Festival Season: यमुनानगर में धनतेरस पर बर्तन, कार, इलेक्ट्रानिक सामान पर बरसा धन, करीब 100 करोड़ का हुआ कारोबार

यमुनानगर में विभिन्न कंपनियों की करीब 82 कारों की बिक्री हुई। इनमें पांच लाख से लेकर 20 लाख रुपये तक की कारें शामिल हैं। सबसे ज्यादा बिक्री मारूति कंपनी की कारों की हुई। पंडित टोमोबाइल जगाधरी के मैनेजर रवि गर्ग ने बताया कि...

By Naveen DalalEdited By: Publish:Tue, 02 Nov 2021 07:40 PM (IST) Updated:Tue, 02 Nov 2021 07:40 PM (IST)
Festival Season: यमुनानगर में धनतेरस पर बर्तन, कार, इलेक्ट्रानिक सामान पर बरसा धन, करीब 100 करोड़ का हुआ कारोबार
यमुनानगर में धनतेरस पर दिनभर बाजारों में जाम लगा रहा।

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। धनतेरस के दिन मंगलवार को बर्तन, कार, बाइक व इलेक्ट्रानिक सामान पर जमकर धनवर्षा हुई। देर रात तक करीब 100 करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद जताई जा रही थी। लोगों ने घर के लिए सामान की जमकर खरीदारी की। सुबह से दोपहर तक तो बाजारों में भीड़ कम रही। परंतु दोपहर बाद बाजारों में पांव तक रखने की जगह नहीं थी। धनतेरस से बाजार में कई दिनों से छाई मंदी भी दूर हो गई। दीपावली तक अच्छी बिक्री होगी। यमुनानगर रेलवे स्टेशन रोड, वर्कशाप रोड पर रमेश भगत सिंह चौक से लेकर महिला थाना तक सड़क पर पांव रखने तक की जगह नहीं थी।

दिनभर सड़कों पर रहा जाम

रेलवे स्टेशन चौक, वर्कशाप रोड के अलावा जगाधरी के खेड़ा बाजार, चौक बाजार में दिनभर जाम लगा रहा। भीड़ होने के बावजूद लोग बाजारों में कारों में खरीदारी करने पहुंचे। अतिक्रमण के कारण पहले ही सड़कें तंग हैं। ऊपर से भीड़ ज्यादा थी। इसलिए दिनभर लोग सड़कों पर जाम से जूझते रहे। जगाधरी समेत कई बाजारों में जाम खुलवाने के लिए पुलिस व होम गार्ड के जवान लगाए गए थे। जाम खुलवाने के लिए पुलिसकर्मियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।

एक दिन में बिकी 82 कारें

एक ही दिन में जिला में विभिन्न कंपनियों की करीब 82 कारों की बिक्री हुई। इनमें पांच लाख से लेकर 20 लाख रुपये तक की कारें शामिल हैं। सबसे ज्यादा बिक्री मारूति कंपनी की कारों की हुई। पंडित टोमोबाइल जगाधरी के मैनेजर रवि गर्ग ने बताया कि धनतेरस पर उम्मीद के मुताबिक कारों की सेल हुई है। लोगों ने पहले ही एडवांस बुकिंग करवा रखी थी। इस बार सीएनजी से चलने वाली कारों की डिमांड ज्यादा है। काफी लोगों को दीपावली के दिन कार की डिलीवरी दी जाएगी।

300 से अधिक बाइक बिकी

धनतेरस के दिन दोपहिया वाहनों की भी खूब सेल हुई। एजेंसी संचालकों के अनुसार सभी कंपनियों की कुल मिलाकर करीब 200 बाइक, एक्टिवा बिकी हैं। शिव शंकर होंडा एजेंसी जगाधरी के संचालक विपुल गोयल ने बताया कि केवल उन्होंने 100 बाइक धनतेरस पर बेची है। 110 सीसी से लेकर 150 सीसी तक की बाइक ज्यादा बिकी हैं। काफी वाहन फाइनेंस किए गए।

खूब बिके बर्तन

बर्तन नगरी के नाम से मशहूर जगाधरी में भी दिनभर ग्राहकों की रौनक रही। ग्राहकों की संख्या ज्यादा होने के कारण बर्तन बाजारों में खूब भीड़ रही। सारा दिन बाजार में जाम लगा रहा। जगाधरी के रेलवे बाजार स्थित एमआर मेटल के संचालक दिनेश गर्ग व गौरव गर्ग का का कहना है कि एल्यूमीनियम के बर्तनों की मांग कुछ साल से कम हाे रही है। इसी बजाय लोग स्टील, कांसा व पीतल के बर्तन खरीद रहे हैं। इस बार नए डिजाइनदार बर्तन आए हैं। कांसा के 51 बर्तनों का सेट 40 से 50 हजार रुपये में मौजूद है। क्योंकि लोग अब अपने स्वास्थ्य को देखते हुए बर्तन खरीदते हैं। गिफ्ट देने के लिए भी लोग कांसा के बर्तन ज्यादा खरीद रहे हैं। इसके अलावा क्राकरी में नोरी टाके के बर्तन पहली बार जगाधरी में आए हैं। पहले इन्हें खरीदने के लिए लोग दिल्ली व चंडीगढ़ जाते थे।

इलेक्ट्रानिक सामान की भी खूब हुई सेल

बर्तन व वाहनों के बाद सबसे ज्यादा सेल इलेक्ट्राानिक सामान की हुई। गर्ग मोटर यमुनानगर के संचालक वरूण गर्ग ने बताया कि उन्होंने एक दिन में काफी एलइडी, वाशिंग मशीन व फ्रिज बेचे हैं। इन दिनों शादियों के भी काफी शुभ महुर्त हैं। इसलिए लोगों ने अपनी बेटियों की शादी में देने के लिए भी आज ही के दिन सामान खरीदा। क्योंकि धनतेरस पर सामान खरीदना अति शुभ माना जाता है।

ज्वेलरी खरीदने के लिए भी लगी भीड़

सोने व चांदी खरीदने के लिए भी दुकानों पर लोगों की भीड़ देखने को मिली। लोगों ने सोने, चांदी से बने सिक्के भी खरीदे। इन दिनों सोने की कीमत 46 हजार रुपये प्रति ताेला है। जबकि गत वर्ष यह 55 हजार रुपये था। लोगों ने सोने के कंगन, हार, अंगूठी, झुमके खरीदे।

chat bot
आपका साथी