हवा ने बदला रुख, हरियाणा में सुबह की सर्दी एक बार फिर कर सकती है वापसी

फरवरी में हरियाणा में लगातार बढ़ती गर्मी से लोगों को परेशानी होने लगी थी। इस बार फरवरी में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है जो पिछले 10 सालों में सर्वाधिक है। लेकिन अब हवाओं के रूख में तब्दीली देखने को मिली है।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 04:12 PM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 04:12 PM (IST)
हवा ने बदला रुख, हरियाणा में सुबह की सर्दी एक बार फिर कर सकती है वापसी
इस बार फरवरी में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है जो पिछले 10 सालों में सर्वाधिक है।

करनाल, जेएनएन। फरवरी माह में ही मौसम इतना गर्म हो गया कि जैसे सर्दी पूर्ण रूप से चली गई हो। इस समय मौसम की जो परिस्थितियां चल रही हैं, उसमें ऐसा मौसम मार्च माह के पहले पखवाड़े में देखने को मिलता है। लेकिन फरवरी माह में इतनी गर्मी ने लोगों को परेशानी में डाल दिया है। तापमान रोजाना नए रिकॉर्ड बना रहा है। इस बार फरवरी में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है जो पिछले 10 सालों में सर्वाधिक है। उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में दो सप्ताह से दिन का तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। रात के तापमान में भी अधिकांश जगहों पर बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

पहाड़ी क्षेत्र से मैदानी इलाकों की तरफ चलेगी ठंडी हवा 

अब हवाओं के रुख में तब्दीली देखने को मिली है। अब स्थितियां बदल रही हैं। पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को पार कर पूर्वी दिशा में चला गया है। पहाड़ों पर मौसमी हलचल लगभग बंद हो गई है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि अब ठंडी हवा पहाड़ी क्षेत्र से मैदानी इलाकों की तरफ चलेगी। इसका प्रभाव पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में देखने को मिल सकता है। कुछ जगहों पर दिन व रात के तापमान में भी कमी देखने को मिल सकती है।

पिछले 24 घंटे में दिन के तापमान में भी गिरावट आई

हवा का रुख बदलने से पिछले 24 घंटे में दिन के तापमान पर भी असर देखने को मिला है। रविवार को अधिकतम तापमान गिरावट के साथ 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली है। अगले दो-तीन दिनों तक उत्तर पश्चिमी ठंडी हवाओं का प्रभाव रहेगा जिसके कारण विभिन्न क्षेत्रों में तापमान इसी तरह से और नीचे जाएगा। तापमान में गिरावट के कारण अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत, रेवाड़ी, दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ व सहारनपुर के आसपास के भागों में सुबह की सर्दी एक बार फिर वापसी कर सकती है।

रविवार को यह रहा दिनभर मौसम का हाल

रविवार को अधिकतम तापमान गिरावट के साथ 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान भी गिरावट के साथ 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय नमी की मात्रा 100 फीसदी दर्ज की गई जो शाम को घटकर 66 फीसदी रह गई। हवा का दबाव सुबह 11.2 फीसदी दर्ज किया गया जो शाम तक बढ़कर 17.1 फीसद हो गया। हवा 2.4 किलोमीटर प्रतिघंटा की औसत रफ्तार से चली। केंद्रीय मृदा लवणता अनुंसधान संस्थान के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में मौसम साफ रहेगा। तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

chat bot
आपका साथी