Yamunanagar Traffic Route: यमुनानगर के लोगों के लिए जरूरी खबर, बंद रहेंगे सात रेलवे फाटक, एंट्री के केवल दो रास्‍ते

हरियाणा के यमुनानगर के लोगों के लिए जरूरी खबर है। आज यमुनानगर में सात रेलवे फाटक बंद रहेंगे। शहर में आने जाने के लिए केवल दो ही रास्‍ते खुले रहेंगे। निर्माण कार्य की वजह से ये फैसला लिया गया है।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 09:13 AM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 09:13 AM (IST)
Yamunanagar Traffic Route: यमुनानगर के लोगों के लिए जरूरी खबर, बंद रहेंगे सात रेलवे फाटक, एंट्री के केवल दो रास्‍ते
यमुनानगर में सात रेलवे फाटक आज बंद रहेंगे।

यमुनानगर, जागरण संवाददाता। यमुनानगर की सात रेलवे फाटकों को आज से निर्माण कार्य के चलते बंद किया जाएगा। रेलवे सभी फाटकों को मानव रहित करने के लिए काम शुरू करेगा। इनमें से छह फाटकों पर अंडरब्रिज व पुराना रादौर रोड फाटक पर ओवरब्रिज बनाया जाएगा। उत्तर प्रदेश समेत रेलवे लाइन के दूसरी तरफ से आने वाले जो लोग इन फाटकों से होकर शहर में एंट्री करते थे उनकी परेशानी बढ़ने वाली है। क्योंकि शहर में आने के लिए उन्हें अब कई किलोमीटर लंबा सफर तय करना पड़ेगा। शहर में एंट्री के लिए कम दूरी तय करने पर केवल दो ही विकल्प मिलेंगे। इनमें एक रादौर रोड स्थित विश्वकर्मा चौक से महाराणा प्रताप चौक के बीच बना फ्लाईओवर व दूसरा फर्कपुर अंडरपास। इसके बाद सहारनपुर-पंचकूला बाईपास पर पड़ने वाले गांव सुढल या फिर कैल से ही जगाधरी से होते हुए शहर में आना जाना किया जा सकता है।

शहर में पहले से रहता है जाम

फ्लाईओवर व फर्कपुर के अंडरपास पर पहले से ही भीड़ रहती है। इसलिए सभी फाटकों के बंद होने से जाम लगना शुरू हो जाएगा। जहां पर अंडर ब्रिज बनाया जाना है। उनमें यमुनानगर-जगाधरी-वर्कशाप रेलवे लाइन पर पड़ने वाले 99-सी और 100-सी फाटक शामिल हैं। इसके अलावा फाटक नंबर-97-सी और 97-एसी और जगाधरी वर्कशाप से दराजपुर के बीच रेलवे लाइन पर पड़ने वाले फाटक नंबर 101-सी और 103-सी पर अंडरपास का निर्माण किया जाएगा। वहीं पुराना रादौर रोड की फाटक नंबर 98-बी पर रेलवे ओवरब्रिज बनाया जाएगा।

फ्लाईओवर के विरोध में दुकानदार

पुराने रादौर रोड फाटक पर बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज यानि ओआरबी का स्थानीय दुकानदार विरोध कर रहे हैं। पुराना रादौर रोड बाजार शहर का सबसे बड़ा थोक व रिटेल बाजार है। दुकानदारों का कहना है कि फ्लाईओवर का डिजाइन सही नहीं है। इससे बाजार खत्म हो जाएगा। इससे वाहनों की भीड़ कम होने की बजाय बढ़ जाएगी। हरियाणा उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र मित्तल का कहना है कि वर्तमान डिजाइन के अनुसार यह फ्लाईओवर बाजार की तरफ उतारा जा रहा है। यहां पहले से ही काफी कम जगह है। हम लंबे समय से आरओबी के नक्शे में बदलाव करते हुए इसे औद्योगिक क्षेत्र में उतारने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांग पर अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।

दुर्घटनाओं में आएगी कमी : पार्थ गुप्ता

डीसी पार्थ गुप्ता का कहना है कि रेलवे की ओर से सभी फाटकों पर अंडरपास व आवश्यकतानुसार ओवरब्रिज बनाए जा रहे हैं। ताकि रेलवे लाइन पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सकें। उत्तर रेलवे अंबाला छावनी द्वारा जिले में सात रेलवे फाटकों पर यातायात बंद करने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र मांगा गया था। इन फाटकों पर 20 सितंबर से यातायात का आवागमन बंद कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। वैकल्पिक मार्गों पर यातायात सुचारू रखने के लिए चौक-चौराहों पर पुलिस तैनात की जाएगी।

chat bot
आपका साथी