हरियाणा के अंबाला में छह घंटे बंद रहा दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे, जान जोखिम में डाल नदी से निकले लोग

कृषि विधेयकों के लिए सरकार का विरोध जताने लोक इंसाफ पार्टी के कार्यकर्ता दिल्ली जा रहे थे। बैंस ब्रदर्स की रैली को अंबाला पुलिस ने हरियाणा-पंजाब की सीमा पर रोक दिया। इससे करीब छह घंटे तक नेशनल हाईवे बंद रहा।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Thu, 24 Sep 2020 12:00 PM (IST) Updated:Thu, 24 Sep 2020 12:00 PM (IST)
हरियाणा के अंबाला में छह घंटे बंद रहा दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे, जान जोखिम में डाल नदी से निकले लोग
जान जोखिम में डालकर घग्गर नदी को पार करते दिखे लोग।

पानीपत/अंबाला, जेएनएन। कृषि विधेयकों का विरोध जताने दिल्ली जा रहे बैंस ब्रदर्स की रैली को अंबाला पुलिस ने बुधवार को हरियाणा-पंजाब सीमा पर ही रोक दिया। इसके लिए पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हुए थे। दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे को 12 बजे ही बेरिकेड्स लगाकर ब्लॉक कर दिया गया था।

दिल्ली जाने के लिए लोक इंसाफ पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बेरिकेड्स को हटाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन मशीन चलाई। ऐसे में दिल्ली-अमृतसर हाईवे करीब छह घंटे तक बंद रहा। हाईवे बंद होने के कारण कई लोगों ने जान जोखिम में डालकर घग्गर नदी को पार किया और गंतव्य की ओर गए। शाम करीब 6.15 बजे लोक इंसाफ पार्टी के बैंस ब्रदर्स और कार्यकर्ता पंजाब लौट गए।

चार सौ लोगों को रोकने के लिए जुटे पांच सौ पुलिसकर्मी

लोक इंसाफ पार्टी की ओर से करीब 400 कार्यकर्ता दिल्ली जाने के लिए बाइक और कार में सवार होकर आए थे। इन्हें आगे बढऩे से रोकने के लिए करीब 500 पुलिसकर्मी डटे थे। यमुनानगर से भी पुलिस की टुकड़ी बुलाई गई थी। इस दौरान आइजी समेत डीएसपी भी मौजूद रहे।

बैंस ब्रदर्स की रैली को हरियाणा में नहीं घुसने दिया, पानी की बौछार कर रोका

दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर बुधवार को अंबाला पुलिस ने बेरिकेड्स लगाकर देवी नगर को पूरी तरह से बंद कर दिया। पंजाब से रैली निकाल कर दिल्ली जा रहे लोक इंसाफ पार्टी के बैंस ब्रदर्स को बार्डर पर ही रोक दिया गया। इस पर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू किया तो पुलिस ने उन पर पानी की बौछार कर आगे बढऩे से रोका।

घग्गर नदी पार कर रहे सिमरजीत सिंह बैंस को रोका

काफी मशक्कत के बाद भी पुलिस ने पंजाब से किसी को हरियाणा सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया तो लुधियाना विधायक एवं लोक इंसाफ पार्टी के प्रधान सिमरनजीत सिंह बैंस घग्गर नदी पार कर गए। जैसे ही उन्होंने हरियाणा में एंट्री की तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। उनके साथ बलविंद्र सिंह बैंस, गगनदीप सिंह सन्नी कैंथ, शैलेंद्र सिंह शैली, जगजोत सिंह खालसा, मलविंद्र सिंह गयासपुर आदि मौजूद थे। 

chat bot
आपका साथी