सफाईकर्मी ने रिश्‍तेदार क्‍या कहा, उसे पीटते हुए घसीट ले...पानीपत में इतना गुस्‍सा

रिश्तेदार कहने पर सिविल अस्पताल के सफाईकर्मी को घसीटकर पीटते हुए 50 मीटर दूर ले गए। पीड़ित व अन्य कर्मचारी मदद के लिए पुलिस पोस्ट का दरवाजा खटखटाते रहे नहीं मिली मदद। एक आरोपित होमगार्ड के जवान कृष्ण को पकड़कर पुलिस को सौंपा।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Thu, 13 May 2021 03:14 PM (IST) Updated:Thu, 13 May 2021 03:14 PM (IST)
सफाईकर्मी ने रिश्‍तेदार क्‍या कहा, उसे पीटते हुए घसीट ले...पानीपत में इतना गुस्‍सा
पानीपत सिविल अस्‍पताल परिसर में कर्मचारी से मारपीट।

पानीपत, जेएनएन। सिविल अस्पताल में ठेके पर लगे कर्मचारी ने मरीज के साथ आए युवकों को रिश्तेदार कह दिया। इसी बात से खफा युवक उस कर्मचारी को पीटते हुए 50 मीटर दूरी तक पुलिस पोस्ट के सामने ले गए। अन्य कर्मचारियों ने उन्हें आरोपितों के चंगुल से छुड़वाया। एक आरोपित को पकड़ लिया गया। कर्मचारी मदद के लिए पुलिस पोस्ट का दरवाजा खटखटाते रहे, लेकिन दरवाजा नहीं खोला। डाक्टर के काल करने पर पुलिस मौके पर पहुंची।

गढ़ीछाजू गांव के जयभगवान ने पुलिस को शिकायत दी कि वह सिविल अस्पताल में सफाईकर्मी है। बुधवार को वह रात्रि ड्युटी पर था। वीरवार अलसुबह तीन बजे इमरजेंसी गेट के पास एक मरीज के साथ चार-पांच युवक खड़े थे। पूछने पर युवकों ने बताया कि वे सोनीपत के आहुलाना गांव से हैं। उसने कहा कि बड़े भाई की शादी भी आहुलाना में हुई है। इसलिए आप रिश्तेदार लगे। युवकों ने इस पर नाराजगी जताई और उसको घसीटकर पीटते हुए जीटी रोड पर ले गए। वहां अन्य मरीजों के तीमरदारों ने अस्पताल कर्मचारियों को बताया। कर्मचारियों ने उसे छुड़वाया। चार आरोपित धमकी देकर फरार हो गए कि फिर उन्हें रिश्तेदार बताया तो जान से मार देंगे।

होमगार्ड का जवान है आरोपित

एक आरोपित खोजकीपुर गांव के कृष्ण को पकड़ लिया। आरोपित कृष्ण होमगार्ड का जवान है। डा. गौरव सगहल ने पुलिस को काल की। आरोपित कृष्ण को पुलिस के हवाले कर दिया। थाना शहर पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। इस बारे में डीएसपी मुख्यालय सतीश कुमार वत्स ने कहा कि पुलिस पोस्ट कर्मचारियों ने दरवाजा खोलकर मदद न करने की शिकायत नहीं मिली है। अगर ऐसा है तो मामले की जांच कराई जाएगी।

पुलिस पोस्ट का नहीं मिला फायदा

सिविल अस्पताल में कर्मचारियों व डाक्टरों के साथ मारपीट की घटनाओं को रोकने के लिए इसी साल अस्पताल के मेन गेट के पास पुलिस पोस्ट बना रखी है। इसके बावजूद अस्पताल में मारपीट की घटनाएं हो रही हैं। पोस्ट में तैनात एक एएसआइ ने ही सफाईकर्मी के साथ मारपीट की थी। तब खूब हंगामा हुआ था। मारपीट की बढ़ती घटनाओं से कर्मचारी सहमे हुए हैं।

chat bot
आपका साथी