यमुनानगर में कोरोना संक्रमण का बढ़ा खतरा, इन सुरक्षा उपकरणों की मांग भी बढ़ी

हरियाणा के यमुनानगर में कोरोना संक्रमण का खतरा लगातार बढ़ रहा ळै। मार्च में 1776 लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। अप्रैल में अब तक 947 केस मिले हैं। ऐसे में सुरक्षा उपकरणों की भी डिमांड बढ़ती जा रही है।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Fri, 09 Apr 2021 05:46 PM (IST) Updated:Fri, 09 Apr 2021 05:46 PM (IST)
यमुनानगर में कोरोना संक्रमण का बढ़ा खतरा, इन सुरक्षा उपकरणों की मांग भी बढ़ी
यमुनानगर में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ा।

यमुनानगर, जेएनएन। कोरोना संक्रमण की स्थिति गंभीर होती जा रही है। लगातार बढ़ रहे केसों का असर लोगों के जनजीवन पर पडऩे लगा है। अब लोगों ने भी दिनचर्या में बदलाव कर लिया है। पहले के मुकाबले अब लोग मास्क का अधिक प्रयोग करने लगे हैं। गत वर्ष की तरह ही सैनिटाइजेशन पर ध्यान दिया जा रहा है। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है। अप्रैल माह से ही मेडिकल स्टोरों पर सुरक्षा उपकरणों की मांग बढ़ चुकी है। इसके साथ ही निजी व सरकारी अस्पतालों में भी डिमांड बढ़ रही है। अस्पतालों में सर्जिकल मास्क, फेसशील्ड, सैनिटाइजर, रेमडेसिविर इंजेक्शन व फेविफ्लू टैबलेट की मांग बढ़ी है। मेडिकल स्टोरों से आमजन सुरक्षा में प्रयोग होने वाले मास्क, सैनिटाइजर, फेसशील्ड खरीद रहे हैं।

मार्च माह में ही 1776 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें से 1152 मरीज ठीक हुए हैं। खतरा अभी बढ़ता जा रहा है। अप्रैल माह में अब तक 947 केस मिल चुके हैं। 744 मरीज ठीक हुए हैं। जिस तरह से संक्रमण की रफ्तार बढ़ रही है। उसे देखकर लग रहा है कि अप्रैल माह में ही यह आंकड़ा दो हजार से ऊपर पहुंच जाएगा।

लाइफ सेविंग किट की भी बढ़ी मांग

मेडिकल स्टोर संचालक अमित जैन ने बताया कि कोरोना संक्रमण की लहर बेहद तेजी से चल रही है। ऐसे में लोग एहतियात बरत रहे हैं। अब गंभीर भी हो गए हैं। इसलिए ही मार्च माह से मास्क, सैनिटाइजर, सर्जिकल मास्क, फेसशील्ड व अन्य दवाइयों की डिमांड बढ़ गई है। लाइफ सेङ्क्षवग किट की डिमांड भी 35 से 40 फीसद तक बढ़ चुकी है।

पुलिस ने बढ़ा दी चालान की गति

मास्क न पहनने वालों पर भी पुलिस सख्ती बरत रही है। जिस तरह से कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। उसी तरह से पुलिस ने भी मास्क को लेकर चालान काटने की गति बढ़ा दी है। मार्च माह की बात करें, तो पुलिस ने एक मार्च से 16 मार्च तक अभियान चलाया। इस दौरान 2603 लोगों के बिना मास्क के चालान किए। 20 मार्च से अब तक की बात करें, तो 70 हजार लोगों के बिना मास्क के चालान काटे जा चुके हैं। अप्रैल माह की बात करें, तो एक अप्रैल से लेकर सात अप्रैल तक 1788 लोगों के चालान किए जा चुके हैं।

यह है फिलहाल कोरोना की स्थिति

माह - संक्रमित    - ठीक हुए  - रिकवरी दर - पॉजिटिविटी रेट

मार्च - 1776    - 1152   - 90.76      - 3.77

अप्रैल - 947    - 744   - 89.54      - 3.55

सिविल सर्जन डा. विजय दहिया ने बताया कि यह सही बात है। इस समय कोरोना पूरी रफ्तार से आ रहा है।ऐसे में लोगों को बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है। इससे बचाव के लिए मास्क व दो गज की दूरी का पालन करना अनिवार्य है। पात्रता के दायरे में आने वाले लोग टीका लगवाए। तभी कोरोना से बचा जा सकेगा।

chat bot
आपका साथी