ट्रैक्टर परेड के लिए किसानों का दिल्ली कूच जारी, करनाल में नेशनल हाईवे पर लगा जाम

ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर पूरे प्रबंधों के साथ दिल्ली जाने वाले किसानों में बच्चों से लेकर महिलाएं भी शामिल हैं। जबकि राह में उनके लिए चायपान से लेकर खाने-पीने के लिए कर्ण लेक के साथ-साथ बसताड़ा टोल प्लाजा पर भी व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Sun, 24 Jan 2021 05:55 PM (IST) Updated:Sun, 24 Jan 2021 05:55 PM (IST)
ट्रैक्टर परेड के लिए किसानों का दिल्ली कूच जारी, करनाल में नेशनल हाईवे पर लगा जाम
गतका प्रतियोगिता में खूब दिखाए जौहर, नुक्कड़ नाटक भी किया।

पानीपत/करनाल, जेएनएन। कृषि कानूनों के विरोध में गणतंत्र दिवस पर 26 जनवरी को दिल्ली में प्रस्तावित ट्रैक्टर रैली को लेकर किसान लगातार दिल्ली के लिए कूच कर रहे हैं। दिन-रात यह सिलसिला जारी है। पिछले दो दिन में ही हजारों की संख्या में किसान दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे से गुजर चुके हैं, जिसके चलते जाम जैसे हालात बने हुए है। वहीं रविवार को किसानों के लिए खास तौर पर टोल के समीप बने स्टेज पर गतका प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें पंजाब और हरियाणा के विभिन्न जिलों के अलावा दिल्ली तक के युवाओं ने पूरे जोशोखरोश से भाग लिया। 

महिलाएं और बच्चे भी शामिल

ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर पूरे प्रबंधों के साथ दिल्ली जाने वाले किसानों में बच्चों से लेकर महिलाएं भी शामिल हैं। जबकि राह में उनके लिए चायपान से लेकर खाने-पीने के लिए कर्ण लेक के साथ-साथ बसताड़ा टोल प्लाजा पर भी व्यापक प्रबंध किए गए हैं। रविवार को दिल्ली की ओर जाने वाले किसानों के उत्साह को देखते हुए बसताड़ा टोल प्लाजा पर गतका प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें पंजाब के विभिन्न जिलों के साथ कईं राज्यों से आई टीे शामिल हुईं।

युवाओं ने दिखाए गतके के जौहर

इस दौरान युवाओं ने गतका का जोरदार प्रदर्शन करने के साथ-साथ सामाजिक समस्याओं पर आधारित नुक्कड़ नाटकों का भी प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम के लिए प्लाजा पर ही विशेष तौर पर मंच स्थापित किया गया तो वहीं बड़ी संख्या में किसान कार्यक्रम में एकजुट हुए। इस दौरान किसान-मजदूर एकता को लेकर जमकर नारेबाजी भी की गई तो वहीं हाईवे पर ट्रैक्टराें की बढ़ती संख्या से लगे जाम को खुलवाने में पुलिसकर्मियों के पसीने छूटे रहे। हालांकि, खुद किसानों ने ऐसे हालात में यातायात व्यवस्था की बागडोर संभालते हुए वाहनों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। 

महिलाओं ने जोड़े हाथ 

दिल्ली कूच कर रहे किसानों में जहां खासा जोश नजर आया वहीं टोल पहुंचीं घरौंडा और आसपास की महिलाओं ने सड़क के दोनों तरफ खड़े रहकर वाहनों में जा रहे किसानों को हाथ जोड़े और कामना की कि वे अपने उद्देश्य में सफल हों। इस दौरान महिलाओं ने लंगर व्यवस्था में भी भरपूर सहयोग दिया। युवाओं में भी खासा जोशोखरोश झलका। 

झंडों से पटे वाहन 

पंजाब और हरियाणा के अलग अलग स्थानों से आ रहे किसानों ने अपने वाहनों पर झंडे लगा रखे थे। इनमें तिरंगे के साथ ही भारतीय किसान यूनियन और अन्य किसान संगठनों के झंडे भी शामिल रहे। टोल पर लंगर और गतका प्रतियोगिता के लिए रुके युवा किसानों ने इस दौरान जमकर सेल्फी भी क्लिक की।

chat bot
आपका साथी