Honey Trap Case: महिला ने बिछाया हनीट्रेप का जाल, शारीरिक संबंध बना शुरू किया ब्लैकमेलिंग का खेल

कैथल में हनीट्रेप का मामला सामने आया है। महिला ने पहले युवक के साथ सहमति से शारीरिक संबंध बनाए और अब युवक पर शादी करने का दबाव डाल रही है। इतना ही नहीं मांग पूरी नहीं करने पर वह आत्महत्या करने की धमकी भी दे रही है।

By Rajesh KumarEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 02:33 PM (IST) Updated:Mon, 29 Nov 2021 02:33 PM (IST)
Honey Trap Case: महिला ने बिछाया हनीट्रेप का जाल, शारीरिक संबंध बना शुरू किया ब्लैकमेलिंग का खेल
कैथल में महिला ने युवक से ब्लैकमेलिंग कर ऐंठे 50 लाख रुपये।

कैथल, जागरण संवाददाता। कैथल में एक महिला ने युवक से दोस्ती कर सहमति के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद उक्त महिला ने युवक को हनीट्रैप में फंसा दिया और ब्लैकमेल करके पैसे ऐंठती रही। अब तक 50 लाख रुपये ले चुकी है। अब युवक पर शादी रचाते हुए पत्नी बनाकर चंडीगढ़ में मकान बनाने की जिद पर अड़ी है। मांग पूरी नहीं करने पर आत्महत्या की धमकी दी जा रही है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीड़ित युवक की शिकायत पर आरोपित महिला, उसके भाई व भाभी के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।

ये है पूरा मामला

पुलिस को दी शिकायत में ढांड रोड स्थित एक कालोनी निवासी युवक ने बताया कि उसने वर्ष 2015 से चंडीगढ़ में रहना शुरू किया था। वह सेक्टर 22 में मोबाइल खरीदने व बेचने का काम करता है। इस दौरान 16 दिसंबर 2017 को वह अपने मित्र आशीमा, महक व लाड़ा के साथ होप हाइवे क्लब गया था। जहां इन्होंने उसकी मुलाकात एक महिला से करवाई। वह मोहाली में एक क्लब में काम करती थी। उस रोज महिला का जन्म दिन था। इसके बाद वह महिला के संपर्क में आ गया। वे दोनों अच्छे दोस्त बन गए। उसने महिला को बता दिया था कि वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं।

इसके बावजूद महिला ने उसके साथ नजदीकी बढ़ाई और वह उससे मिलने उसके घर पर आने लगी। उन दोनों में सहमति से शारीरिक संबंध बन गए। इसके बाद इस महिला ने उससे आर्थिक सहायता लेनी शुरू कर दी। बाद में वह पूर्ण रूप से उसी पर निर्भर हो गई। उसने कुल 50 लाख रुपये आरोपित महिला को दिए। यह अधिकतर राशि नकद किसी दोस्त या रिश्तेदार के माध्यम से दिए। इसके बाद महिला ने उसे झूठे केस में फंसाने व उसके फोटो को उसके परिजनों को भेजने की धमकी देने लगी और अपनी मांगें पूरी करवाने लगी।

महिला के खाता में भी जमा करवाई राशि

शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अपने ड्राइवर के माध्यम से उसके कार लोन खाते में एक लाख 18 हजार व 47000 रुपये 28 अप्रैल 2021 को जमा करवाए। महिला, उसके भाई व भाभी ने दबाव डालकर उससे आरोपित महिला का ब्यूटी पार्लर भी खुलवाया। जिस पर उसका 10 से 11 लाख रुपये खर्च आया। आरोपित समय-समय पर उससे बहाने बनाकर पैसे ऐंठते रहे। 14 अगस्त 2021 को उसका चालक आरोपित महिला को पांच लाख रुपये देकर आया।

अब तीनों आरोपित उस पर दबाव डाल रहे हैं कि वह महिला से शादी करें और उसे चंडीगढ़ में मकान बना कर दे। ऐसा नहीं करने पर उसके विरुद्ध दुष्कर्म के आरोप में केस दर्ज करवा देंगे। चार नवंबर को उक्त आरोपित उसके कैथल में फार्म हाउस पर आकर उससे पैसे मांगने लगी। इसके बाद आठ नवंबर को वह फिर से कैथल में पिहोवा चौक पर आकर मिलने की जिद करने लगी। जब उसने उससे मिलने से मना कर दिया तो उसने उसकी फोटो उसकी पत्नी को भेज दी। साथ ही वह अपनी मांग पूरी न होने पर आत्महत्या की भी धमकी दे रही है। वह उसकी मांग को पूरा करने में असमर्थ है।

आरोपितों के विरुद्ध केस दर्ज

सिविल लाइन थाना प्रभारी निर्मल कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर जांच की जा रही है।

chat bot
आपका साथी