कुरुक्षेत्र में कोरोना पर वार, 3 दिन का मेगा अभियान, 60 हजार लोगों को वैक्सीनेशन

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में कोरोना संक्रमण पर वार करने के लिए मेगा वैक्‍सीन अभियान चलाया जाएगा। तीन दिन चलने वाले अभियान में 60 हजार लोगों को वैक्‍सीन लगाई जाएगी। 13 से 15 सितंबर तक चलेगा कोरोना बचाव का वैक्सीनेशन अभियान।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Fri, 10 Sep 2021 06:22 PM (IST) Updated:Fri, 10 Sep 2021 06:22 PM (IST)
कुरुक्षेत्र में कोरोना पर वार, 3 दिन का मेगा अभियान, 60 हजार लोगों को वैक्सीनेशन
कुरुक्षेत्र में कोरोना वैक्‍सीनेशन के लिए अभियान।

कुरुक्षेत्र, जागरण संवाददाता। स्वास्थ्य विभाग 13 से 15 सितंबर तक मेगा वैक्सीनेशन अभियान चलाएगा। जिसमें 60 हजार लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। जिले में अब तक छह लाख 98 हजार 257 डोज में से चार लाख 34 हजार 756 को प्रथम डोज और एक लाख 41 हजार 996 को दूसरी डोज दी जा चुकी है। उपायुक्त मुकुल कुमार ने शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर मेगा वैक्सीनेशन अभियान को सफल बनाने के लिए तैयारी करने के आदेश दिए। वहीं जिला सिविल सर्जन डा. संत लाल वर्मा ने बताया कि ब्रह्मसरोवर और उसके आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर लोग मास्क नहीं लगा रहे हैं जो कि घातक साबित हो सकता है।

इससे पहले हरियाणा के अतिरिक्त प्रधान सचिव राजीव अरोड़ा ने 25 सितंबर तक वैक्सीनेशन से वंचित लोगों को वैक्सीनेट करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से पूरी योजना तैयार की गई थी ताकि 25 सितंबर तक अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीनेट किया जा सके। उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 13 से 15 सितंबर तक लगातार तीन दिन मेगा वैक्सीनेशन अभियान चलाया जाएगा और इस अभियान के तहत प्रत्येक दिन 20 हजार लोगों को कोरोना बचाव की वैक्सीन लगाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कुरुक्षेत्र में हेल्थ केयर वर्कर को प्रथम डोज 6427, दूसरी डोज 5444 दी जा चुकी है। इसी तरह फ्रंट लाइन वर्करों को 5107 प्रथम डोज और 4298 दूसरी डोज, 18 से 44 आयुवर्ग के लोगों को दो लाख 29 हजार 700 प्रथम डोज, 37 हजार 630 दूसरी डोज, 45 से 60 वर्ष आयुवर्ग के लोगों को एक लाख 10 हजार 601 प्रथम डोज, 51 हजार 149 दूसरी डोज, सीनियर सिटीजन को 94 हजार 455 प्रथम डोज, 53 हजार 217 दूसरी डोज दी जा चुकी है। इस मौके पर डिप्टी सिविल सर्जन डा. अनुपमा, डा. संदीप अग्रवाल, डा. सुदेश सहोता, डा. नीलम अरोड़ा, डा. ललित कल्सन मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी