Haryana Politics: तंवर के बिगड़े बोल, सत्ता में बैठे लोगों को तालिबानियों से खतरनाक बताया

Haryana Politics अपना भारत मोर्चा के संयोजक और पूर्व सांसद डा. अशोक तंवर करनाल पहुंचे। यहां पर अपना भारत मोर्चा का कार्यालय खोला। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस व भाजपा पर निशाना साधा। उन्‍होंंने सत्‍ता में बैठे लोगों को तालिबानियों से भी खतरनाक बताया।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Fri, 17 Sep 2021 04:39 PM (IST) Updated:Fri, 17 Sep 2021 04:39 PM (IST)
Haryana Politics: तंवर के बिगड़े बोल, सत्ता में बैठे लोगों को तालिबानियों से खतरनाक बताया
अपना भारत मोर्चा के संयोजक और पूर्व सांसद डा. अशोक तंवर।

करनाल, जागरण संवाददाता। Haryana Politics: अपना भारत मोर्चा के संयोजक व पूर्व सांसद डा. अशोक तंवर ने कहा कि एक तरफ सरकार जनता की सुनवाई को तैयार नहीं है तो विपक्ष उदासीन है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पार्टी होने के बावजूद यह पार्टी अपने कार्यालय तक नहीं बना पा रही। इसलिए मुख्यमंत्री के क्षेत्र करनाल में मोर्चा के कार्यालय की शुरुआत की गई है। उन्होंने सत्ता में बैठे लोगों को तालिबानियों से भी खतरनाक बताया।

शुक्रवार को कैथल रोड पर मोर्चा के कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद उन्होंने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था चौपट है। युवा परेशान हैं। उद्योग-धंधे बंद हो रहे हैं। व्यापारी पलायन कर रहे हैं। गुजरात माडल की तर्ज पर देश को लगातार लूटा गया। आज सत्ता में बैठे लोग गजनी, मोहम्मद गोरी और तालिबानियों से भी खतरनाक हैं। उन्होंने कहा कि संविधान की धज्जियां उड़ाने वालों को माकूल जवाब मिलना चाहिए। पिछले तीन दशक में हमने बहुत गौर से देखा कि लोग जनहित से किस हद तक खिलवाड़ कर रहे हैं। इसी अराजकता के खिलाफ मोर्चा गठित किया गया है। कृषि कानून विरोधी आंदोलन के बाबत उन्होंने शासन प्रशासन पर अनुचित नीति अपनाने का आरोप लगाया।

तंवर ने कहा कि प्रधानमंत्री को अपने जन्मदिन पर किसानों के हित में ऐसे कदम उठाने चाहिए, जिसके त्वरित लाभ मिलें। अगले चुनाव में किसी दल को समर्थन देने की संभावना नकारते हुए उन्होंने कहा कि अच्छे लोग अब खुद अपनी लड़ाई लड़ेंगे। कांग्रेस पर जनहित के प्रति पूरी तरह उदासीन होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस पार्टी का बेड़ागर्क होना तय है।

काफिले से दिखाई ताकत

शुक्रवार को करनाल पहुंचे पूर्व सांसद तंवर के काफिले का अच्छी संख्या में उमड़े समर्थकों ने घरौंडा टोल पर स्वागत किया। इसके बाद यह काफिला नारेबाजी के बीच कैथल रोड स्थित मोर्चा कार्यालय पहुंचा। करनाल से पहले तंवर सिरसा, नारनौल, फरीदाबाद, यमुनानगर तथा दिल्ली में भी कार्यालय खोल चुके है।

chat bot
आपका साथी