जीवट हैं हरियाणा के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री अनिल विज, लो आक्‍सीजन लेवल के बावजूद लोगों की सुनते रहे समस्‍याएं

हरियाणा के गृह एवं स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री अपनी जीवटता के लिए मशहूर हैं और उन्‍हाेंने इसका फिर से प्रदर्शन किया। अनिल विज का आक्‍सीजन लेवल लो हो गया था और वह आक्‍सीजन सिलेंडर के जरिये सांस ले रहे थे। इसके बावजूद वह लोगों की समस्‍याएं सुनते रहे।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Sat, 10 Jul 2021 06:00 AM (IST) Updated:Sat, 10 Jul 2021 07:04 AM (IST)
जीवट हैं हरियाणा के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री अनिल विज, लो आक्‍सीजन लेवल के बावजूद लोगों की सुनते रहे समस्‍याएं
आक्‍सीजन लेवल कम हो जाने के बावजूद लोगों की समस्‍याएं सुनते हरियाणा के गृह एवं स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री अनिल विज।

अंबाला, जागरण संवाददाता। हरियाणा के गृह एवं स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री अनिल विज अपने खास अंदाज और जीवटता के लिए मशहूर हैं। विज इसका नमूना एक बार फिर यहां शुक्रवार को दिखाया। उनका आक्सीजन लेवल कम हो गया था और डाक्टरों ने उनको आराम की सलाह दी। विज आक्सीजन सपोर्ट पर थे, बावजूद इसके उन्होंने अपने शास्त्री कालोनी स्थित आवास पर लोगों की समस्याएं सुनीं।

आक्सीजन सपोर्ट पर विज को डाक्टरों ने आराम की सलाह दी, बोले- सुनेंगे लोगों की समस्‍याएं

दरअसल, दो दिन पहले विज अंबाला छावनी में निर्माणाधीन वार हीरोज स्टेडियम का निरीक्षण करने पहुंचे थे। थकावट के कारण उनका आक्सीजन लेवल कम होने लगा। वापस लौटे तो चिकित्सकों ने चेक किया और आराम करने की सलाह दी। इसके बावजूद शुक्रवार को आक्सीजन सपोर्ट पर विज ने लोगों की समस्याएं सुनीं। डॉक्टरों ने कुछ दिनों तक बेहतर स्वास्थ्य के लिए आक्सीजन सपोर्ट पर आराम करने की सलाह दी है। इतना ही नहीं विज ने अधिकारियों से बैठक भी की।

विज ने एसपी हामिद अख्तर से भी जिले की कानून व्यवस्था को लेकर चर्चा की। उन्होंंने कहा कि वह किसी भी कीमत पर गुंडागर्दी नहीं होने देंगे। दरअसल, कुछ दिन पहले दुकानों पर कब्जे करने का मामला सुर्खियों में आया था। विज ने दैनिक जागरण से बातचीत में माना कि डाक्टरों ने आराम करने की सलाह दी है लेकिन वह बोले, अंबाला नहीं प्रदेश से लोग उम्मीद रखकर आते हैं। ऐसे में उनकी बात सुने बिना वह कैसे रह सकते हैं, लोग उम्मीद लेकर ही आते हैं।

बता दें कोरोना को हराने पर मेदांता अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी विज आक्सीजन सपोर्ट पर रहे थे। इसके बावजूद उन्‍होंने अंबाला छावनी के सुभाष पार्क में चल रहे कार्य का निरीक्षण किया था। उस समय वह  पैदल चल ही रहे थे और पीछे उनकी गाड़ी में आक्सीजन सिलेंडर रखा था। कुछ आगे ही बढ़े थे कि आक्सीजन सपोर्ट की पाइप उनकी कार के टायर में फंस गई थी। इससे मंत्री को परेशानी हुई थी लेकिन सुरक्षा कर्मियों व एसडीएम सचिन गुप्ता ने पाइप को ठीक कर दिया था।

chat bot
आपका साथी