सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के बीच जाकर उजागर करें इनेलो कार्यकर्ता : चौटाला

इनेलो के प्रधान महासचिव अभय चौटाला शाहाबाद पहुंचे। कोविड सुरक्षा के नाम पर सरकार को पूरी तरह से असफल बताया है। कहा कि धान घोटाला रजिस्ट्री घोटाला सरसों का घोटाला गेहूं खरीद घोटाला जैसे अन्य घोटालों की जांच को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 09:10 AM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 09:10 AM (IST)
सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के बीच जाकर उजागर करें इनेलो कार्यकर्ता : चौटाला
अभय सिंह चौटाला ने इनेलो पदाधिकारियों को संगठन को मजबूत बनाने का पाठ पढ़ाया।

कुरुक्षेत्र/शाहाबाद, जेएनएन। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने शनिवार को शाहाबाद जीटी रोड पर एक निजी संस्थान में पहुंचकर कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की बैठक ली। संगठन को मजबूत करने का पाठ पढ़ाया।

अभय चौटाला ने कहा कि सरकार का एक तिहाई कार्यकाल पूरा हो चुका है और अब वक्त आ चुका है कि इनेलो कार्यकर्ता जनता की बीच जाकर सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करें। उन्होंने कहा कि जो लोग किसी के गुमराह करने से गलतफहमी के कारण पार्टी को छोड़कर चले गये थे, वे सभी बड़ी संख्या के साथ वापस इनेलो में आ गए हैं और आ रहे हैं। इनेलो पहले से ज्यादा मजबूत संगठन के रूप में सामने आ रहा है। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा के राज में धान घोटाला, रजिस्ट्री घोटाला, सरसों का घोटाला, गेहूं खरीद घोटाला जैसे अन्य घोटालों की जांच को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। इससे सरकार की नीयत जनता के सामने स्पष्ट हो गई है।

दो साल से कंट्रोवर्सी के शिकार हैं विज

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि उन्हें प्रदेश के गृहमंत्री अनिल विज पर पर तरस आता है, विज साहब पिछले दो साल से अपनी ही सरकार की कंट्रोवर्सी का शिकार हैं, अगर उनकी सरकार में सुनवाई नही है तो उन्हें मंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अनिल विज उनके पुराने साथी हैं और उन्होंने राजनीति पटल पर मजबूत नेता के रूप में देखा गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे मंत्रीपद का कोई फायदा नहीं जिसमें रोज बेइज्जत होना पड़े।

सरकार ने खाया युवाओं का रोजगार

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने का वादा करने वाली गठबंधन सरकार ने युवाओं का रोजगार खाने का काम किया है। उन्होंने कोविड सुरक्षा के नाम पर सरकार को पूरी तरह से असफल बताया है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि लाकडाउन के दौरान सत्तासीन लोगों ने शराब और रजिस्ट्री घोटाले कर करोड़ों रुपये डकार लिए हैं। इस अवसर पर बूटा सिंह लुखी, गगनजोत संधू, सूरजभान रतनगढ़, मनजीत सिंह, संदीप अजराना व जयपाल चढूनी मौजूद रहे।

करनाल में बोले अभय, अपने कामों पर पर्दा डाल रही सरकार

करनाल में संगठनात्मक मजबूती के ध्येय को अपनाए रखने की सीख के साथ इंडियन नेशनल लोकदल नेता अभय सिंह चौटाला ने कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि पार्टी को वार्ड स्तर मजबूत करना है। गांव दर गांव जाकर संगठन को मजबूत करना है। इसके साथ ही जनहित के मुद्दों पर हमेशा मुखर रहना है। उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर सरकार को जमकर घेरा।

पेट्रोल डीजल के दामों पर सरकार को घेरा

इनेलो नेता ने शनिवार को सेक्टर 12 स्थित जाट धर्मशाला में कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने कहा कि सीएम अपने कामों पर सुनियोजित ढंग से पर्दा डालने का काम कर रहे हैं। सरकार ने 600 दिन में हुए घोटालों के लिए जांच के आदेश दे दिए, लेकिन कार्रवाई किसी पर नहीं हुई। पेट्रोल डीजल के बढ़ते दामों पर सरकार को घेरते हुए कहा कि जनता महंगाई में दबती जा रही है और सरकार जनता की सुध नहीं ले रही है।

भाजपा नेताओं पर साधा निशाना

अभय चौटाला ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नेता जब सत्ता में नहीं होते तो प्रदर्शन करते हैं। बाद में सत्ता जब मिल जाती है तो लोगों को लूटने का काम किया जाता है। किसानों की तरफ से विधायकों के विरोध पर अभय चौटाला ने कहा कि यह विरोध तो छोटा है। किसानों को बड़ा विरोध करना चाहिए।

मिल्खा सिंह के निधन पर जताया शोक

उड़न सिख मिल्खा सिंह के निधन पर चौटाला ने कहा कि वह महान शख्सियत थे। उन्होंने भारत का नाम विश्व के पटल पर चमकाने का काम किया है। उन जैसा महान धावक शायद ही भारत में पैदा हो। हम पूरी पार्टी की तरफ से उनको श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। इस दौरान जिला प्रधान यशवीर राणा, पूर्व विधायक रेखा राणा, जयवीर वाल्मीकि, रामकुमार ऐबला, जयपाल पुनिया, ओमप्रकाश सलूजा व सुरजीत संधू मौजूद रहे।

पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी