कुरुक्षेत्र पुलिस को बकरा चोर की तलाश, बकरीद पर कुर्बानी से पहले चोरी किए 8 बकरे

कुरुक्षेत्र में बकरा चोरी का मामला सामने आया है। इन बकरों को कुर्बानी के लिए लाया गया था। लेकिन इससे पहले ही आठ बकरों को कोई चोरी कर ले गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Fri, 23 Jul 2021 02:06 PM (IST) Updated:Fri, 23 Jul 2021 02:06 PM (IST)
कुरुक्षेत्र पुलिस को बकरा चोर की तलाश, बकरीद पर कुर्बानी से पहले चोरी किए 8 बकरे
बराड़ा रोड पर आइटीआइ के पास से बकरा चोरी।

कुरुक्षेत्र, जागरण संवाददाता। कुरुक्षेत्र के शाहाबाद थाना पुलिस के अंतर्गत बराड़ा रोड पर आइटीआइ के समीप एक मीट की दुकान के शेड साथ बंधे आठ बकरे चोरी हो गए। दुकानदार ने तीन बकरों को बकरीद पर कुर्बानी के लिए रखा हुआ था। जबकि पांच बकरे बेचने के लिए थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शाहाबाद के बराड़ा रोड पर मीट की दुकान चलाने वाले शकील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पास आठ बकरे थे। जिन्हें उसने बकरीद के लिए पाला हुआ था। पांच बकरे उसके अपने थे, जिसमें से एक बकरा उसने कुर्बानी के लिए रखा था, जिसकी बकरीद के दिन कुर्बानी देनी थी। वहीं तीन बकरे लोगों ने कुर्बानी के लिए ले रखे थे। इन्हें बकरीद के दिन उन लोगों ने कुर्बानी के लिए ले जाना था।

19 जुलाई की रात काे वह अपने कमरे पर आ गया था, जबकि दुकान पर उसका भाई व दुकान पर काम करने वाले युवक मौजूद थे। 20 जुलाई को सुबह चार बजे उसका भाई उठा था तो दुकान के साथ ही बने शेड में बकरे मौजूद थे। सुबह छह बजे वह अपने बकरों को देखने के लिए वहां गया तो बकरे वहां नहीं थे। उन्होंने आसपास व पूरे शहर में देखा, मगर बकरे नहीं मिले। शकील ने इसकी शिकायत शाहाबाद थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच मुख्य सिपाही जसविंद्र सिंह को सौंपी है।

कई सालों से चला रहा है मीट की दुकान

शकील ने बताया कि वह पिछले कई सालों से बराड़ा रोड पर मीट की दुकान चला रहा है। इसके साथ ही वह बकरे बेचने व खरीदने का काम भी करता है। जिसके चलते क्षेत्र के लोगों के साथ उसकी अच्छी जान पहचान है। बकरे खरीदने व बेचने के लिए लोग उससे संपर्क करते हैं।

पांच जनवरी 2020 को भी हुई थी बकरियां चोरी

शकील ने बताया कि पांच जनवरी 2020 को भी उसकी दुकान के साथ बने शेड से अज्ञात चोर बकरियां चोरी कर ले गए थे। उसके बारे में भी कुछ पता नहीं चल पाया था। अब दाेबारा बकरे चोरी होने से उसे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

पुलिस जांच रही है सीसीटीवी कैमरे

शाहाबाद थाना पुलिस के मुख्य सिपाही जसविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। हालांकि अभी कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।

chat bot
आपका साथी