मायके का कहकर गई पत्नी मिली प्रेमी के घर, पति लेकर लौटने लगा तो नहर में लगा दी छलांग

करनाल की महिला करीब 20 दिन पहले ससुराल से मेरठ रोड स्थित गांव में अपने मायके के लिए गई थी। उसने पति के साथ-साथ अन्य ससुरालजनों को भी यही कहा था। उसके पति का कहना है कि सभी यही सोचते रहे कि वह मायके ही गई हुई है।

By Naveen DalalEdited By: Publish:Sat, 04 Dec 2021 09:15 PM (IST) Updated:Sat, 04 Dec 2021 09:15 PM (IST)
मायके का कहकर गई पत्नी मिली प्रेमी के घर, पति लेकर लौटने लगा तो नहर में लगा दी छलांग
नहर में महिला की तलाश करते हुए गोताखोर प्रगट सिंह।

करनाल, जागरण संवाददाता। करनाल में एक महिला के कथित प्रेम प्रसंग का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। महिला मायके जाने के लिए ससुराल से गई, लेकिन किसी अन्य गांव में प्रेमी के घर मिली। उसे लेकर पति लौटने लगा तो मोबाइल गिरने का बहाना कर नहर में छलांग लगा दी, जिसका शनिवार देर शाम तक भी सुराग नहीं लग पाया। घटना शुक्रवार देर रात की है।

पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार

बताया जा रहा है कि शहर की एक कालोनी वासी 29 वर्षीय महिला करीब 20 दिन पहले ससुराल से मेरठ रोड स्थित गांव में अपने मायके के लिए गई थी। उसने पति के साथ-साथ अन्य ससुरालजनों को भी यही कहा था। उसके पति का कहना है कि सभी यही सोचते रहे कि वह मायके ही गई हुई है। वह उससे मोबाइल पर बातचीत भी करता रहा। लेकिन वह उस समय हैरान रह गया जब शुक्रवार को उसे किसी ने बताया कि उसकी पत्नी निसिंग क्षेत्र के गांव बस्तली में किसी के घर रह रही है। यह जानकर वह हैरान रह गया। पहले उन्हें यकीन नहीं हुआ और फिर वह अपनी मां को साथ लेकर बस्तली पहुंच गया। जहां से वह अपनी पत्नी को बाइक पर लेकर लौट रहा था। रात करीब नौ बजे जब वह कैथल पुल एसवाईएल नहर पर पहुंचा तो उसने अचानक ही कहा कि उसका मोबाइल गिर गया है। उसने कुछ कदम आगे बाइक रोकी और वह मोबाइल लेने के बहाने बाइक से उतर गई। पुल पर जाते ही उसने नहर में छलांग लगा दी। यह देख वे सन्न रह गए और शौर मचाया। उन्होंने तत्काल ही पुलिस को सूचना दी तो थाना रामनगर से पुलिस भी पहुंची, लेकिन रात होने के चलते उसकी तलाश नहीं की जा सकी। वहीं शनिवार सुबह फिर तलाश शुरू की और शाम तक जारी रखी, जिसके बावजदू कोई सुराग नहीं लग पाया। उधर प्रगट गोताखोर का कहना है कि रविवार को भी सर्च अभियान चलाया जाएगा।

हर पहलू से की जा रही मामले की जांच : एसएचओ

रामनगर थाना एसएचओ सतपाल सिंह का कहना है कि सूचना मिलते ही रात को ही पुलिस पहुंच गई थी। सुबह होते ही सर्च अभियान शुरू किया, लेकिन महिला का सुराग नहीं लग पाया। महिला दो बच्चों की मां है। उसके पति ने बताया कि वह मायके जाने के लिए कहकर गई थी और मोबाइल गिरने का बहाना कर नहर में छलांग लगा दी। पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

chat bot
आपका साथी