भ्रष्टाचार की जांच में दिनभर लगती रही आंच

दस्तावेज के अनुसार पार्क में मिट्टी भरत चारदीवारी ग्रिल की पैमाइश की। टीम ने पंजाबी धर्मशाला की साइट का भी जायजा लिया। दोनों निर्माण कार्यो पर अब तक हुए खर्च के मूल्यांकन (असेसमेंट) का डाटा इकट्ठा किया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 02 Apr 2021 06:36 AM (IST) Updated:Fri, 02 Apr 2021 06:36 AM (IST)
भ्रष्टाचार की जांच में दिनभर लगती रही आंच
भ्रष्टाचार की जांच में दिनभर लगती रही आंच

जागरण संवाददाता, समालखा : करनाल से आई सीएम फ्लाइंग टीम के नगर पालिका पहुंचने पर हड़कंप मच गया। टीम जेई अंकित छौक्कर को अपने साथ लेकर आई थी। उनसे रेलवे पार्क और पंजाबी धर्मशाला के बारे में पूछताछ की। जांच के लिए जरूरी दस्तावेज लिए। दस्तावेज के अनुसार पार्क में मिट्टी भरत, चारदीवारी, ग्रिल की पैमाइश की। टीम ने पंजाबी धर्मशाला की साइट का भी जायजा लिया। दोनों निर्माण कार्यो पर अब तक हुए खर्च के मूल्यांकन (असेसमेंट) का डाटा इकट्ठा किया। इसके बाद एक्सपर्ट से काम का मूल्यांकन करवाया जाएगा।

खुफिया विभाग सहित पार्षद व आमलोगों ने पालिका प्रधान और अधिकारियों पर रेलवे की जमीन पर बन रहे रेलवे पार्क और बिहोली रोड की धर्मशाला में काम से अधिक की पेमेंट ठेकेदार को करने का आरोप लगाया था। उन्होंने सीएम विंडो, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री अनिल विज, सीएमओ आदि को शिकायत देकर जांच की फरियाद की थी। उनका आरोप था कि सभी के तालमेल से ठेकेदार को अधिक पेमेंट की गई। टीम उसी की जांच करने आई थी।

काम से अधिक की पेमेंट का है आरोप

पालिका रेलवे की 5.5 एकड़ जमीन पर 1.65 करोड़ की लागत से पार्क का निर्माण करवा रही है। पार्क में मिट्टी भरत के साथ चहारदीवारी और ग्रिल लगाने का काम हुआ है। उसके अधिकांश काम लंबित पड़े हैं। फिर भी ठेकेदार को 1.13 करोड़ की पेमेंट कर दी गई है। यही हाल पंजाबी धर्मशाला का है। 90 लाख की लागत से दो मंजिली इमारत बननी है। अभी पूरा ढांचा भी खड़ा नहीं हुआ है, लेकिन ठेकेदार को करीब 81 लाख रुपये की पेमेंट कर दी गई है। दोनों काम एक ही ठेकेदार के पास है।

पैमाइश कर रहे हैं

फ्लाइंग टीम का नेतृत्व कर रहे जांच अधिकारी राममेहर ने बताया कि अभी रेलवे पार्क और धर्मशाला के दस्तावेजों और कामों की जांच की जा रही है। पैमाइश कर इसके खर्च का मूल्यांकन किया जाएगा। उसके बाद उचित और अनुचित पेमेंट का पता चलेगा। आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

काम को अधिक बता रही नपा

पालिका के तकनीकी अधिकारी रेलवे पार्क के 70 तो धर्मशाला के 87 प्रतिशत काम होने की बात कह रही है, जबकि मौका मुआयना से यह प्रतीत नहीं होता है, जिससे लोगों ने इसकी शिकायत की है। काम के एक साल से अधिक समय से बंद होने के बाद भी लगातार पेमेंट से लोग हैरान हैं।

chat bot
आपका साथी