पार्टी सिंबल पर पंचायत, जिला परिषद, नगर परिषद के चुनाव लड़ेगी इनेलो : अभय चौटाला

अभय चौटाला जींद पहुंचे। इनेलो की जिलास्तरीय कार्यकर्ता मीटिंग ली। कहा कि ओमप्रकाश चौटाला को साजिश के तहत कांग्रेस ने फंसाया था। दुर्भावना को छिपाने के लिए कांग्रेसी उनसे सात प्रश्न पूछ रहे हैं। कांग्रेस का भूपेंद्र हुड्डा गुट अंदरखाते भाजपा से मिला हुआ है।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Mon, 28 Jun 2021 05:03 PM (IST) Updated:Mon, 28 Jun 2021 05:03 PM (IST)
पार्टी सिंबल पर पंचायत, जिला परिषद, नगर परिषद के चुनाव लड़ेगी इनेलो : अभय चौटाला
जींद में इनेलो कार्यकर्ताओं की जिला स्तरीय बैठक में पहुंचे अभय सिंह चौटाला।

जागरण संवाददाता, जींद। इनेलो प्रधान महासचिव एवं पूर्व विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पंचायत, नगर परिषद, जिला परिषद के चुनाव इनेलो सिंबल पर लड़ेगी। सोमवार को इनेलो की जिलास्तरीय कार्यकर्ता मीटिंग में अभय सिंह चौटाला जींद पहुंचे थे।

इस अवसर पर बोलते हुए अभय सिंह चौटाला ने कहा कि कांग्रेस ने जान-बूझकर एक षड्यंत्र के तहत सीबीआई से मिलकर चौधरी ओमप्रकाश चौटाला को जेल करवाने का काम किया था। आज कांग्रेसी नेता इस बात की झूठी सफाई देते फिर रहे हैं कि जिस समय जेबीटी भर्ती घोटाले का केस दर्ज हुआ, उस समय प्रदेश में इनेलो की सरकार हुआ करती थी। दुर्भावना को छिपाने के लिए उनसे सात प्रश्न पूछ रहे हैं। लेकिन वो कांग्रेस से पूछना चाहते हैं कि पहली एफआइआर में चौधरी ओमप्रकाश चौटाला का नाम नहीं था। जो एक षड्यंत्र के तहत 2007 में मामला दर्ज करवाया गया था। उस समय प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्यमंत्री थे।

कांग्रेस का हुड्डा ग्रुप भाजपा से मिला हुआ

अभय ने कांग्रेस से सवाल पूछा कि क्या कांग्रेस भाजपा से मिली हुई है या नहीं, इस बात का कोई भी कांग्रेसी जवाब नहीं दे पाएगा। क्याेंकि अनेको ऐसे उदाहरण हैं जो यह साबित करने के लिए काफी हैं कि कांग्रेस का भूपेंद्र हुड्डा गुट अंदरखाते भाजपा से मिला हुआ है। गठबंधन सरकार पर निशाना साधते हुए अभय चौटाला ने कहा कि आज प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार से तंग है। जनता ने कांग्रेस के शासन से दुखी होकर प्रदेश में बीजेपी को बहुमत दिया था। लेकिन अब प्रदेश की जनता पहले की ही तरह तंग है और इनेलो से जुड़ने के लिए तत्पर है। प्रत्येक जिले में विभिन्न दलों को छोड़कर सैकड़ाें कार्यकर्ता इनेलो में अपनी आस्था व्यक्त कर रहे हैं।

इनेलो में शामिल हुए कई कार्यकर्ता 

सोमवार को बैठक के दौरान नरवाना से बलराज दनौदा रिटायर्ड एडीओ अपने साथियाें सहित जेजेपी छोड़कर इनेलो में शामिल हुए। वहीं पूर्व सरपंच कली राम दनौदा खुर्द ने भी इनेलो में अपनी आस्था जताई। वहीं प्रदीप, विरेद्र, राजपाल करसिंधु ने भी परिवार सहित दूसरी पार्टी छोड़कर इनेलो में आस्था जताई। किसान नेता नवीन झांझ, जस्सु संगतपुरा, मोहित ढुल, किसान नेत्री सुदेश कंडेला ने भी इनेलो में आस्था जताई। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रकाश भारती, राष्ट्रीय संगठन सचिव श्याम सिंह राणा, जिला प्रभारी पूर्व विधायक ओमप्रकाश गोरा, जिलाध्यक्ष रामफल कुंडू, पूर्व विधायक डॉ. सीता राम, प्रदेश प्रवक्ता विजेंद्र रेढू, महिला प्रदेशाध्यक्ष सुमित्रा देवी मौजूद रही।

पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी