जींद में कोरोना का विकराल रूप, पांच महिलाओं की मौत, 20 दिन में 32 लोगों की जा चुकी जान

जींद में कोरोना विकराल रूप दिखा रहा है। मंगलवार को कोरोना से 5 महिलाओं की मौत हो गई। सभी की उम्र 50 वर्ष से ज्यादा है। 14 बैंक कर्मियों सहित 266 लोग पॉजिटिव मिले हैं। कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या 1144 हो गई है।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 08:32 PM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 08:32 PM (IST)
जींद में कोरोना का विकराल रूप, पांच महिलाओं की मौत, 20 दिन में 32 लोगों की जा चुकी जान
जींद में कोरोना से मौत के आंकड़ें डराने वाले हैं।

जींद, जेएनएन। जिले में कोरोना संक्रमितों की मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव पांच महिलाओं की मौत हो गई। मरने वाली सभी महिलाएं उम्र 50 वर्ष से ज्यादा हैं। जिले में 20 दिन में 32 कोरोना पॉजिटिव की मौत हो चुकी है। मरने वालों का आंकड़ा बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता को बढ़ा दिया है।

वहीं मंगलवार को 841 सैंपलों की रिपोर्ट में 266 लोग पॉजिटिव मिले हैं। इसमें उचाना व जुलाना के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के 14 कर्मचारी, अलेवा थाना में तैनात एक पुलिस कर्मी शामिल है। कोरोना पॉजिटिव मिले लोगों में 50 फीसदी से ज्यादा युवा शामिल है। जिले में कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या 1144 हो गई है। जबकि 198 लोग स्वस्थ हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक 8760 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसमें से 6966 लोग कोरोना को हराकर स्वस्थ हो चुके हैं।

सिविल सर्जन डा. मनजीत सिंह ने बताया कि बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए सैंपलों की संख्या को बढ़ा दिया है। मंगलवार को 1144 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इसमें जींद नागरिक अस्पताल में 489, अलेवा में 110, सफीदों में 100, नरवाना में 98, कालवा में 81, उचाना में 73, उझाना में 65, जुलाना में 54, कंडेला में 37, खरकराजी में 37 लोगों के सैंपल लिए हैं। अब तक दो लाख नौ हजार 294 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। इसमें से 2974 सैंपलों की रिपोर्ट आना शेष है।

उझाना गांव की दो महिलाओं की हुई मौत

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मंगलवार को कोरोना से मरने वाली पांच महिलाओं में दो गांव उझाना की रहने वाली हैं। गांव उझाना की 60 वर्षीय महिला को एक सप्ताह पहले बुखार आया था। उसके बाद स्वजनों ने उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में दाखिल करवाया था, लेकिन वहां पर उसकी तबीयत बिगड़ गई। स्वजन उसे हिसार के निजी अस्पताल में लेकर गए। जहां पर कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। इसके बाद उसको अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवा दिया। जहां पर उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि उझाना गांव की दूसरी महिला 52 वर्ष की है और उसे सांस लेने में दिक्कत के चलते नागरिक अस्पताल जींद में दाखिल करवाया था। जहां पर उपचार के दौरान मौत हो गई।

भगत सिंह कालोनी में हुई तीसरी मौत

तीसरी मौत शहर की भगत सिंह कालोनी की 62 वर्षीय महिला की हुई है। महिला को कई दिन से बुखार आ रहा था। जहां पर ज्यादा दिक्कत होने पर स्वजनों ने उसे हिसार के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया और उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। मंगलवार को उसकी मौत हो गई। चौथी मौत गांव बड़ौदा निवासी 40 वर्षीय महिला की हुई है। महिला को कई दिन से बुखार आ रहा था और उचाना के निजी अस्पताल में दाखिल थी। जहां पर उसकी कोरोना से मौत हो गई। पांचवीं मौत गांव कर्मगढ़ की 52 वर्षीय महिला की हुई है।इसको भी बुखार के साथ सांस लेने में दिक्कत थी। जब स्वजनों ने उसका टेस्ट करवाया तो वह पॉजिटिव मिली। उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

अस्पताल का कोविड वार्ड फुल, 92 लोग दाखिल

नागरिक अस्पताल के कोविड वार्ड में मरीजों की दाखिल होने की संख्या लगातार बढ़ रही है। मंगलवार को भी 12 नए कोरोना पॉजिटिव कोविड वार्ड में दाखिल हुए। सोमवार को जहां 78 कोरोना पॉजिटिव नागरिक अस्पताल में कोविड वार्ड में दाखिल थे। मंगलवार को इसका आंकड़ा 92 पहुंच गया है। इसके कारण नागरिक अस्पताल के पुराने भवन के साथ नए भवन में भी बेड फुल हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने गंगापुत्र अस्पताल में नया कोविड वार्ड बनाया है। जहां पर जल्द ही कोरोना पॉजिटिव को दाखिल करना शुरू कर दिया जाएगा।

वैक्सीन लगाने वालों का आंकड़ा पहुंचा एक लाख पार

कोरोना वैक्सीन लगवाने वालों का आंकड़ा एक लाख पार हो गया है। अब तक एक लाख 172 लोग वैक्सीन लगवा चुके हैं। इसमें से 94 हजार 566 लोगों ने पहली डोज, 5606 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई है। मंगलवार को चले वैक्सीनेशन अभियान के दौरान 1770 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इसमें 60 वर्ष से ज्यादा उम्र के 674 लोगों को पहली डोज, 94 लोगों को दूसरी डोज लगवाई। 45 से 59 वर्ष के 940 लोगों ने पहली डोज, छह लोगों ने दूसरी डोज लगवाई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. रमेश पांचाल ने बताया कि अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाने का प्रयास है। लोगों से आह्वान किया कि कोरोना महामारी से बचने के लिए लोग वैक्सीन जरूर लगवाएं।

पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी