Development Work: यमुनानगर में अवैध कालोनियां हुई नियमित, करोड़ों की लागत से होगा विकास, सड़कों का बिछेगा जाल

यमुनानगर नगर निगम अवैध कॉलोनियों में करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाएगा। अवैध कॉलोनियों के नाम पर यहां के लोग लंबे समय से कच्ची गलियों नालियों व अन्य समस्याओं का दंश झेल रहे थे लेकिन अब यहां व्याप्त समस्याएं जल्द दूर होंगीं।

By Naveen DalalEdited By: Publish:Tue, 14 Sep 2021 05:39 PM (IST) Updated:Tue, 14 Sep 2021 05:39 PM (IST)
Development Work: यमुनानगर में अवैध कालोनियां हुई नियमित, करोड़ों की लागत से होगा विकास, सड़कों का बिछेगा जाल
यमुनानगर में नियमित हुई अवैध कॉलोनियों का होगा विकास।

यमुनानगर,जागरण संवाददाता। यमुनानगर में हाल ही में नियमित हुई अवैध कॉलोनियों के अच्छे दिन आने वाले हैं। नगर निगम इन कॉलोनियों में लगभग 17.05 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाएगा। अवैध कॉलोनियों के नाम पर यहां के लोग लंबे समय से कच्ची गलियों, नालियों व अन्य समस्याओं का दंश झेल रहे थे, लेकिन अब यहां व्याप्त समस्याएं जल्द दूर होंगीं। निगम की ओर से इन कॉलोनियों में जहां पक्की सड़कें व नालियां बनाई जाएगी। वहीं, बरसाती पानी की निकासी के लिए स्ट्रॉम वाटर लाइन व आईपीएस बनाया जाएगा। हाल ही में हुई सदन की बैठक में इन कॉलोनियों को विकसित करने का प्रस्ताव पास किया गया था। जल्द ही निगम की ओर से टेंडर अलॉट कर विकास कार्य शुरू करवाए जाएंगे।

कालोनियों में होने वाले कार्यों के एस्टीमेट तैयार

नगर निगम क्षेत्र की 69 अवैध कॉलोनियां को सरकार ने हाल ही में नियमित किया था। नियमित होने के साथ ही इन कॉलोनियों में नगर निगम की ओर से विकास के द्वार खोल दिए गए। करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाए जा रहे रहे हैं। वहीं करोड़ों रुपये के विकास कार्य होने बाकी है। निगम की ओर से अब वार्ड नंबर 11, 12, 19, 21 व 22 की नव नियमित कॉलोनियों में लगभग 17 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाएं जाएंगे। नगर निगम की ओर से इन कालोनियों में होने वाले कार्यों के एस्टीमेट तैयार कर लिए गए है।

वार्ड 11 में 3.66 करोड़ से इन कॉलोनियों का होगा विकास

वार्ड नंबर 11 की शांति कॉलोनी में 1.78 करोड़ रुपये की लागत से स्ट्रॉम वाटर लाइन, इंटरलॉकिंग टाइलों वाली गलियों व नालियों का निर्माण किया जाएगा। इसी वार्ड की गधौली कॉलोनी, मायापुरी, तेजली, लाल विहार और सुंदर विहार कॉलोनी में 1.88 करोड़ रुपये से इंटरलॉकिंग टाइलों वाली गलियों व नालियों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही बरसाती पानी की निकासी के लिए स्ट्रॉम वाटर लाइन बिछाई जाएगी।

5.22 करोड़ से बदलेगी वार्ड 12 की कॉलोनियों की सूरत

वार्ड नंबर 12 की शारदा कॉलोनी, गधौली माजरी, कैलाश नगर, पांसरा आउटसाइट, शंभू कॉलोनी, ताजकपुर आउटसाइड, कामी माजरा, रूप नगर, तीर्थ नगर व अन्य कॉलोनियों के विकास पर 3.74 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। निगम की ओर से यहां इंटरलॉकिंग टाइलों वाली पक्की गलियों व नालियों व अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। साथ ही बरसाती पानी की निकासी के लिए पांसरा में 1.48 लाख की लागत से पंपिंग स्टेशन का निर्माण किया जाएगा।

3.69 करोड़ से बदलेगी वार्ड 19 व 20 की दशा

वार्ड नंबर 19 की रामनगर व गोविंद विहार कॉलोनी में एक करोड़ 20 लाख की लागत से पक्की गलियों व नालियों का निर्माण किया जाएगा। इसी तरह वार्ड 21 की कॉलोनियों में 2.49 लाख रुपये से विकास कार्य करवाए जाएंगे। यहां जहां पक्की गलियों, सड़कों व नालियों का निर्माण किया जाएगा। वहीं, बरसाती पानी की निकासी के प्रबंध किए जाएंगे।

4.60 करोड़ से वार्ड 22 की कॉलोनियों में बिछेगा सड़कों का जाल

नगर निगम की ओर से वार्ड नंबर 22 में नियमित हुई कॉलोनियों के विकास पर चार करोड़ 60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इन रुपयों से जहां सभी कॉलोनियों में पक्की गलियां व सड़कों का जाल बिछाया जाएगा। वहीं, पानी की निकासी के लिए नालों व नालियों का निर्माण किया जाएगा। निगम की ओर से इन कार्यों के 2.39 करोड़ व 2.21 करोड़ रुपये के दो एस्टीमेट तैयार किए गए हैं।

नगर निगम मेयर मदन चौहान ने बताया कि हाल ही नियमित हुई 69 कॉलोनियों में विकास कार्य शुरू कर दिए गए हैं। इन कॉलोनियों में लगभग 17 करोड़ रुपये के विकास कार्य करने की स्वीकृति दी गई है। एस्टीमेट तैयार किए जा चुके हैं। जल्द ही टेंडर अलॉट कर निर्माण कार्य शुरू करवाएं जाएंगे।

chat bot
आपका साथी