राहत भरी खबर, ग्रुप डी भर्ती के ग्रेडेशन बनाने को लेकर आए आवेदनों की कैथल में जांच शुरू

ग्रुप डी के लिए आए आवेदनों की खेल विभाग ने जांच शुरू कर दी है। आवेदनों की जांच के लिए खेल प्रशिक्षकों की कमेटी बनाई गई है। महीने के दूसरे और चौथे मंगलवार को अंबाला मंडल में बनेंगे ग्रेडेशन।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 10:38 AM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 10:38 AM (IST)
राहत भरी खबर, ग्रुप डी भर्ती के ग्रेडेशन बनाने को लेकर आए आवेदनों की कैथल में जांच शुरू
ग्रुप डी भर्ती के लिए आवेदनों की जांच।

कैथल, जागरण संवाददाता। कैथल में जिला खेल विभाग की तरफ से ग्रुप डी की भर्ती को लेकर आए आवेदनों की जांच का कार्य शुरू कर दिया है। आवेदनों की जांच के लिए स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षकों की कमेटी गठित की हुई है। कमेटी में अलग-अलग खेलों के प्रशिक्षकों को शामिल किया गया है। विभाग के पास ग्रेडेशन बनवाने के लिए 17 आवेदन आए हुए हैं। इनमें से 12 ग्रुप डी के हैं और पांच अन्य खेलों के हैं। जांच कमेटी में डिलिंग मुकेश देवी, हैंडबाल कोच डा. राजेश कुमार, वालीवाल कोच कर्मवीर सिंह, कबड्डी कोच रोहताश, खो-खो कोच अनिल कुमार को शामिल किया गया है।

बता दें कि सरकार की तरफ से 2018 की ग्रुप डी की भर्ती को लेकर हरियाणा के 657 युवाओं की प्रतीक्षा सूची जारी की थी। इन युवाओं को 31 अक्टूबर तक 25 मई 2018 की नई खेल नीति के हिसाब से अपना ग्रेडेशन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन करना है। इस सूची में कैथल के 39 युवा शामिल हैं। 39 में से 12 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने नई खेल नीति के तहत 2018 के बाद अपने ग्रेडेशन प्रमाण पत्र बनवाए हैं।

महीने में दो दिन बनेंगे ग्रेडेशन

खेल विभाग की तरफ से मंडल स्तर पर प्रमाण पत्र बनाने का फैसला लिया हुआ है। खिलाड़ी को पहले जिला स्तर पर आवेदन करना होता है। उसके बाद जिला स्तर पर बनाई गई प्रशिक्षकों की कमेटी आवेदन की जांच करती है। जांच के बाद निर्धारित किए गए दिन को मंडल स्तर पर जाकर प्रमाण पत्र बनवाए जाते हैं। कैथल के लिए अंबाला मंडल में महीने का दूसरा और चौथा मंगलवार तय किया हुआ है। हरियाणा के सभी जिलों को अंबाला, रोहतक, हिसार और गुरुग्राम मंडल में बांटा गया है।

ये हैं प्रमाण पत्र के फायदे

खिलाड़ियों के लिए प्रमाण पत्र के बहुत फायदे होते हैं। जो खिलाड़ी किसी कालेज में स्पोर्ट्स कोटा में दाखिला लेना चाहता है, इसके लिए यह प्रमाण पत्र बहुत जरूरी है। सरकारी नौकरियों में भी स्पोर्ट्स कोटा होता है। उसमें आवेदन करने के लिए भी खिलाड़ी के पास भर्ती की श्रेणी के हिसाब से ए, बी, सी और डी प्रमाण पत्र होना जरूरी है। सरकार की ओर से भी इन्हें विभिन्न प्रकार की सुविधाएं दी जाती हैं।

जिला खेल अधिकारी सतविंद्र गिल ने बताया कि ग्रेडेशन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए 17 आवेदन आए हुए हैं। सभी आवेदनों की जांच शुरू की जा चुकी है। इनमें से 12 आवेदन ग्रुप डी की भर्ती के लिए आए हुए हैं। जांच के बाद मंडल स्तर पर ग्रेडेशन बनवा दिए जाएंगे।

chat bot
आपका साथी