कैथल में श्मशान घाट से नवजात के शव को निकाल कर खा रहे थे कुत्ते, पुलिस ने दोबारा दफनाया

कैथल से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। करनाल रोड बालाजी कालोनी से कुछ दूर बने श्मशान घाट से नवजात का शव निकाल कर कुत्ते खा रहे थे। स्थानीय लोगों ने जब ये मंजर देखा तो सब दंग रह गए।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Mon, 16 Aug 2021 01:33 PM (IST) Updated:Mon, 16 Aug 2021 01:33 PM (IST)
कैथल में श्मशान घाट से नवजात के शव को निकाल कर खा रहे थे कुत्ते, पुलिस ने दोबारा दफनाया
श्मशान घाट से नवजात के शव को निकाल कर खा रहे थे कुत्ते।

कैथल, जागरण संवाददाता। करनाल रोड बालाजी कालोनी में दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। घटना शनिवार रात साढ़े दस बजे की है। कालोनी की गली नंबर दो के पास कुत्ते एक नवजात बच्ची के शव को खा रहे थे। कालोनी के लोगों ने कुत्तों को कुछ खाते हुए देखा तो उसी समय 112 पर फोन किया। लोगों को यह था कि कुत्ते किसी गाय के बच्चे को खा रहे हैं।

चंडीगढ़ से घटना की सूचना नगर परिषद(नप) के ईओ को दी गई। उसके बाद जब लोगों ने कुत्तों को वहां से भगाया तो मंजर देख कर वे दंग रह गए। कुत्ते वहां एक नवजात बच्ची के शव को खा रहे थे। मौके पर सिविल लाइन थाना पुलिस को भी बुला लिया गया और नप टीम भी पहुंच गई थी। लोगों ने पुलिस को बताया कि घटना स्थल की कुछ दूरी पर ही श्मशान घाट है। कुत्ते वहां से शव को लेकर आए होंगे। पुलिस और नप की टीम वहां गई तो कुत्तों ने श्मशान घाट से ही शव को खोद कर निकाला हुआ था। पुलिस और नप टीम ने बच्ची के शव को उठाया और उसे वापस श्मशान घाट में ही दफना दिया।

फाटक की साइड से नीची है दीवार

कालोनीवासी प्रवीन शर्मा, प्रमोद, सुमेश ने बताया कि करनाल रोड फाटक के पास श्मशान घाट की दीवार काफी नीची है। कुत्ते इस दीवार से कूदकर बच्चों के दफनाए गए शवों को निकाल लेते हैं। इससे पहले भी दो बार इस तरफ की घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि श्मशान घाट की उस दीवार को ऊंचा उठाया जाए ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा ना हों।

शव को दोबारा दफना दिया गया: सब इंस्पेक्टर

सिविल लाइन थाने से सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि बालाजी कालोनी में बच्ची का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर जानकारी मिली कि शव को कुत्तों ने पास के श्मशान घाट से निकाला था। शव को दोबारा से दफना दिया गया था।

श्मशान घाट की दीवार को ऊंचा करवा दिया जाएगा: रविंद्र सिंह

नगर परिषद के ईओ रविंद्र सिंह ने बताया कि उनके पास चंडीगढ़ से घटना के बारे में सूचना आई थी। मौके पर टीम को भेज दिया गया था। श्मशान घाट की जो दीवार नीची है उसे भी ऊंचा करवा दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी