किसानों की बल्ले-बल्ले, पिछले साल की तुलना में धान की 1509 किस्म के दाम में दोगुना उछाल

किसानों के लिए अच्‍छी खबर है। धान की किस्‍म 1509 के दामों में तेजी से उछाल आया है। मंडी में आवक आने के साथ-साथ दाम बढ़ने से किसानों में खुशी है। 3200 रुपये प्रति क्विंटल तक मिल रहे दाम। पिछले साल इसका दाम 1800-1900 रुपये तक गया था।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Thu, 16 Sep 2021 10:56 AM (IST) Updated:Fri, 17 Sep 2021 08:43 AM (IST)
किसानों की बल्ले-बल्ले, पिछले साल की तुलना में धान की 1509 किस्म के दाम में दोगुना उछाल
यमुनानगर की अनाज मंडी में पहुंचा धान।

यमुनानगर, जागरण संवाददाता। धान की 1509 किस्म इस बार किसानों की बल्ले-बल्ले कर रही है। दाम भी बेहतर हैं और पैदावार भी। रादौर व जगाधरी अनाज मंडी में आवक शुरू हो गई है। हालांकि फिलहाल आवक कम है, लेकिन एक सप्ताह में बढ़ सकती है। क्योंकि खेतों में फसल पककर तैयार है। मौसम साफ होते ही कटाई जोर पकड़ेगी। आढ़तियों के मुताबिक तीन हजार से 3200 रुपये प्रति क्विंटल तक इस किस्म की धान बिक रही है, जबकि गत वर्ष 1800-1900 रुपये तक रही। अच्छे दाम मिलने से किसान खुश हैं। बता दें कि जिला में पांच हजार हेक्टेयर से अधिक एरिया में धान की यह किस्म है।

मौसम रहा अनुकूल

इस बार मौसम धान की अगेती किस्म के लिए काफी अनुकूल रहा है। इसका कारण बारिश का कम होना बताया जा रहा है। हालांकि गत कई दिन से रुक रुककर हो रही बारिश का सिलसिला जारी है, लेकिन फसल के तैयार होने से पहले बारिश कम हुई। फसल लेकर आए किसान राम पाल, सुखबीर सिंह व हरी राम ने बताया कि गेहूं की कटाई के बाद उन्होंने 1509 की अगेती बिजाई की थी। अगेती फसल लेने से उन्हें एक फसल अधिक लेने का अवसर मिलता है। धान की कटाई के उपरांत वे अपने खेतों में आलू, तोरी या अन्य सब्जियों की बिजाई कर सकते हैं।

90 दिन में पककर तैयार

किसानों का कहना है कि धान की 1509 किस्म किसानों के लिए काफी फायदेमंद हैं। यह किस्म कम अवधि की है। 90 दिन में पककर तैयार हो जाती है। फिलहाल रादौर व जगाधरी अनाज मंडी में ही इस किस्म की धान पहुंच रही है। हर दिन 10-15 हजार बोरी हर दिन पहुंच रही हैं। धान में नमी की मात्रा फिलहाल अधिक है। बिकने से पहले फसल को सुखाना पड़ रहा है। इसकी खरीद भी प्राइवेट खरीदारों द्वारा की जा रही है। हालांकि सीजन के शुरुआती चरणों में 1509 वैरायटी का भाव 2000 था लेकिन बाद में बढ़ता चला गया। उप्र के काफी किसान 1509 वैरायटी लेकर आ रहे हैं।

अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान शिव कुमार संधाला ने बताया कि धान की 1509 किस्म मंडी में पहुंचनी शुरू हुई है। इस बार दाम अच्छे मिल रहे हैं। प्रति क्विंटल दामों में गत वर्ष के बजाय बढ़ोतरी है। आगामी दिनों में आवक और भी बढ़ने की संभावना है।

chat bot
आपका साथी