यमुनानगर में अनाजमंडी में लगी आग, मचा हड़कंप, 4 मुंशी झुलसे

यमुनानगर के रणजीतपुर की अनाज मंडी में आग लग गई थी। आग की वजह से गेहूं के अलावा जनरेटर बाइक व बारदाना जल गया। आग से हड़कंप मच गया। जब तक कोई समझ पाता चार मुंशी भी इसकी चपेट में आ गए।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Mon, 12 Apr 2021 05:07 PM (IST) Updated:Mon, 12 Apr 2021 05:07 PM (IST)
यमुनानगर में अनाजमंडी में लगी आग, मचा हड़कंप, 4 मुंशी झुलसे
यमुनानगर के रणजीतपुर की अनाजमंडी में आग लगी।

यमुनानगर, जेएनएन। उपमंडल के रणजीतपुर में बनी अनाज मंडी में रविवार दोपहर बाद आग लग गई। आग ने मंडी में खूब तांडव मचाया। आग से न केवल मंडी में आया गेहूं, बल्कि हजारों बोरी बारदाना भी जलकर राख हो गया। मंडी में खड़ी पांच बाइक भी आग की भेंट चढ़ गई। मंडी में आग बुझाने का कोई इंतजाम नहीं था। इसलिए तेज हवाओं के चलते आग ने पूरी मंडी को अपनी चपेट में ले लिया।

मंडी में रखे दस्तावेजों को समेटने में लगे आढ़तियों के चार मुंशी भी आग में झुलस गए। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। आढ़तियों ने पानी का टैंकर मंगवा कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में दमकल की दो गाडिय़ां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग लगने के बाद तहसीलदार बिलासपुर चेतना चौधरी ने मंडी का दौरा किया।

खाना बनाना हो सकता है आग का कारण

किसी को समझ नहीं आया कि अचानक मंडी में आग कैसे लग गई, परंतु आग के बाद मौके पर बर्तनों में मिला भोजन इस बात की ओर संकेत करता है कि मंडी में दोपहर के समय लेबर के लिए भोजन तैयार किया जा रहा था। भोजन मंडी में ही गड्ढा खोद कर साइड में ईंट रख कर बनाया जा रहा था। इसलिए कयास लगाया जा रहा है कि भोजन बनाते समय ही चूल्हे से आग की चिंगारी निकली और आग लग गई। वहीं शार्ट सर्किट भी आग का कारण माना जा रहा है। क्योंकि मंडी में जनरेटर चल रहे हैं। आढ़तियों के बैठने के लिए मंडी में पक्की दुकाने नहीं हैं। उन्होंने फूंस की छान बैठने के लिए बना रखी है। जिस कारण आग को फैलते देर नहीं लगी। हालांकि अधिकारी अभी जांच की करने की बात कह रहे हैं।

गेहूं से भरी छह हजार बोरियां जली

आग से गेहूं से भरी छह हजार से अधिक बोरियां जल गई। दो दिन की हड़ताल के कारण मंडी में खुले में ज्यादा गेहूं पड़ा था। आग से काफी गेहूं जल गया। इसके अलावा गेहूं भरने के लिए मंगवाया गया 50 हजार खाली बोरी का बारदाना भी जल गया। मंडी में पांच बाइक खड़ी थी। इनमें से तीन मजदूरों, एक मुंशी व एक एक्टिवा आढ़ती की थी जो आग की भेंट चढ़ गई। मंडी में रखे 10 जनरेटर, इतने ही इनवर्टर व एक दर्जन से अधिक पंखे जल गए।

बिलासपुर की गाड़ी खराब, अन्य जगहों से मंगानी पड़ी गाडिय़ां

बिलासपुर अनाज मंडी में प्रशासन ने दमकल की एक गाड़ी खड़ी कर रखी है। परंतु इस गाड़ी का पीटीओ खराब था। गाड़ी को ठीक कराने की जिम्मेदारी मार्केट कमेटी की है। परंतु इसे ठीक नहीं कराया गया। जब आग की सूचना आई तो छछरौली से गाड़ी भेजनी पड़ी। जगाधरी से उस वक्त दो गाडिय़ां अन्य जगहों पर गई हुई थी। इसलिए यहां से केवल एक गाड़ी ही जा सकी। जबकि तीसरी गाड़ी यमुनानगर केंद्र से भेजी गई। जिला दमकल अधिकारी प्रमोद दुग्गल का कहना है कि खराब गाड़ी को ठीक कराया जा रहा है। आग लगने के कारणों का पता कर रहे हैं।

पक्की दुकानों की मांग कर रहे हैं आढ़ती

रणजीतपुर अनाज मंडी में काम करने वाले आढ़ती शुभम, जसबीर, अंकुश, अमित कुमार, सतपाल, नरेश, राजकुमार, परमवीर, राहुल ने बताया कि अनाज मंडी में करीब 40 आढ़ती हैं। परंतु अभी तक उन्हें पक्की दुकानें नहीं मिली हैं। जबकि वह मार्केट कमेटी को यहां बैठने का किराया भी दे रहे हैं। दो साल पहले भी मंडी में आग लगने से सुलेख चंद आढ़ती की छान जल गई थी। रविवार को लगी आग से आढ़तियों का छानों में रखे दस्तावेज व कैश जल गया। मुंशी मोनू, असलम, अनिल, रामकुमार झुलस गए। रामकुमार तो चक्कर खाकर बेहोश हो गया।

गाड़ी खड़ी करने की मांग पूरी नहीं : दलजीत सिंह

आढ़ती एसोसिएशन बिलासपुर के प्रधान दलजीत सिंह बाजवा ने बताया कि प्रशासन से पहले भी रणजीतपुर में दमकल गाड़ी खड़ी करने की मांग की थी। क्योंकि यहां पर काफी जंगल भी है। जिस कारण आग लगने का खतरा हर समय रहता है। वहीं, आढ़तियों के बैठने के लिए भी पक्की दुकानों की व्यवस्था नहीं है। जब तक गेहूं की खरीद हो रही है तब तक प्रशासन को रणजीतपुर में दमकल गाड़ी की व्यवस्था करनी चाहिए।

एक दिन में 10 जगह लगी आग

रविवार को चली तेज हवाओं से 10 जगहों पर आग लगी। जहां पर दमकल गाड़ी भेज कर आग पर काबू पाया गया। रणजीतपुर मंडी के अलावा थर्मल पावर प्लांट के सामने गेहूं की फसल में, सरांवा में गुहारों में, छप्पर में गेहूं में, यमुनानगर गुड़ मंडी में रखे बारदाने में, बकाना में गेहूं के भूस, सुढल में झाडिय़ों में, तिगरा में गेहूं की फसल, ममीदी में कबाड़ में तथा करतारपुरा में गन्ने की फसल में आग लगी।

chat bot
आपका साथी