Monsoon update: मानसून में हरियाणा के ये चार जिले सबसे कम भीगे, 24 घंटे बाद खत्म होगा बारिश का इंतजार

हरियाणा में मंगलवार को सावन की पहली बरसात हुई। जुलाई में सबसे ज्यादा बारिश मेवात में हुई। फरीदाबाद अंबाला पंचकूला और सिरसा में सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई है। पूरे प्रदेश में 29 जुलाई को मूसलाधार बारिश की संभावना है।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 04:13 PM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 04:13 PM (IST)
Monsoon update: मानसून में हरियाणा के ये चार जिले सबसे कम भीगे, 24 घंटे बाद खत्म होगा बारिश का इंतजार
मानसून में हरियाणा में अब तक सामान्य से 15 फीसद ज्यादा बारिश हुई है।

जागरण संवाददाता, करनाल। हरियाणा में मानसून की बरसात ज्यादातर हिस्सों में अच्छी हुई है। महज चार जिलों फरीदाबाद, अंबाला, पंचकूला और सिरसा को छोड़कर सभी जिलों में सामान्य या इससे अधिक बरसात हुई है। कई ऐसे जिले भी हैं, जहां बरसात सरप्लस भी हुई है।

मंगलवार को सावन की पहली बरसात हुई है। इससे हरियाणा के कई जिलों में सावन की झड़ी लगी हुई है। बरसात से मौसम खुशगवार हो गया। अधिकतम तापमान गिरकर 29.0 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं न्यूनतम 26.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय नमी की मात्रा 100 फीसद दर्ज की गई। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक, आने वाले 24 घंटे में तेज बरसात हो सकती है। 29 जुलाई तक बरसात का सिलसिला जारी रह सकता है।

जुलाई में मेवात में सबसे ज्यादा बारिश

जुलाई माह में अब तक सबसे ज्यादा बरसात मेवात जिले में दर्ज की गई है। यहां सामान्य से 446 मिलीमीटर अधिक बरसात दर्ज की गई है। प्रदेश में जुलाई माह में अब तक 177.1 एमएम बरसात होनी चाहिए थी, लेकिन उससे अधिक 204.0 एमएम बरसात हो चुकी है। यह सामान्य से 15 फीसद अधिक है। हालांकि 27 जुलाई को भी बरसात जारी है। यह आंकड़ा 20 प्रतिशत से अधिक हो सकता है।

मानसून सक्रियता के बाद भी इन जिलों पर ज्यादा प्रभाव नहीं

मौसम विभाग के मुताबिक, फरीदाबाद में अब तक 156.2 एमएम बरसात होनी चाहिए थी, जो 121.5 एमएम हुई। यानि सामान्य से 22 फीसदी कम बरसात हुई है। अंबाला जिले में 254.4 एमएम बरसात होनी चाहिए थी, जो 124 एमएम हुई, यहां पर सामान्य से 51 फीसदी बरसात कम हुई है। सिरसा के हालात पर गौर किया जाए तो अब तक 74 फीसद बरसात होनी चाहिए थी, लेकिन 24.4 एमएम ही हो पाई है, यानि सामान्य से 67 फीसदी कम बरसात हुई है। इसी प्रकार सबसे कम बरसात पंचकुला में हुई है। यहां पर अब तक 260.4 एमएम बरसात हुई है, जिसमें से 67.1 एमएम ही हो पाई है। जो सामान्य से 74 फीसदी कम हुई है।

पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी