओं की हर इच्छा पूरी होगी।

शुभ मुहूर्त

ज्योतिषाचार्य डा. रामराज ने बताया कि रोहिणी नक्षत्र में चांद निकलेगा और पूजन होगा। कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि इस साल 24 अक्टूबर रविवार को सुबह 3:01 बजे शुरू होगी। जो अगले दिन 25 अक्टूबर को सुबह 5:43 बजे तक रहेगी। इस दिन चांद निकलने का समय 8 :11 बजे है। पूजन के लिए शुभ मुहूर्त 24 अक्टूबर को शाम 06:55 से 08:51 तक रहेगा।

करवा चौथ व्रत की पूजा विधि

सुबह सूर्योदय से पहले उठकर स्नान कर लें। इसके बाद सरगी के रूप में मिला हुआ भोजन करें, पानी पीएं और गणेश जी की पूजा करके निर्जला व्रत का संकल्प लें। इसके बाद शाम तक न तो कुछ खाना और नहीं पीना है। पूजा के लिए शाम के समय एक मिट्टी की वेदी पर सभी देवताओं की स्थापना कर इसमें करवा रखें। एक थाली में धूप, दीप, चंदन, रोली, सिंदूर रखें और घी का दीपक जलाएं. पूजा चांद निकलने के एक घंटे पहले शुरू कर दें। इसके बाद चांद के दर्शन कर व्रत खोलें।

ये काम न करें

1. करवा चौथ के दिन देर तक न सोएं क्योंकि व्रत की शुरुआत सूर्योदय के साथ ही हो जाती है।

2. पूजा-पाठ में भूरे और काले रंग को शुभ नहीं माना जाता है। हो सके तो इस दिन लाल रंग के कपड़े ही पहनें क्योंकि लाल रंग प्यार का प्रतीक माना जाता है।

3. इस दिन महिलाओं को घर के किसी भी सोते हुए सदस्य के उठाना नहीं चाहिए। हिंदू शास्त्रों के अनुसार करवा चौथ के दिन किसी सोते हुए व्यक्ति को नींद से उठाना अशुभ होता है।

4. सास की दी गई सरगी करवाचौथ पर शुभ मानी जाती है। व्रत शुरू होने से पहले सास अपनी बहू को कुछ मिठाइयां, कपड़े और श्रृंगार का सामान देती है। सरगी का भोजन करें और भगवान की पूजा करके निर्जला व्रत का संकल्प लें।

5. व्रत करने वाली महिलाओं को अपनी वाणी पर नियंत्रण रखना चाहिए। महिलाओं को घर में किसी बड़े का अपमान नहीं करना चाहिए।

6. शास्त्रों में कहा गया है कि करवा चौथ व्रत के दिन महिलाओं को पति से झगड़ा नहीं करना चाहिए। झगड़ा करने से आपको व्रत का फल नहीं मिलेगा।

7. करवाचौथ के व्रत के दिन सफेद चीजों का दान करने से बचें। जैसे सफेद कपड़े, दूध, चावल, दही और सफेद मिठाई दान न करें।

8. आज के दिन नुकीली चीजों के इस्तेमाल से बचें. सुई-धागे का काम न करें। कढ़ाई, सिलाई या बटन टाकने का आज के दिन न करें तो अच्छा है।

करवा चौथ के दिन राशि के अनुसार वस्त्र पहनने से वैवाहिक जीवन खुशहाल रहता है।

किस राशि काे कैसे रंग के कपड़े पहनने चाहिए

1. मेष राशि की महिलाएं करवा चौथ के दिन गोल्डन रंग की साड़ी, लहंगा या सूटकर पूजा करें।

2. वृषभ राशि की महिलाओं का सिल्वर रंग के वस्त्र धारण करना शुभ रहेगा।

3. करवा चौथ के दिन मिथुन राशि की महिलाएं हरे रंग के वस्त्र धारण करें।

4. कर्क राशि के लिए करवा चौथ के दिन शुभ रंग लाल है।

5. सिंह राशि वालों के लिए लाल, ऑरेंज या गोल्डन रंग के वस्त्र शुभ माने जाते हैं।

6. करवा चौथ के दिन कन्या राशि की महिलाएं लाल, हरी या गोल्डन रंग की साड़ी पहनें।

7. तुला राशि की महिलाएं लाल, गोल्डन या सिल्वर रंग के वस्त्र धारण करें।

8. वृश्चिक राशि की महिलाओं के लिए लाल रंग सबसे उत्तम माना जाता है। इस दिन आप महरून या गोल्डन रंग के कपड़े पहनकर पूजा कर सकती हैं।

9. धनु राशि की महिलाओं को आसमानी या पीले रंग के वस्त्र धारण करने की सलाह दी जाती है।

10. मकर राशि वालों के लिए नीला रंग शुभ माना जाता है।

11. कुंभ राशि की महिलाएं नीले रंग या सिल्वर कलर के वस्त्र धारण कर सकती हैं।

12. मीन राशि की महिलाएं पीले या गोल्डन कलर के कपड़े पहनकर पूजा करें। मान्यता है कि ऐसा करने से आपकी सभी मनोकामनाएं पूरी होंगी।

करवाचौथ व्रत कथा

पौराणिक कथा के अनुसार, इंद्रप्रस्थपुर में एक ब्राह्मण रहता था, उसके साथ पुत्र और एक वीरावती नाम की पुत्री थी। इकलौती पुत्री होने के कारण वे सभी की लाडली थी। ब्राह्मण ने अपनी बेटी का विवाह एक ब्राह्मण युवक से कर दिया था। शादी के बाद वीरावती पहली करवाचौथ पर मायके आई हुई थी। उसने पति की लंबी उम्र के लिए मायके में ही व्रत रख लिया। वीरावती भूख-प्यास बर्दाश्त नहीं कर सकी और मूर्छित होकर गिर गई। भाइयों से बहन की ऐसी हालत देखी नहीं गई। बहन की हालत देख भाइयों ने उसका व्रत खुलवाने की सोची। उन्होंने एक दीपक जलाकर पेड़ के पीछे छलनी में रख दिया और बहन को बोला की चांद निकल आया है। वीरावती ने छत पर जाकर चंद्र दर्शन किए और पूजा पाठ करने के बाद नीचे आकर खाना खाने बैठ गई। वीरावती के भोजन शुरू करते ही पहले कौर में बाल आया, दूसरे में छींक आ गई और तीसरे कौर में उसे अपने ससुराल से निमंत्रण आ गया। ससुराल का निमंत्रण पाते ही वीरावती भागी-भागी वहां पहुंची। वहां जाते ही उसने देखा कि उसका पति मृत है। पति को इस हालत में देख वो व्याकुल होकर रोने लगी। वीरावती की ऐसी हालत देखर इंद्र देवता की पत्नी देवी इंद्राणी उसे सांत्वना देने वहां पहुंच गई और उसे उसकी भूल का अहसास दिलाया। इतना ही नहीं, उन्होंने वीरवती को करवाचौथ के साथ-साथ पूरे साल आने वाली चौथ के व्रत रखने की सलाह दीद्ध वीरवती ने ऐसा ही किया और व्रत के पुण्य से उसकी पति को फिर से जीवनदान मिल गया।

chat bot
आपका साथी