रेवड़ी को राजा कहकर नचाया, फिर शहरभर में वीडियो डिलीट कराते रहे

भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के सह अध्यक्ष हिमांशु कटारिया की शादी है। इससे पहले उनके निवास सेक्टर 11-12 में संगीत पार्टी का आयोजन किया गया। इसमें सुरेंद्र रेवड़ी भी आमंत्रित थे। देवेंद्र रेवड़ी ने माहौल को और आनंदमय बनाने के लिए बोली डाली और सुरेंद्र रेवड़ी को नचाया।

By Rajesh KumarEdited By: Publish:Wed, 08 Dec 2021 05:24 PM (IST) Updated:Wed, 08 Dec 2021 05:24 PM (IST)
रेवड़ी को राजा कहकर नचाया, फिर शहरभर में वीडियो डिलीट कराते रहे
शादी में डांस करते हुए देवेंद्र रेवड़ी।

पानीपत, जागरण संवाददाता। पानीपत शहर की पूर्व विधायक रोहिता रेवड़ी के पति सुरेंद्र रेवड़ी को राजा कहकर क्या नचाया, इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया। वाट्सएप ग्रुपों से लेकर फेसबुक पर एक के बाद एक लोगों तक पहुंच गया। भाजपा के दक्षिण मंडल के पूर्व महामंत्री देवेंद्र रेवड़ी शहरभर में फोन करने लगे। निवेदन किया कि इस वीडियो को डिलीट कर दें। दरअसल, उन्होंने रेवड़ी को संगीत पार्टी में नचाया था। इससे पहले उन्होंने फेसबुक पर रेवड़ी की तारीफ कर दी थी। तब शहर के प्रमुख जनप्रतिनिधि से उनकी ठन गई थी। काफी मुश्किल के बाद सुलह हो सकी। इस बार फिर से रेवड़ी को उन्होंने राजा कह दिया तो चिंता ये सताने लगी कि शहर के प्रमुख प्रतिनिधि फिर से नाराज न हो जाएं।

डैमेज कंट्रोल करने के लिए उन्होंने फेसबुक पर प्रमोद विज के पोस्ट को शेयर भी करना शुरू कर दिया। विज की हर जगह तारीफ करने लगे। अब ये वीडियो उनके लिए मुसीबत बनता है या डैमेज कंट्रोल कर पाएंगे, ये तो कुछ दिन में पता चल ही जाएगा। भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के सह अध्यक्ष हिमांशु कटारिया की शादी है। इससे पहले उनके निवास सेक्टर 11-12 में संगीत पार्टी का आयोजन किया गया। इसमें सुरेंद्र रेवड़ी भी आमंत्रित थे। देवेंद्र रेवड़ी ने माहौल को और आनंदमय बनाने के लिए बोली डाली और सुरेंद्र रेवड़ी को नचाया। यही वीडियो बाद में वायरल हो गया।

इस तरह नचाया

बारी बरसी खटन गया सी, खटके लयांदा खाजा। भंगड़ा ता सजदा, जदो नचे शहर दा राजा...इस बोली के साथ शोर मच गया। सुरेंद्र रेवड़ी का हाथ उठाकर सभी नाचने लगे। उस समय वहां पर भाजपा के जिला महामंत्री रविन्द्र भाटिया भी मौजूद थे। भाजपा के युवा नेता सन्नी सेठी भी जमकर नाचे। शेरी मान के गीत यान अनमुल्ले...यारा दा यार...साड्ढा एमएलए गीत पर काफी देर तक नाचते रहे।

विज ही बनें अगले विधायक

देवेंद्र रेवड़ी से जब जागरण ने बातचीत की तो उन्होंने कहा कि शादी की खुशी में एकाएक ऐसा हो गया। उन्होंने यह कहा कि प्रमोद विज बेहद अच्छा काम कर रहे हैं। अगला विधायक विज को ही बनना चाहिए। विज शहर का विकास कार्य करवा रहे हैं। पिछली बार वैसे ही मनमुटाव हो गया था।

शादियों में खूब सक्रिय हैं रेवड़ी

इन दिनों शादियों में सुरेंद्र रेवड़ी बेहद सक्रिय हैं। भाजपा हो या फिर कांग्रेस नेता, हर कोई उन्हें आमंत्रित कर रहा है। राजनीति में कब क्या हो जाए, यह किसी को पता नहीं। किसी को लगता है कि वह दोबारा से भाजपा का टिकट लाएंगे, किसी को लगता है कि वह कांग्रेस के साथ जाएंगे। सियासत में उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इस वजह से हर कोई उन्हें अपने कार्यक्रम में बुला रहा है। रेवड़ी भी दो साल बाद एकाएक सक्रिय हुए हैं।

chat bot
आपका साथी