निगम ने विरोध के बाद छत पर मोबाइल टावर की दे दी एनओसी, अब बैक फुट पर कमिश्नर

नगर निगम के विरोध में छह महीने बाद मकान की छत पर मोबाइल टावर लगाने क परमिशन प्राइवेट कंपनी को दे दी है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Nov 2019 08:27 AM (IST) Updated:Sun, 17 Nov 2019 08:27 AM (IST)
निगम ने विरोध के बाद छत पर मोबाइल टावर की दे दी एनओसी, अब बैक फुट पर कमिश्नर
निगम ने विरोध के बाद छत पर मोबाइल टावर की दे दी एनओसी, अब बैक फुट पर कमिश्नर

जागरण संवाददाता, पानीपत: नगर निगम में विरोध के छह महीने बाद मकान की छत पर मोबाइल टावर लगाने की परमिशन प्राइवेट कंपनी को दे दी। कॉलोनीवासी विरोध में उतरे तो कमिश्नर एनओसी के लिए बैक फुट पर आ गए हैं। उन्होंने मोबाइल टावर के लिए किसी तरह की एनओसी जारी न करने की सफाई दी है। जबकि निगम के बाकी अधिकारी नियमानुसार एनओसी देने की कह रहे हैं। दो अधिकारियों के अलग-अलग बयान सवाल खड़े कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने अर्थिंग के लिए खोदे गड्ढे न भरने पर सोमवार को निगम कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है।

मुखीजा कॉलोनी के लोग शनिवार को शहरी विधायक प्रमोद विज से मिले। चमनलाल, अनिल कुमार, चमेलाराम, अनुज, नफे सिंह, राजेश और रणबीर ने बताया कि कॉलोनी की 10 नंबर गली स्थित एक मकान की छत पर फरवरी महीने में मोबाइल टावर लगाया जा रहा था। वे मई में बिजली निगम के तत्कालीन एक्सईएन पंकज धवन से मिले। उन्होंने नगर निगम की एनओसी के बिना बिजली कनेक्शन न देने की बात कही थी। इसके बाद वे 20 मई को निगम गए। निगम अधिकारियों ने एनओसी जारी न करने की बात लिखित रूप से दी थी। 7 नवंबर को कंपनी का ठेकेदार बिजली मीटर लगाने पहुंच गया। कॉलोनीवासियों के विरोध करने पर उन्होंने नगर निगम से एनओसी लेने की सफाई दी। वे यहां से निगम पहुंचे तो अधिकारियों ने नियमानुसार एनओसी जारी करने के बारे में बताया। अब निगम कमिश्नर से लेकर एडीसी और डीसी तक सुनवाई नहीं कर रहे। विधायक प्रमोद विज ने अधिकारियों से फोन पर बात की और इसमें नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अर्थिंग के लिए गली में गड्ढे़ खोदे

रामचंद्र, रणबीर और नफे सिंह ने बताया कि कंपनी के ठेकेदार ने टावर को अर्थिंग देने के लिए गली में चार गड्ढे खोद दिए। कारिदे शनिवार को फिर से कॉलोनी में पहुंचे। लोगों ने उनका विरोध किया तो उन्हें तार काटने पड़ी। वे मिट्टी से गड्ढे भरने लगे तो लोगों ने उनको तकनीकी रूप से गड्ढे भरने की कही। वे रविवार को गड्ढे भरने की बात कहकर चले गए। वर्जन :

मुखीजा कॉलोनी में कंपनी को टावर लगाने के लिए एनओसी नियमानुसार दी गई है। लोगों की शिकायत के आधार पर गली में अर्थिंग करने का काम रुकवा दिया है। टावर की रेडिएशन अधिक होने की शिकायत पर जांच करा सकते हैं। जांच में किसी तरह की कमी पाई जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

रमेश कुमार, एसई, नगर निगम। वर्जन :

मुखीजा कॉलोनी के लोग टावर का काम बंद कराने की मांग को लेकर मिले हैं। कमिश्नर ओमप्रकाश ने टावर के लिए एनओसी न देने की बात कही है। इसमें किसी तरह की लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी पर कार्रवाई की जाएगी।

प्रमोद विज, विधायक, पानीपत शहरी।

chat bot
आपका साथी