72वां वन महोत्सव मनाया, पांच हजार पौधे रोपे

थर्मल पावर स्टेशन परिसर में 72वां जिला स्तरीय वन महोत्सव मनाया गया। ग्रामीण हलके से विधायक महिपाल ढांडा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। राजकीय कन्या माडल संस्कृति स्कूल व अन्य स्कूलों की छात्राओं ने स्वागत गीत गाया। महोत्सव में पांच हजार पौधे रोपे गए।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 09:29 AM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 09:29 AM (IST)
72वां वन महोत्सव मनाया, पांच हजार पौधे रोपे
72वां वन महोत्सव मनाया, पांच हजार पौधे रोपे

संवाद सूत्र, थर्मल-मतलौडा : थर्मल पावर स्टेशन परिसर में 72वां जिला स्तरीय वन महोत्सव मनाया गया। ग्रामीण हलके से विधायक महिपाल ढांडा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। राजकीय कन्या माडल संस्कृति स्कूल व अन्य स्कूलों की छात्राओं ने स्वागत गीत गाया। महोत्सव में पांच हजार पौधे रोपे गए। हरियाणा वन एवं वन्य जीव विभाग की वृक्षारोपण एवं देखभाल नामक पत्रिका का विमोचन किया गया। प्रदेश में तीन करोड़ और पानीपत में नौ लाख पौधे इस अभियान के तहत लगाए जाएंगे।

विधायक महिपाल ढांडा ने कहा कि वनों से हमें प्राणवायु आक्सीजन, आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियां, स्वादिष्ट फल, लकड़ी ही नहीं मानसूनी बारिश लाने का वरदान भी मिलता है। आक्सीजन ही दुनिया की सबसे बड़ी उर्जा है तथा कोविड-19 ने विश्व मानव को यह बात भलीभांति समझा दी है कि जल बिना पौधों का और पौधों के बिना प्राणियों का जीवन असंभव है।

शहर के विधायक प्रमोद विज ने कहा कि प्रकृति की पूजा किसी न किसी रूप में सभी त्योहारों पर की जाती है। तुलसी विवाह इसका जीता-जागता उदाहरण है। हरियाणा सरकार ने 70 वर्ष से अधिक आयु के पौधों की बुढ़ापा पेंशन की तर्ज पर बुढ़ापा पैंशन लागू की है। पूर्व परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार ने हरियाणा में 20 प्रतिशत वन क्षेत्र होना चाहिए।

मेयर अवनीत कौर ने कहा कि पानीपत शहर में न केवल अधिक से अधिक पौधारोपण करवाया जाएगा, बल्कि सभी पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा। भाजपा जिला अध्यक्ष डा.अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से वन महोत्सव को लेकर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। डीसी सुशील सारवान ने कहा कि सड़कों के दोनों ओर अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। इस अवसर पर जिला परिषद के सीईओ विवेक चौधरी, सीटीएम रविद्र मलिक, प्रकृति प्रेमी डा.राज रमन, डा.हेमा रमन मौजूद रहीं। अधिक से अधिक पौधे रोपें

एक्सईएन गीता ने कहा कि अधिक से अधिक पौधे रोपे जाने चाहिए। पौधों के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। हमें प्रत्येक अवसर पर पौधे लगाने चाहिए। इनका संरक्षण भी करना होगा। एसई एसके मित्तल, एई भुवनेश वशिष्ठ, रवींद्र हुड्डा ने भी पौधे रोपे।

chat bot
आपका साथी