Haryana weather update: धुंध व शीतलहर की चपेट में हरियाणा, 21 के बाद मिल सकती है ठंड से राहत

केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक लोगों को धुंध व ठंड से अभी राहत नहीं मिलेगी। 21 के बाद मौसम साफ होने की संभावना जताई गई है। 18 जनवरी से पहाड़ों पर जमा बर्फ की ठंडक लेकर यह हवाएं फिर से तेज रफ्तार से चलना शुरू होंगी।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Sun, 17 Jan 2021 11:58 AM (IST) Updated:Sun, 17 Jan 2021 11:58 AM (IST)
Haryana weather update: धुंध व शीतलहर की चपेट में हरियाणा, 21 के बाद मिल सकती है ठंड से राहत
ठंड से बचने के लिए लोग आग का सहारा ले रहे हैं।

पानीपत/करनाल, जेएनएन। हरियाणा सहित पूरा उत्तर भारत शीत लहर की चपेट में है। इसके साथ ही धुंध ने भी लोगों को बेहाल किया हुआ है। हालांकि रात के तापमान में आंशिक सुधार हुआ है, लेकिन दिन के तापमान में रिकार्ड गिरावट देखने को मिली है। रविवार को अधिकतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय नमी की मात्रा 100 फीसदी दर्ज की गई। रविवार सुबह 5.3 किलोमीटर प्रतिघंटा की औसत रफ्तार से चली हवाओं ने धुंध से आंशिक राहत दी है, दृश्यता पर इस स्थिति का पांच से 10 मीटर तक का फर्क पड़ा है।

18 को चलेगी तेज हवा

शनिवार रात से ही धुंध गिरनी शुरू हो गई थी, जिसका सिलसिला लगातार जारी है। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक लोगों को धुंध व ठंड से अभी राहत नहीं मिलेगी। 21 के बाद मौसम साफ होने की संभावना जताई गई है। 18 जनवरी से पहाड़ों पर जमा बर्फ की ठंडक लेकर यह हवाएं फिर से तेज रफ्तार से चलना शुरू होंगी। शुरुआत में पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में तापमान गिरेगा उसके बाद उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश फिर से प्रभावित होंगे।

22-23 को मौसम ले सकता है करवट

मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान मौसमी स्थितियों के अनुसार 21 जनवरी की रात तक एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों पर अपना प्रभाव दिखाना शुरू करेगा। इसके चलते 22 से 25 जनवरी के बीच उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर बरसात होने की संभावना है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में भी 22-23 जनवरी से मौसम करवट ले सकता है। न्यूनतम तापमान में वृद्धि हो सकती है और आंशिक बादल छा सकते हैं। 26 जनवरी से तापमान फिर से गिरेगा। यह सभी मौसमी परिदृश्य संकेत कर रहे हैं कि जनवरी के आखिर में भी कड़ाके की सर्दी जारी रहने की संभावना है। इस बार ठंड लंबी चलने का अनुमान है।

chat bot
आपका साथी