Dengue Alert : कैथल में डेंगू का प्रकोप, 4 साल का रिकार्ड टूटा, एक दिन में सामने आए नौ केस

डेंगू का प्रकोप कैथल में लगातार बढ़ रहा है। कैथल में चार साल का रिकार्ड टूट गया है। 2017 के बाद सबसे ज्‍यादा 179 केस अब तक आ चुके हैं। एक दिन में डेंगू के नौ केस मिले हैं।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Tue, 26 Oct 2021 05:53 PM (IST) Updated:Tue, 26 Oct 2021 05:53 PM (IST)
Dengue Alert : कैथल में डेंगू का प्रकोप, 4 साल का रिकार्ड टूटा, एक दिन में सामने आए नौ केस
कैथल में डेंगू के अब तक 179 केस आए।

कैथल, जागरण संवाददाता। कैथल जिले में डेंगू का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार को भी नौ केस सामने आए हैं। अब कुल संख्या 179 तक पहुंच गई है। कैथल शहर में सबसे ज्यादा 129 केस मिले हैं। माता गेट, सीवन गेट, डोगरा गेट, प्रताप गेट व अमरगढ़ गामड़ी में डेंगू तेजी से फैल रहा है। यहां स्वास्थ्य विभाग की टीम सर्वे कर रही है। रोजाना सैंपल लिए जा रहे हैं। इसी प्रकार कलायत में 17, राजौंद में 10, सीवन में 10, गुहला में चार, कौल में दो व पूंडरी में सात केस मिले हैं। चार साल बाद अब तक का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले वर्ष 2017 में 157 केस मिले थे। वहीं वर्ष 2018 में 31, वर्ष 2019 में छह, 2020 में 114 केस मिले थे।

इस बार डेंगू के बढ़ते मामलों केे कारण लोगों की चिंता बढ़ रही है। रोजाना 50 से 60 सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। डेंगू का वार्ड भी सिविल अस्पताल में बनाया गया है। सिविल अस्पताल ही नहीं प्राइवेट अस्पतालों में भी डेंगू मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। स्थिति ये है कि प्लेटलेट्स के लिए भी लोगों को काफी परेशानी आ रही है।

बढ़े नारियल व कीवी के भाव

डेंगू के बढ़ते प्रकोप के कारण नारियल व कीवी की डिमांड बढ़ रही है। इस कारण भाव भी बढ़ गए हैं। पिछले माह जहां 40 से 45 रुपये में एक नारियल मिल जाता था, वहीं अब 60 से 65 रुपये भाव पहुंच गए हैं। वहीं एक डिब्बा में चार कीवी होती हैं, यह डिब्बा पहले 110 से 120 रुपये में मिलता था, वहीं अब 130 से 140 रुपये तक भाव पहुंच गए हैं। बकरी के दूध की भी डिमांड बढ़ रही है। बकरी का दूध 300 से 350 रुपये प्रति किलो के भाव से मिल रहा है। दुकानदार कुलदीप ने बताया कि नारियल की लागत पहले कम थी, लेकिन डेंगू के केस बढ़ने के बाद अब डिमांड ज्यादा बढ़ गई है।

सिविल सर्जन डा. जयंत आहूजा ने बताया कि डेंगू की रोकथाम को लेकर विभाग पूरी तरह से गंभीर है। जहां केस मिलते हैं, वहां का दौरा करते हुए लोगों को डेंगू से बचाव को लेकर जानकारी दी जा रही है। डेंगू के लक्षण व सावधानियों के बारे में बताया जा रहा है। लोगों से अपील है कि इस बीमारी के लक्षण नजर आने पर सिविल अस्पताल पहुंचकर जांच करवाएं। निशुल्क जांच होती है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें। डेंगू के इलाज को लेकर अस्पताल में बेहतर व्यवस्था की गई है।

chat bot
आपका साथी