करनाल में शराब तस्करी पर बवाल, ठेकेदार और ग्रामीणों में चले लाठी डंडे और पत्थर, फायरिंग से फैली दहशत

करनाल के घरौंडा में शराब तस्करी पर जंग छिड़ गई। ठेकेदार के लोगों और ग्रामीणों में लाठी-डेंडे चले। जमकर पत्थर बरसे। चार लोग घायल हो गए। फायरिंग के बाद भगदड़ मच गई। लोगों में दहशत फैल गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाए।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Thu, 19 Aug 2021 08:12 PM (IST) Updated:Thu, 19 Aug 2021 08:12 PM (IST)
करनाल में शराब तस्करी पर बवाल, ठेकेदार और ग्रामीणों में चले लाठी डंडे और पत्थर, फायरिंग से फैली दहशत
वारदात के बाद मौके पर जमा हुई भीड़ व पहुंची पुलिस। अस्पताल में उपचाराधीन एक घायल युवक।

संवाद सहयोगी, घरौंडा (करनाल)। शराब की तस्करी को लेकर अराईपुरा गांव के युवकों व शराब ठेकेदार के बीच हुए विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। गनीमत रही कि कोई भी व्यक्ति गोलीबारी का शिकार नहीं हुआ। लेकिन दोनों पक्षों की तरफ से चले लाठी डंडों व पत्थरबाजी में दोनों पक्ष के चार लोग घायल हो गए।

दिन-दहाड़े हुई फायरिंग की घटना से आस पास के इलाके में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों ने ठेकेदार पर फायरिंग का आरोप लगाया है, जबकि ठेकेदार पक्ष ग्रामीणों पर फायरिंग का आरोप लगा रहा है। घायल ग्रामीणों का उपचार घरौंडा के सरकारी अस्पताल में चल रहा है, जबकि ठेकेदार पक्ष की तरफ से घायल हुए लोगों का ईलाज करनाल के एक निजी अस्पताल में करााय जा रहा है। घटना के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस को एक पक्ष ने अभी शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर गोली चलाने के लगाए आरोप

वीरवार की सुबह शराब ठेकेदार उत्तम सिंह के साथियों व गांव अराईपुरा के दो युवकों के बीच स्थित जगदम्बा राइस मिल के सामने कहासुनी हो गई। जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। जिसमें एक पक्ष के अराईपुरा वासी विजय व मोहित घायल हुए तथा ठेकेदार पक्ष के साहब सिंह व प्रताप सिंह बुरी तरह से घायल हो गए हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फायर करने के आरोप लगाए हैं। झगड़ा होता देख राहगीरों में दहशत फैल गई।

आरोप- गांव के कुछ युवक करते हैं शराब तस्करी

घायल प्रताप सिंह के भाई रणबीर सिंह ने बताया कि गांव के कुछ युवक अवैध शराब की तस्करी करते हैं। वीरवार सुबह उनको अवैध तस्करी की सूचना मिली थी। इसको लेकर वह अपने साथियों के साथ अराईपुरा रोड पर गए थे। यहां पर कुछ युवकों ने उनके साथियों पर हमला बोल दिया। इसमें उनके दो साथी बुरी तरह से घायल हो गए। शराब ठेकेदार ने दूसरे पक्ष की ओर से लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया।

दूसरा पक्ष बोला, घेर कर डंडों से की पिटाई  

दूसरे पक्ष के विजय कुमार ने बताया कि वह वीरवार सुबह अपने साथी मोहित के साथ खेतों से पशुओं का चारा लेकर वापस गांव की ओर आ रहे थे। जगदंबा राइस मिल के पास शराब ठेकेदार व उसके साथियों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ डंडों से मारपीट शुरू कर दी। कुछ समय के बाद गांव से कुछ लोग आ गए और उन्होंने विरोध किया, तो उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। उन्होंने अपने बचाव में उन पर पत्थर भी फेंके।

पुलिस को मौके से मिले गोलियों के तीन खोल

थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि अराईपुरा रोड स्थित जगदंबा राइस मिल के पास दो गुटों में झगड़ा होने की सूचना मिली थी। मामला शराब की तस्करी से जुड़ा हुआ है। इस मामलें में गांव के युवाओं ने शिकायत दी है। दूसरे पक्ष ने अभी शिकायत नहीं दी है। इसके साथ ही मौके से तीन खोल भी बरामद हुए हैं। मामले की जांच की जा रही है।

chat bot
आपका साथी