चढ़ूनी का यूपी मिशन, लखीमपुर खीरी मामले में 26 को थानों का घेराव, 14 को पीलीभीत में किसान महापंचायत

भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्‍यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने किसान महापंचायत का एलान किया है। चढ़ूनी ने यूपी मिशन के तहत पीलीभीत में किसान महापंचायत का आह्वान किया गया। महापंचायत 14 नवंबर को होगी। वहीं योगेंद्र यादव की बर्खास्‍ती की मांग की।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 04:29 PM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 04:29 PM (IST)
चढ़ूनी का यूपी मिशन, लखीमपुर खीरी मामले में 26 को थानों का घेराव, 14 को पीलीभीत में किसान महापंचायत
भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्‍यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी।

कुरुक्षेत्र, जागरण संवाददाता। भारतीय किसान यूनियन के हरियाणा प्रदेशाध्‍यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने एक और किसान महापंचायत का एलान किया है। चढ़ूनी ने इस बार यूपी मिशन का जिक्र करते हुए किसानों से पीलीभीत पहुंचने का आह्वान किया। उन्‍होंने योगेंद्र यादव पर एक बार फिर से निशाना साधा। उन्‍होंने कहा कि योगेंद्र लखीमपुर खीरी उपद्रव के दौरान जान गंवाने वाले भाजपा कार्यकर्ता के घर गए। योगेंद्र को माफी मांगनी चाहिए।

26 को उत्‍तर प्रदेश के पुलिस थानों पर प्रदर्शन

चढ़ूनी ने वीडियो जारी करते हुए कहा कि भारतीय किसान मजदूर महासंघ ने 14 नवंबर को उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में महापंचायत बुलाने का फैसला लिया है। इस किसान महापंचायत में लखीमपुर हादसे के आरोपित को गिरफ्तार करने की मांग की जाएगी। इसके साथ ही 26 अक्टूबर को लखीमपुर हादसे के आरोपी को गिरफ्तार न करने के विरोध में उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में पुलिस थानों पर प्रदर्शन किया जाएगा। इतना ही नहीं देशभर में सभी जिला मुख्यालयों पर इसके विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा। यह फैसला भारतीय किसान मजदूर महासंघ की बैठक में लिया गया। यह बैठक प्रधान हिम्मत सिंह गुर्जर की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

पंजाब, हरियाणा और उत्‍तर के किसानों को पहुंचने का किया आह्वान

चढ़ूनी ने कहा कि लखीमपुर खीरी उपद्रव मामले में गृहमंत्री राज्‍य मंत्री की गिरफ्तारी न होने पर किसान, मजदूर संगठन और किसान संगठन पुरजोर लगाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। वहीं, पीलीभीत में किसान महापंचायत की अगुवाई हरियाणा, पंजाब और उत्‍तर प्रदेश के किसान नेता करेंगे। 

पांच टीमें करेंगी प्रचार प्रसार

बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन फेडरेशन ने संयुक्त किसान मोर्चा से योगेंद्र यादव को बर्खास्त करने की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि पीलीभीत में आयोजित महापंचायत को लेकर उत्‍तर प्रदेश में भारतीय किसान मोर्चा दूसरे राज्‍यों की पांच टीमों का गठन कर उत्तर प्रदेश में प्रचार किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी