कैथल में तिरंगा यात्रा, ओपी धनखड़ बोले- कांग्रेस ने देशवासियों को शहीदों के गौरवशाली इतिहास से दूर किया

कैथल के कलायत में भाजपा ने शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा निकाली। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री कमलेश ढांडा भी मौजूद रहीं। धनखड़ ने कहा कि नरेंद्र मोदी अटल बिहारी वाजपेयी की ओर से शुरू की शहीद सम्मान परंपरा को आगे बढ़ाने में लगे हैं।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Tue, 10 Aug 2021 07:27 PM (IST) Updated:Tue, 10 Aug 2021 07:27 PM (IST)
कैथल में तिरंगा यात्रा, ओपी धनखड़ बोले- कांग्रेस ने देशवासियों को शहीदों के गौरवशाली इतिहास से दूर किया
शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा के कारवां में शामिल प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़, राज्यमंत्री कमलेश ढांडा और जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर।

संवाद सहयोगी, कलायत। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस ने सदैव शहीदों और देश पर बलिदान होने वाले वीरों के इतिहास से देशवासियों को दूर करने का प्रयास किया। स्वर्गीय प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वतन पर मिटने वालों के साथ-साथ इनके स्वजनों को सम्मान देते आए हैं। गांव-गांव वीरों की शौर्य गाथा पहुंचाने के लिए सरकार ने शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा की पहल हरियाणा से की है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ मंगलवार को कलायत अनाज मंडी में महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री कमलेश ढांडा के संयोजन में आयोजित तिरंगा यात्रा में बोल रहे थे। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर और राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य जसवंत पठानिया मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा अनाज मंडी से शुरू होकर नेशनल हाईवे स्थित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप सामुदायिक केंद्र परिसर में संपन्न हुई। करीब तीन किलोमीटर की इस परिधि में रेलवे रोड और नेशनल हाईवे देश की शान के प्रतीक तिरंगे के रंग में रंगा था।

शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा बड़ी पहल

ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि भारतीय सेना में हरियाणा से सैनिक निरंतर जांबाज बनकर दुश्मनों से लड़ते आए हैं। सुरक्षा के लिए देश के प्रति शहादत देने में इनकी सहभागिता 25 प्रतिशत है। शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा भाजपा सरकार की बड़ी पहल है। राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि वतन पर हंसते-हंसते प्राणों की आहुति देने वाले वीरों के कारण ही आज देश का हर नागरिक आजादी की खुली हवा में सांस ले रहा है। वीरों का कर्ज कभी चुकाया नहीं जा सकता।

भाजपा सिर्फ राजनीतिक संगठन नहीं

उन्होंने कहा कि भाजपा महज एक राजनीतिक संगठन नहीं है, अपितु अपने देश के प्रति समर्पित होकर, देश के विकास, यहां रहने वाले लोगों के उत्थान, यहां की सामाजिक, परंपराओं को सहेजने में विश्वास रखने वाला परिवार है। आज हम सब अपने देश की आन, बान, शान को बढ़ाने में अपना सबकुछ, अपना जीवन न्यौछावर करने वाले शहीदों के सम्मान में एकत्रित हुए हैं।

शहीदों के सम्मान में तिरंगा यात्रा आगाज

राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि शहीदों के सम्मान में यह तिरंगा यात्रा एक आगाज है ताकि हमारे युवा शहीदों के प्रति अपनी सोच को बदले और उनके प्रति मन में सम्मान की भावना लाएं। शहीदों के सम्मान में यह तिरंगा यात्रा एक बिगुल है, ऐसे लोगों की नकारात्मक विचारधारा के खिलाफ। जो देश के प्रति सम्मान नहीं रखते, जो हमारे शहीदों के प्रति सम्मान का भाव नहीं रखते।

उत्साह एवं उमंग की दिखी हर तरफ झलक

शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में तुषार ढांडा, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष संजीव राणा, मंडल अध्यक्ष महीपाल राणा, दिलावर मलिक, नंबरदार एसोसिएशन प्रांतीय कोषाध्यक्ष संजय सिंगला, पूर्व मंडी प्रधान जयदीप राणा, सुरेश संधू, किसान मोर्चा पूर्व अध्यक्ष अजीत चहल मौजूद थे।

देश प्रेम की अलख जगाने में सफल रहे धनखड़

संवाद सहयोगी, कलायत (कैथल)। कलायत में शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा के माध्यम से भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जन में देश प्रेम की भावना का जोश भरने में सफल रहे। अनाज मंडी से लेकर नेशनल हाईवे पर स्थित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप सामुदायिक केंद्र तक कारवां चला। लोग अपने हाथों में तिरंगा लेकर देश के सजग प्रहरी की भांति आगे बढ़ते चल रहे थे। महिलाओं, बड़े-बुजुर्गों और युवाओं का जज्बा देश प्रेम की भावना के रंग में रंगा था। महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री कमलेश ढांडा की अगुवाई में यह कारवां वीरों की गाथाओं का गुणगान कर रहा था। गर्मी और उमस इनके उत्साह को तनिक भी कम नहीं कर पा रही थी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा के आगाज का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

निरंतर समारोह से जुड़ी रही भीड़

कलायत की धरती पर राजनीतिक दलों का शक्ति प्रदर्शन अपने-अपने दलों के झंडे को उठाकर निरंतर होता रहा है। इस बीच शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा देश प्रेम की लौ जगाने का नया अध्याय शुरू कर गई। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ और राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने अपने संबोधन में मुख्य रूप से शहीद सम्मान पर ही फोकस रखा है। तिरंगा यात्रा में तिरंगे की गरिमा का हर नागरिक ने ख्याल रखा।

पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी