सीएम मनोहर लाल ने बंद कमरे में ली कार्यकर्ताओं की बैठक, बोले- मार्केट फीस की चोरी बर्दाश्त नहीं

सीएम मनोहर लाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ यमुनानगर में बंद कमरे में बैठक की। बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इसमें पार्टी के चुनिंदा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को ही शामिल किया गया था। हालांकि पार्टी का निजी कार्यक्रम करार देते हुए मीडिया को इससे दूर रखा गया।

By Rajesh KumarEdited By: Publish:Mon, 22 Nov 2021 05:23 PM (IST) Updated:Mon, 22 Nov 2021 05:23 PM (IST)
सीएम मनोहर लाल ने बंद कमरे में ली कार्यकर्ताओं की बैठक, बोले- मार्केट फीस की चोरी बर्दाश्त नहीं
यमुनानगर में पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की बैठक लेते सीएम मनोहर लाल।

यमुनानगर, जागरण संवाददाता। सीएम मनोहर लाल व हरियाणा विधान सभा के अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता रविवार को यमुनानगर पहुंचे। सबसे पहले समाज सेवी व गुरु नानक खालसा शिक्षण संस्थानों के पूर्व संरक्षक भूपेंद्र सिंह जौहर के निधन पर शोक जताने उनके निवास स्थान पर पहुंचे। उसके बाद जगाधरी स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। हालांकि पार्टी का निजी कार्यक्रम करार देते हुए मीडिया को इससे दूर रखा गया। पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की।

सीएम ने आरएसएस के विभाग कार्यवाह अमर सिंह नंदगढ़ की बेटी शिवानी की शादी में शिरकत कर वर-वधु को आशीर्वाद दिया। शिवानी की शादी शिवपुरी बी के प्रिंस से हुई है। उनके दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला दिनभर सतर्क रहा। चौकों पर सुरक्षा चाक-चौबंद रही।

बंद कमरे में विकास पर चर्चा

सीएम मनोहर लाल पार्टी कार्यालय पर बंद कमरे में बैठक की। इसमें पार्टी के चुनिंदा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को ही शामिल किया गया था। इसमें शिक्षा, वन एवं पर्यटन मंत्री कंवरपाल गुर्जर, सांसद रतन लाल कटारिया, विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, मेयर मदन चौहान व पार्टी के पार्षद शामिल हुए थे। बताया जा रहा है कि बैठक में शहर के विकास से जुड़े मुद्दों पर मंथन हुआ। साथ ही कृषि कानून वापस लिए जाने को लेकर भी कार्यकर्ताओं से बातचीत हुए। सीएम ने कार्यकर्ताओं को यह भी निर्देश दिए कि पार्टी की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाए। इसके अलावा शहर के विकास को गति दी जाए। विकास के मामले में फंड की कमी नहीं आने दी जाएगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में कार्यकर्ताओं ने सीएम के समक्ष कुछ दिक्कतें भी रखी।

अवैध कालोनियों में नहीं होगी रजिस्ट्री

बैठक में सीएम मनोहर लाल ने कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कालोनियों में किसी भी सूरत में रजिस्ट्री न हो। जिन कालोनियों में 70 प्रतिशत विकास हो चुका है, उनको जल्दी ही नियमित किया जाएगा। डेवलेपमेंट चार्ज लेने के बाद विकास कार्य शुरू करवा दिए जाएंगे। पार्षदों ने प्रापर्टी टैक्स के सर्वे में अनियमितताओं की शिकायत भी लिखित में दी। पार्टी के ही एक पार्षद ने यह भी मांग रखी कि वह अपने स्तर छिटपुट कार्य करवा सकें लेकिन सीएम ने स्पष्ट किया कि विकास कार्य निगम के माध्यम से ही होंगे।

खेत से सीधा फैक्ट्री में नहीं जाएगी लकड़ी

सीएम ने बैठक के दौरान कहा कि मार्केट फीस की चोरी बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खेत से सीधे फैक्ट्री में लकड़ी नहीं जाएगी। इस बात का विशेष रूप से ध्यान रखा जाएगा। सीएम ने यह भी कहा कि जो औद्योगिक इकाइयां सीएलयू लेकर लगाई गई हैं, उनको विकास से महरूम नहीं रखा जाएगा। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा जमीनी स्तर पर कार्य करती है। प्रदेश में भ्रष्टाचार को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एचएसएससी के उप सचिव नागरा के पकड़े जाने पर कहा कि भ्रष्टाचारियों की जगह अब जेल में होगी। भाजपा शुरू से ही सुशासन की पक्षधर है। पर्ची-खर्ची का पार्टी में कोई स्थान नहीं है।

chat bot
आपका साथी