हरियाणा में अगले 24 घंटे में फिर गहरा सकती है धुंध, मंगलवार साफ रहेगा मौसम

न्यूनतम तापमान में आया उछाल। सामान्य से 2.0 डिग्री अधिक 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक सप्ताह से अधिक समय से सुबह के समय धुंध गहरा रही है और दिन के समय गर्मी का अहसास हो रहा है।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Sun, 21 Feb 2021 11:32 AM (IST) Updated:Sun, 21 Feb 2021 11:32 AM (IST)
हरियाणा में अगले 24 घंटे में फिर गहरा सकती है धुंध, मंगलवार साफ रहेगा मौसम
न्यूनतम तापमान बढ़कर 15.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अब धीरे-धीरे सर्दी अलविदा कहेगी।

पानीपत/करनाल, जेएनएन। फरवरी माह में लगातार एक सप्ताह से अधिक समय से धुंध बनी हुई है। हालांकि यह स्थिति केवल सुबह के समय ही बन रही है। करीब 11 बजे मौसम साफ हो जाता है। रविवार को भी मौसम की यही स्थिति देखने को मिली। अधिकतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.0 डिग्री उछाल के साथ 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सुबह के समय नमी की मात्रा 100 फीसदी दर्ज की गई। हवा महज 2.0 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। धुंध में सुबह के समय दृश्यता महज 10 मीटर ही दर्ज की गई।

24 घंटे में गहरा सकती है धुंध

केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में सुबह के समय धुंध फिर से गहरा सकती है। 23 को मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अब अधिकतम के साथ-साथ न्यूनतम तापमान में भी उछाल देखने को मिलेगा। रात का तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। न्यूनतम तापमान बढ़कर 15.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अब धीरे-धीरे सर्दी अलविदा कहेगी।

बदलते मौसम में रखना होगा विशेष ध्यान

सिविल सर्जन डा. योगेश शर्मा ने कहा कि मौसम बदल रहा है, ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। अभी सुबह व शाम के समय ठंड बरकरार है। इसलिए लोग ठंडी चीजों के सेवन से परहेज करें। फ्रिज में रखी चीजों को तुरंत ना खाएं, जब तक खाद्य पदार्थ का तापमान कमरे के तापमान पर नहीं आ जाता, तब तक उसका सेवन ना करें। सुबह सैर के समय शरीर को कपड़ों से कवर कर जाएं।

कुरुक्षेत्र में सुबह 10 बजे ही पारा पहुंचा 21 डिग्री के पार 

कुरुक्षेत्र में रविवार सुबह ही पारा 21 पार पहुंच गया। लोगों को गर्मी का अहसास सुबह से ही होने लगा। हालांकि न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मौसम विभाग मंगलवार को आसमान पर बादल छाने की संभावना जता रहा है। मगर बूंदाबांदी के आसार नहीं हैं। अगले एक सप्ताह में मौसम विभाग तापमान में तेजी से वृद्धि होने की संभावना जता रहा है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में गर्मी का प्रभाव बढ़ता दिखाई दे रहा है। 

बड़े और बुजुर्गों को बचाकर रखें मौसम परिवर्तन से 

छाती रोग विशेषज्ञ डा. एनके झांब ने बताया कि दिन और रात के तापमान में आधा अंतर है। जिसकी वजह से लोगों को मौसम रास नहीं आ रहा है। ऐसे में खांसी, जुकाम और बुखार के मरीज ओपीडी में बढ़े हैं। मौसम परिवर्तन हो रहा है ऐसे में बच्चे और बुजुर्गों का खासतौर पर ख्याल रखें। सुबह और रात के समय उन्हें घर से बाहर न निकलनें दें। साथ ही एलर्जी के मरीजों के लिए भी यह मौसम परेशान करने वाला है।

कैथल में धूप सेकने छतों पर पहुंचे लोग

रविवार को सुबह की शुरुआत धूप के साथ हुई। पिछले एक सप्ताह से सुबह के समय धुंध छा रही थी, धुंध छाने से वाहन चालक परेशान हो रहे थे। रविवार को सुबह ही धूप निकल आई, मौसम साफ हो गया। इससे वाहन चालकों को राहत मिली। सुबह से ही निकली तेज धूप से तापमान में बढ़ोतरी हुई। धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली। धूप खिलने के साथ ही रविवार को लोग घरों की छतों पर दिखाई दिए। डा. संदीप ने बताया कि धूप शरीर के लिए काफी जरूरी होती है। इससे हड्डियां मजबूत होती हैं। इस धूप से आम लोगों के साथ-साथ बच्चों बुजुर्गों को काफी राहत मिलेगी। सर्दी, जुकाम आदि से जूझ रहे लोगों के लिए यह धूप काफी लाभदायक है। गेहूं की फसल के लिए मौसम अच्छा रहेगा। बीमारी कम आएंगी।

chat bot
आपका साथी