दो दिन से लापता पीलिंग फैक्ट्री संचालक का शव नहर से बरामद, स्वजनों ने हत्या की आशंका जताई

पानीपत के पीलिंग फैक्‍ट्री के संचालक का शव नहर में मिला है। संचालक अश्विनी दो दिन से लापता था। परिवार के लोगों ने हत्‍या का आशंका जाहिर की है। बता दें कि कल अश्विनी की स्‍कूटी नहर के किनारे खड़ी मिली थी।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Fri, 11 Jun 2021 02:56 PM (IST) Updated:Fri, 11 Jun 2021 02:56 PM (IST)
दो दिन से लापता पीलिंग फैक्ट्री संचालक का शव नहर से बरामद, स्वजनों ने हत्या की आशंका जताई
पीलिंग फैक्‍ट्री संचालक अश्विनी का शव मिला।

यमुनानगर, जेएनएन। दो दिन से लापता पीलिंग फैक्ट्री संचालक 39 वर्षीय अश्विनी कुमार का शव हमीदा हेड पर पश्चिमी यमुना नहर से मिला। जब शव को बाहर निकाला गया, तो मृतक के सिर पर भी चोटों के निशान थे। स्वजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव का डाक्टरों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया है।

नाहरपुर निवासी अश्विनी कुमार ने छह जून को पांसरा में लालछप्पर निवासी पवन व राजेंद्र के साथ मिलकर पीलिंग फैक्ट्री लगाई थी। फिलहाल यह फैक्ट्री किराये पर ली हुई है। नौ जून की सुबह करीब छह बजे घर से चले थे और फैक्ट्री में गए थे। यहां से करीब साढ़े 11 बजे उनके पास किसी का काल आया और वह दस मिनट में आने की बात कहकर निकल गए थे। जब वह दोपहर तक नहीं लौटे और पार्टनर पवन का काल भी रिसीव नहीं किया, तो उन्होंने अश्विनी के भाई राजेंद्र कुमार को इस बारे में बताया। स्वजनों ने भी उसके मोबाइल पर संपर्क किया, लेकिन काल रिसीव नहीं हुई। जिस पर उसकी तलाश शुरू कर दी गई। शाम तक कोई पता नहीं लगने पर स्वजनों ने सदर यमुनानगर थाना में शिकायत देकर गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

शुक्रवार की सुबह मिला शव

वीरवार की सुबह बूड़िया थाना पुलिस को फतेहपुर नहर पुल पर नया गांव के पास लावारिस एक्टिवा खड़ी होने की सूचना मिली। जिसकी अश्विनी के भाई राजेंद्र ने पहचान की। एक्टिवा से अश्विनी की शर्ट, घड़ी, जूते, अंगूठी, हेलमेट व मोबाइल भी मिला। इसके बाद से ही नहर में डूबने की आशंका में पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। परिवार के लोग रात से ही नहर के आसपास उसकी तलाश कर रहे थे। सुबह होने पर किसी ने उन्हें हमीदा हेड पर एक शव मिलने की सूचना दी थी। वह मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। उसकी शिनाख्त अश्विनी के तौर पर हुई।

स्वजनों ने हत्या का जताया शक 

मृतक अश्विनी के भाई राजेंद्र ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले उनके भाई ने पांसरा में ही पीलिंग फैक्ट्री चलाई थी। यह नागल निवासी छोटा के साझे में थी। बाद में आपसी सहमति से दोनों ने फैक्ट्री बंद की और पूरा हिसाब किताब कर लिया। अब दोबारा से नए साझेदारों के साथ फैक्ट्री शुरू की थी। जब फैक्ट्री का मुर्हत हुआ, तब भी छोटा यहां पर आया था। आरोप है कि उसने फैक्ट्री न चलाने देने की धमकी भी अश्विनी को दी थी। अब अश्विनी का शव मिला है। सिर पर चोट लगी है और बाजू भी मरोडी हुई है। एेसे में पूरा विश्वास है कि उसकी हत्या हुई है। वहीं सदर यमुनानगर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट के अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी