यमुनानगर पुलिस लाइन में सनसनी, फंदे पर लटका मिला सिपाही का शव

मृतक कांस्टेबल राजेश जिला जींद के सफीदों के रहने वाले थे। 5वीं बटालियन एचएपी मधुबन में तैनात थे। सुबह कर्मचारियों की गिनती में अनुपस्थित मिला। उसकी खोज की तो हाल में शव फंदे पर लटका मिला। गांव जयधर में उसकी ड्यूटी लगाई गई थी।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Fri, 23 Jul 2021 07:52 PM (IST) Updated:Fri, 23 Jul 2021 07:52 PM (IST)
यमुनानगर पुलिस लाइन में सनसनी, फंदे पर लटका मिला सिपाही का शव
पुलिस का मानना है कि कांस्टेबल ने डिप्रेशन के चलते आत्महत्या की है।

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। जगाधरी में अंबाला मार्ग स्थित जिला पुलिस लाइन के हाल में सिपाही 26 वर्षीय राजेश सिंहमार ने पंखे पर लगाए फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार को पुलिस लाइन में कर्मचारियों की गिनती की गई तो वह अनुपस्थित मिला। दोपहर के समय कर्मचारी उसकी तलाश करते हुए हाल के तीसरी मंजिल पर गए तो उन्होंने राजेश का शव फंदे पर लटका देखा।

मृतक राजेश जिला जींद के सफीदों में वार्ड 10 के रहने वाले थे। इन दिनों 5वीं बटालियन एचएपी मधुबन में तैनात थे। एसपी कमलदीप गोयल, डीएसपी हेडक्वार्टर सुभाष चंद्र, सिटी एसएचओ जगाधरी सुरेश शर्मा व बटालियन के डीएसपी शमशेर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देते हुए शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया।

जांच के दौरान दौरान जब राजेश सिंहमार के बैग की तलाशी ली तो उसमें से कुछ दवाइयां व स्लिप मिली हैं। दवाइयां डिप्रेशन की हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि मृतक डिप्रेशन में था। जिससे परेशान होकर उन्होंने आत्महत्या की। राजेश ने पास में ही पेंट करने के लिए रखी सीढ़ी को पंखे के नीचे लगाया। सीढ़ी पर चढ़कर फंदा लगाया और आत्महत्या कर ली।

 

यमुनानगर पुलिस लाइन में कांस्टेबल के फंदा लगाकर आत्महत्या करने के बाद जांच करते पुलिसकर्मी।

जयधर गांव में थी तैनाती

थाना शहर जगाधरी एसएचओ जगाधरी सुरेश शर्मा ने बताया कि राजेश 5वीं बटालियन एचएपी में तैनात था। ईद पर कुर्बानी को लेकर छछरौली के गांव जयधर में दो समुदायों के बीच विवाद हो गया था। इसके लिए ला एंड आर्डर को बनाए रखने के लिए फोर्स मंगवाई गई थी। अन्य पुलिसकर्मियों के साथ राजेश की ड्यूटी भी गांव जयधर में लगाई गई थी। वीरवार रात ज्यादातर कर्मचारी पुलिस लाइन में लौट आए थे। इनमें राजेश भी शामिल था। शुक्रवार सुबह पीटी के लिए पुलिस लाइन में कर्मियाें को ग्राउंड में एकत्रित किया गया तो राजेश वहां नहीं पहुंचा। दोपहर को कर्मचारी उसकी तलाश करते हुए हाल में पहुंचे तो राजेश फंदे से लटका मिला। 

10 अगस्त को राजेश का जन्मदिन

एसएचओ ने बताया कि राजेश वर्ष 2018-19 में पुलिस में भर्ती हुआ था। 10 अगस्त को उसका जन्मदिन है। एसएचओ के मुताबिक मौके से कुछ दवाइयां मिली। आशंका है कि मानसिक तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया। वह अभी अविवाहित था। शव का पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। परिजनों के आने पर ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी