कोरोना महामारी के बीच रोडवेज की पहल, 5 मिनी बसों को बनाया एंबुलेंस

कैथल में कोरोना महामारी में रोडवेज ने बड़ा कदम उठाया है। रोडवेज ने पांच मिनी बसों को एंबुलेंस में तब्‍दील कर दिया है। एंबुलेंस में तब्दील की गई मिनी बसों को रोडवेज विभाग जल्द ही सौंपेगा स्वास्थ्य विभाग को।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Tue, 11 May 2021 05:51 PM (IST) Updated:Tue, 11 May 2021 05:51 PM (IST)
कोरोना महामारी के बीच रोडवेज की पहल, 5 मिनी बसों को बनाया एंबुलेंस
कैथल में रोडवेज ने मिनी बसों को एंबुलेंस में तब्‍दील किया।

कैथल, जेएनएन। कोरोना महामारी के बढ़ रहे मामलों के बीच अब रोडवेज विभाग भी आगे आया है। जिसके तहत डिपो द्वारा मिनी बसों में अस्थायी रूप से बेड स्थापित कर एंबुलेंस बनाया जाएगा। यहां पर बेड के साथ ऑक्सीजन सिलेंडर भी लगाए गए हैं। विभाग ने बसों को एंबुलेंस बनाने का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। जिसे जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए छह कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। इनमें सुपरवाइजर महाबीर प्रसाद, वेल्डर रोनकराम, सूरजभान, महेंद्र प्रशांत, भारत कुमार व अनिल अरोड़ा शामिल हैं। बसों के एंबुलेंस बनाने के बाद स्वास्थ्य विभाग को सौंपा जाएगा।

एंबुलेंस की कमी की रहती है समस्या 

जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना महामारी के मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग के पास एंबुलेंस की कमी भी है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग सभी मरीजों को समय पर एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध नहीं करवा पा रहा है। बता दें कि रोडवेज से पहले पुलिस प्रशासन ने भी स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करने के लिए पांच गाडिय़ाें को कोरोना मरीजों के लिए एंबुलेंस बनाकर लगाया गया है। अब रोडवेज ने भी स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस के माध्यम से सहयोग करने का फैसला लिया है।

एंबुलेंस के रूप में प्रयोग की जाएंगी पांच बसें

रोडवेज महिलाओं के लिए आरक्षित पांच मिनी बसों को एंबुलेंस के रूप में प्रयोग करेगा। लॉकडाउन के लगने से पहले इन बसों को जिले में अलग-अलग रूटों पर महिलाओं के लिए चलाया जा रहा था। परंतु अब कोरोना संकट के बीच इन बसों को कोरोना मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। 

बसों में यह रहेगी व्यवस्था

एंबुलेंस की कमी के बीच मिनी बसों में सीटों को उतार यहां ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ बेड स्थापित किए जाएंगे। एक बस में कुल चार बेड बनाए जाएंगे। इनकी लंबाई छह फीट व चौड़ाई चार फीट रहेगी। दोनों तरफ बेड स्थापित किए जाएंगे, जबकि बीच में जगह को खाली छोड़ा जाएगा। जिसमें मरीज आ जा सके।

मिनी बसों को एंबुलेंस में तब्दील करने का आदेश मुख्यालय की ओर से जारी किया गया है। सभी को आदेश जारी किए कि मिनी बसों को एंबुलेंस के रूप में उपयोग किया जाए। इन बसों को एंबुलेंस बनाकर स्वास्थ्य विभाग को सौंपा जाएगा। पांच मिनी बसों को एंबुलेंस बनाने का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इसे जल्द ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सौंपा जाएगा।

- अजय गर्ग, डिपो महाप्रबंधक, कैथल।

chat bot
आपका साथी