गाजियाबाद से अंबाला आकर देवर ने विधवा भाभी को मारी गोली, करना चाहता था शादी
अंबाला में गाजियाबाद से आकर देवर ने भाभी को गोली मार दी। महिला के पति की पहले मौत हो चुकी है। देवर शादी का दबाव बना रहा था। आरोपित देवर गाजियाबाद की तहसील में बतौर टाइपिस्ट काम करता है।
अंबाला, जागरण संवाददाता। गाजियाबाद के रहने वाले संदीप ने अंबाला आकर अपनी भाभी को गोली मार दी। देवर अपनी भाभी से शादी करने का दबाव बना रहा था। मंसूबे कामयाब न होते देख संदीप ने देसी कट्टे से फायर कर दिया। महिला रचना को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल अंबाला कैंट पहुंचाया, जबकि डाक्टरों ने महिला को प्राथमिक उपचार देने के बाद पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया। महिला की स्थिति खतरे से बाहर है। आरोपित फरार है, जबकि गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार महिला रचना के पति की मौत साल 2020 में हो गई थी। उसके पास दो बेटे और एक बेटी है। वह अंबाला कैंट की पक्की सराय में अपने मायके में रह रही थी। संदीप अपनी भाभी से शादी करना चाहता था। इसके लिए वह लगातार उस पर दबाव बना रहा था। इसी कारण से महिला परेशान भी रह रही थी। मंगलवार को संदीप गाजियाबाद से अंबाला कैंट पक्की सराय में पहुंचा। उस समय महिला घर पर ही थी। इसी दौरान महिला आई तो संदीप ने सीधे उस पर गोली चला दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी इकठ्ठा हो गए, जबकि महिला घायल हालत में नागरिक अस्पताल अंबाला कैंट लाया गया। यहां पर डाक्टरों ने महिला को प्राथमिक उपचार दिया, जबकि गंभीर हालत देखते हुए उसे पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया। महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। गोली चलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास व स्वजनों से घटना की जानकारी ली। घटनास्थल पर सीन आफ क्राइम की टीम ने भी मुआयना किया। जांच अधिकारी राधेश्याम ने बताया कि आरोपित मौके से फरार हो चुका है, जबकि उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाई गई हैं। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।