Murder: भाई की शादी को 20 हजार रुपये पत्‍नी ने मांगे, पति ने गला दबा मार डाला

यमुनानगर में पति ने पत्‍नी की गला दबाकर हत्‍या कर दी थी। महिला पिंकी ने भाई की शादी में जाने के लिए पति से 20 हजार रुपये मांगे थे। दोनों की करीब डेढ़ साल पहले ही लव मैरिज हुई थी। मामला यमुनानगर के भगवती कालोनी का है।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Wed, 01 Dec 2021 05:10 PM (IST) Updated:Wed, 01 Dec 2021 05:10 PM (IST)
Murder: भाई की शादी को 20 हजार रुपये पत्‍नी ने मांगे, पति ने गला दबा मार डाला
पत्‍नी की गला दबाकर हत्‍या कर दी।

यमुनानगर, जागरण संवाददाता। गांधीनगर थाना क्षेत्र की भगवती कालोनी निवासी 23 वर्षीय पिंकी की हत्या के आरोप में पति विक्रम पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। बुधवार को उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया। हालांकि इस दौरान उसके मायके वाले नहीं पहुंचे थे। पुलिस ने मायके वालों को बुलाने के लिए कई बार काल की, लेकिन उन्होंने यहां आने से साफ इंकार कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि पिंकी के भाई की आठ दिसंबर को शादी होनी है। वह अपने भाई की शादी में जाने व खरीददारी करने के लिए पति विक्रम से 20 हजार रुपये मांग रही थी। जिसको लेकर ही उनके बीच विवाद हुआ। इसी विवाद में उसने चुन्नी से गला दबाकर पिंकी की हत्या कर दी।

गुरुग्राम के सेक्टर नौ निवासी पिंकी ने करीब डेढ़ वर्ष पहले विक्रम से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से ही वह विक्रम के साथ यहां भगवती कालोनी में किराये के मकान में रह रही थी। इस शादी से उनके पास एक छोटी बच्ची है। विक्रम प्लाईवुड फैक्ट्री में कार्य करता है। मंगलवार को पिंकी कमरे में मृत पड़ी हुई थी। उसका पति संस्कार की तैयारी कर रहा था। इस दौरान शक होने पर मकान मालिक कृष्ण कुमार ने पुलिस को सूचना दी थी। जिसके बाद पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मृतका के गले पर निशान बने हुए थे। जिससे पुलिस ने हत्या की आशंका जताई थी। मकान मालिक कृष्ण कुमार ने भी पुलिस को बताया कि दो दिन पहले पिंकी ने उसे पति से विवाद के बारे में बताया था।

फेसबुक पर हुई थी दोनों की दोस्ती

फेसबुक पर पिंकी व विक्रम के बीच दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों आपस में बातचीत करने लगे। बाद में उन्होंने प्रेम विवाह कर लिया था। इसके बाद से ही उसका मायके वालों से संपर्क कम ही रहा। उसकी सास सरिता ने बताया कि शादी के बाद पिंकी केवल एक बार ही मायके गई थी। उसके मायके वाले भी यहां पर कभी नहीं आए थे। जिस समय उसकी मौत हुई। वह घर पर नहीं थी। विवाद के बारे में उसने कुछ जानकारी होने से इंकार कर दिया। हालांकि पोस्टमार्टम के बाद पिंकी के शव को उसकी सास व देवर लेकर गए। उन्होंने ही संस्कार किया। वहीं गांधीनगर थाना के प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि मृतका के मायके वालों को यहां बुलाने के लिए कई बार काल की गई, लेकिन वह नहीं आए। मामले में आरोपित पति पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। इस घटना के बाद से ही वह फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।

chat bot
आपका साथी