घर में रहकर लोग हो रहे ठीक, यमुनानगर में 1021 एक्टिव केस, 831 होम आइसोलेट

यमुनानगर में घर पर ही ज्‍यादातर लोग ठीक हो जा रहे हैं। वर्तमान में 1021 एक्टिव केस यमुनानगर में हैं इसमें से 831 लोग होम आइसोलेट हैं। वहीं मंगलवार को 220 नए कोरोना संक्रमित मिले जबकि 204 हुए ठीक।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Wed, 21 Apr 2021 05:16 PM (IST) Updated:Wed, 21 Apr 2021 05:16 PM (IST)
घर में रहकर लोग हो रहे ठीक, यमुनानगर में 1021 एक्टिव केस, 831 होम आइसोलेट
यमुनानगर में 220 नए कोरोना संक्रमित मामले आए।

यमुनानगर, जेएनएन। कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को जिले में  220 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं 204 मरीज ठीक हुए हैं। अब जिले में 1021 सक्रिय केस हो गए हैं। इनमें से 831 मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है। अब तक जिले में 11683 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें से 10470 मरीज ठीक हो चुके हैं।

वहीं मंगलवार को कोरोना संक्रमित शांति कालोनी निवासी 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला का कई दिनों से अंबाला के अस्पताल में इलाज चल रहा है। जहां हालत में सुधार नहीं हुआ और उनकी मौत हो गई।

नगर निगम की टीम ने कराए चार संस्कार

स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल बुलेटिन में एक महिला की मौत की जानकारी दी है। वही नगर निगम की टीम ने मंगलवार को चार संस्कार कोविड प्रोटोकॉल के तहत किए। इनमें से जेपी अस्पताल में दाखिल उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के गंगोह निवासी 57 वर्षीय अधेड़ की मौत हुई। सहारनपुर के थानामंडी निवासी 39 वर्षीय युवक की गाबा अस्पताल और बिलासपुर के 38 वर्षीय युवक की मौत हुई। इन सभी का कोविड नियमों के तहत नगर निगम की टीम ने संस्कार कराया।

2368 सैंपलों की रिपोर्ट लंबित

सिविल सर्जन डा. विजय दहिया ने बताया कि अब तक जिले के दो लाख 63 हजार 455 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से दो लाख 47 हजार 639 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। अभी 2368 सैंपलों की रिपोर्ट लंबित है। जिले का रिकवरी रेट भी गिरकर 89.61 फीसद है। पॉजिटिविटी रेट 4.43 फीसद पर है। लोगों से अपील है कि वह नियमों का पालन करें और मास्क का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।

रादौर में 13 नए कोरोना संक्रमित मिले

क्षेत्र में करोना के केसों में बढ़ोतरी हो रही है। मंगलवार को 13 नए मामले सामने आए हैं। एसएमओ डॉक्टर विजय परमार ने बताया कि 13 नए मामलों में गांव मथाना का एक युवक है। 12 केस रादौर में मिले हैं। इनमें वार्ड नंबर चार, शिव कालोनी, गीता कालोनी, छोटाबांस, छिंबी मोहल्ला, वार्ड नंबर एक व उधम ङ्क्षसह कालोनी में संक्रमित मिले हैं। मंगलवार को भी 153 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए।

chat bot
आपका साथी