शादी के नाम पर ठगी का खेल, दुल्‍हन गई मायके, अब लौटने से कर रहे मना, दूल्‍हे ने दर्ज कराया केस

कैथल में शादी के नाम लोगों के साथ ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय। शादी के नाम युवक से दो लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई। दुल्हन सहित छह आरोपितों पर केस दर्ज। शादी के चार दिन बाद पिता की बीमारी का बहाना बना रुपये लेकर मायके लौटी दुल्हन।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 05:04 PM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 05:33 PM (IST)
शादी के नाम पर ठगी का खेल, दुल्‍हन गई मायके, अब लौटने से कर रहे मना, दूल्‍हे ने दर्ज कराया केस
कैथल में शादी के नाम पर धोखाधड़ी का मामला।

कैथल, जागरण संवाददाता। शादी के नाम पर एक युवक से दो लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। कलायत थाना पुलिस ने शिकायत मिलने पर दुल्हन सहित छह आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जिले में इससे पहले भी ढांड पुलिस थाना में इस तरह का मामला दर्ज हो चुका है। शादी के नाम पर लोगों के साथ धोखाधड़ी करने वाला गिरोह सक्रिय है।

पुलिस को दी शिकायत में गांव चौशाला निवासी लिछमन ने बताया कि उसका 30 वर्षीय बेटा मनोज कुमार अविवाहित था। बेटे की शादी को लेकर वह रिश्ता देख रहे थे। एक दिन गांव के ही ठंडिया ने खेड़ी लांबा निवासी अजमेर सिंह से मिलवाया। कहा कि उक्त व्यक्ति लड़कों का रिश्ता करवाने का काम करता है, मनोज का भी अच्छी जगह रिश्ता करवा देगा। कुछ दिन बाद आरोपित ने पंजाब के मानस बस अड्डा रोड स्थित एक होटल में जिला फरीदकोट चौपड़ियावाला बाग गली नंबर सात निवासी जीत सिंह उर्फ सुरजीत से मिलवाया, जो दुल्हन रानी कौर का पिता है।

उक्त लोगों ने बताया कि रानी की मां का निधन हो चुका है। गांव जैतू निवासी गगनदीप व सोनी को दुल्हन के भाई व भोली उर्फ पोहली को बुआ के तौर पर मिलवाया। कहा कि दुल्हन का परिवार गरीब है, इसलिए शादी का खर्च नहीं उठा सकते। शादी पर आने वाला खर्च दूल्हे के परिवार को उठाना पड़ेगा। दोनों परिवारों में आपस में बातचीत होने के बाद रिश्ता पक्का हो गया।

15 अक्टूबर 2020 को हुई थी शादी

शिकायतकर्ता लिछमन ने बताया कि शादी पर दो लाख रुपये खर्च बताया गया। 15 अक्टूबर को शादी हुई। मनोज कुमार अपने सगे-संबंधियों के साथ बारात लेकर मानसा पहुंचा। आरोपितों को दो लाख रुपये की राशि नकदी दी, जो आरोपितों ने शादी में खर्च होने के नाम पर ली। आरोप है कि आरोपितों ने फेरे करवाने की बजाए कहा कि लड़का हिंदू व लड़की सिख है, इसलिए अलग-अलग रीति-रिवाज होने के कारण दोनों को वर-माला डालते हुए शादी करवा दी। इसके बाद मनोज दुल्हन रानी कौर को लेकर अपने घर आ गया। चार दिन बाद आरोपित गगनदीप, सोनी व पोहली घर आए। कहने लगे दुल्हन का पिता बीमार है, इसलिए उसे ले जाना जरूरी है। जब तबीयत में सुधार हो जाएगा तो वापस छोड़ जाएंगे, लेकिन दो माह बीत जाने के बाद भी दुल्हन ससुराल नहीं आई 13 जनवरी 2021 को वह मनोज को लेकर पुत्रवधु के मायके में पहुंचा जहां आरोपितों की सच्चाई सामने आई। जिस व्यक्ति जीत सिंह उर्फ सुरजीत सिंह को बीमार बताया जा रहा था वह बिल्कुल स्वस्थ मिला। आरोपितों को दुल्हन को ससुराल भेजने की बात कही तो कहा कि हम वहां रानी कौर को नहीं भेजेंगे, क्योंकि वहां का रहन-सहन पसंद नहीं आया। जब आरोपितों से पैसे वापस मांगे तो देने से इंकार कर दिया।

शादी के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय

शिकायतकर्ता ने बताया कि ने बताया कि शादी के नाम पर लोगों के साथ ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय है। यह 10-15 लोगों का एक गिरोह है, जो लोगों को शादी का झांसा देकर ठगी करते हैं। अब तक कई लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं। इनमें गांव मालखेड़ी निवासी बलजीत सिंह, कलायत निवासी सोनू, संडिल निवासी मोनू, नगुरा निवासी शिशपाल शामिल है। इन लोगों से भी आरोपितों ने शादी के नाम पर धोखाधड़ी कर पैसे हड़पे हैं।

कलायत पुलिस थाना से मामले के जांच अधिकारी एसआइ रघुबीर ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में दुल्हन सहित छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस कार्रवाई जारी है।

chat bot
आपका साथी