पानीपत में हत्‍या, 50 वर्षीय पत्‍नी के चरित्र पर करता था शक, 20 वार कर चाकू से गोद दिया

पानीपत की पति ने चरित्र संदेह होने पर पत्‍नी की हत्‍या कर दी। घटना पानीपत के राजनगर की है। पत्‍नी संतोष के शरीर पर चाकू से 20 से ज्यादा वार के निशान हैं। आरोपित पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Thu, 10 Jun 2021 11:49 AM (IST) Updated:Thu, 10 Jun 2021 11:49 AM (IST)
पानीपत में हत्‍या, 50 वर्षीय पत्‍नी के चरित्र पर करता था शक, 20 वार कर चाकू से गोद दिया
पानीपत में पति ने पत्‍नी को मार डाला।

पानीपत, जेएनएन। राजनगर में चरित्र संदेह में पति विनोद ने अधेड़ पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोपित ने गर्दन, पेट, बाजू, जांघ और शरीर के हर अंग पर चाकू से तब तक वार किए जब तक पत्नी का दम नहीं निकल गया। महिला के शरीर पर 15 से 20 चाकू के वार के निशान हैं। बड़ा बेटा घर लौटा तो आरोपित ने चाकू दिखाते हुए कहा कि तेरी मम्मी का काम तमाम कर दिया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपित विनोद ने बताया कि वह मंगलवार को रेलवे रोड रेहड़ी से चाकू खरीदकर लाया था। तभी से उसने पत्नी की हत्या की साजिश रची, लेकिन मारने का मौका नहीं मिला। बुधवार को पत्नी घर में अकेली थी तभी चाकू से ताबड़तोड़ वार कर मार डाला। राजनगर की गली नंबर 4 के विकास कुमार ने बताया कि उसका छोटा भाई विशाल है। वे दोनों भाई अविवाहित हैं। सबसे छोटी बहन रुचि की गाजियाबाद में शादी हो चुकी है। बहन तीन महीने से ससुराल से उनके पास आई है।

बहन को दो दिन बाद सुसराल जाना था। वह बहन को कपड़े दिलवाने के लिए बाजार गया था। पिता विनोद और मां 50 वर्षीय संतोष में अक्सर झगड़ा होता था। पिता शराब पीकर चरित्र संदेह में मां के साथ मारपीट करता था। बुधवार को भी दोनों में झगड़ा हुआ था। छोटा भाई विशाल भी घर से बाहर था। विशाल ने घर पहुंचकर फोन से उसे सूचना दी कि पिता ने मां की हत्या कर दी है ।

वह बहन के साथ घर पहुंचा तो मां फर्श पर खून से लथपथ पड़ी थी। मां की मौत हो चुकी थी। पिता खून से सना चाकू लेकर पास में बैठा था। छोटे भाई विशाल ने रोते हुए बताया कि पिता ने मां को चाकू से गोदकर मार डाला। पापा ने चाकू दिखाते हुए कहा कि तेरी मम्मी का काम तमाम कर दिया है। माडल टाउन थाना प्रभारी योगेश कटारिया ने बताया कि वारदात के बाद आरोपित भागने की फिराक में था। बेटे विकास ने सूचना दी। इसके बाद आरोपित को आठ मरला क्षेत्र से चाकू सहित गिरफ्तार किया।

बेटे फैक्ट्री में करते हैं काम, नशे का आदी है विनोद

विकास और विशाल दोनों भाई फैक्ट्री में काम करके परिवार को गुजारा कर रहे हैं। विनोद पहले मजदूरी करता था। शराब के नशे का आदी होने के कारण काम छूट गया। अक्सर पत्नी संतोष से शराब के लिए रुपये भी मांगता था। न देने पर मारपीट करता था।

चरित्र संदेह में ढाई महीने में पांच हत्या, दो आत्महत्या

-बिहोली गांव का अनिल पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी को लेकर 18 अप्रैल को अनिल ने दो बेटों व एक बेटी की नहर में फेंककर हत्या कर दी और खुद जहर खाकर जान दे दी।

-सिवाह गांव के रमेश के चरित्र पर पत्नी अन्नू शक करती थी। इसी से आहत राजेश ने 3 जून को पत्नी और बेटे कविश की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।

chat bot
आपका साथी