दहेज की आग, यमुनानगर में गर्भवती नवविवाहिता की मौत, 7 महीने पहले हुई थी शादी, हत्‍या का आरोप

यमुनानगर में 22 वर्षीय नवविवाहिता की मौत हो गई है। महिला की सात महीने पहले ही शादी हुुई थी और गर्भवती भी थी। मायके पक्ष के लोगों ने हत्‍या का आरोप लगाया है। पति और सास पर दहेज हत्‍या का केस दर्ज।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Thu, 08 Jul 2021 01:26 PM (IST) Updated:Thu, 08 Jul 2021 01:26 PM (IST)
दहेज की आग, यमुनानगर में गर्भवती नवविवाहिता की मौत, 7 महीने पहले हुई थी शादी, हत्‍या का आरोप
यमुनानगर में गर्भवती नवविवाहिता की मौत हुई।

यमुनानगर, जागरण संवाददाता। छछरौली थाना क्षेत्र के गांव कडकौली में 22 वर्षीय नवविवाहिता रूचि की संदिग्ध मौत हो गई। स्वजनों का आरोप है कि रूचि की उसके ससुराल वालों ने उसकी हत्या की है। पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे स्वजनों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर शांत किया। मामले में आरोपित पति व सास के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

तेजली गांव निवासी रूचि की शादी दिसंबर 2020 में कडकौली गांव निवासी कृष्ण के साथ हुई थी। बुधवार की सुबह नवविवाहिता की हालत बिगड़ गई। उसे उल्टियां लगने पर अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां उसकी मौत हो गई। पति कृष्ण ने अपनी ससुराल वालों को फोन कर इस बारे में बताया। वह भी गांव में पहुंच गए।

गला दबाकर हत्‍या का आरोप

मृतका की बहन मानसी ने बताया कि उनकी बहन को ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। अब वह गर्भवती थी। तब भी उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल वाले उसकी मौत को कभी आत्महत्या बता रहे हैं, तो कभी हार्ट अटैक की वजह से मौत बता रहे हैं। रूचि का शव देखकर लग रहा है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। आरोप लगाए गए कि रूचि के पति के किसी अन्य महिला के साथ भी संबंध है। जब इसका विरोध करती, तो उसकी उसके साथ मारपीट की जाती।

पंचायत भी हुई दोनों पक्षों के बीच

बताया जा रहा है कि रूचि की मौत के बाद दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई। जिसमें कोई सहमति नहीं बन सकी। बाद में पुलिस ने इस मामले में आरोपित पति व सास पर केस दर्ज कर लिया। जांच अधिकारी सुभाष चंद्र ने बताया कि मृतका के स्वजनों की शिकायत पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह का पता लग सकेगा।

chat bot
आपका साथी