सीबीएसई ने स्कूलों से मांगी जानकारी, कितने शिक्षकों व कर्मचारियों को लगी वैक्सीन

टीकाकरण से संबंधित जानकारी एकत्र करने के लिए सीबीएसई (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड) ने स्कूलों से कितने शिक्षकों व कर्मचारियों को वैक्सीन लगी है इसको लेकर जानकारी मांगी है। ऐसे में स्कूल की टीकाकरण सूचना प्रणाली शुरू की गई है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Jul 2021 04:11 AM (IST) Updated:Thu, 22 Jul 2021 04:11 AM (IST)
सीबीएसई ने स्कूलों से मांगी जानकारी, कितने शिक्षकों व कर्मचारियों को लगी वैक्सीन
सीबीएसई ने स्कूलों से मांगी जानकारी, कितने शिक्षकों व कर्मचारियों को लगी वैक्सीन

जागरण संवाददाता, पानीपत : टीकाकरण से संबंधित जानकारी एकत्र करने के लिए सीबीएसई (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड) ने स्कूलों से कितने शिक्षकों व कर्मचारियों को वैक्सीन लगी है, इसको लेकर जानकारी मांगी है। ऐसे में स्कूल की टीकाकरण सूचना प्रणाली शुरू की गई है। यह सिस्टम सीबीएसई स्कूलों के वैक्सीनेशन स्टेटस की रिपोर्ट कलेक्ट करने के लिए बनाया गया है। इसके माध्यम से बोर्ड को पता चलेगा कि कितने स्टाफ को वैक्सीन लगी है कितने को नहीं। बोर्ड ने स्कूलों से अनुरोध किया है कि वे जल्द से जल्द जानकारी को पूरा कर पोर्टल में अपडेट करने के साथ शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित करें।

बोर्ड सचिव अनुराग त्रिपाठी ने जारी सर्कुलर में स्पष्ट कहा है कि कोविड-19 के संक्रमण को रोकने के प्रयासों को जारी रखते हुए सरकार ने स्कूलों में शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों सहित प्राथमिकता वाले समूहों के कोविड टीकाकरण पर जोर दिया है। सीबीएसई ने भी विभिन्न परिपत्रों और गतिविधियों के माध्यम से स्कूल प्रमुखों को सरकार की विभिन्न पहलों की जानकारी देते हुए प्रोत्साहित किया है। जिसमें कोविड -19 के बारे में संदेश का प्रसार भी शामिल है। इसे उपयुक्त व्यवहार अभियान-जन आंदोलन का नाम दिया है। बोर्ड ने कहा है कि इसका मकसद कोविड-19 कैंपेन में सहयोग करना है। वेबसाइट पर बनाया गया है विशेष टैब

सीबीएसई की सिटी कोर्डिनेटर विनीता तोमर ने दैनिक जागरण को बताया कि टीकाकरण विवरण के संबंध में वेबसाइट पर स्कूलों की टीकाकरण सूचना प्रणाली को लेकर टैब बनाया गया है। उक्त पोर्टल को स्कूलों की टीकाकरण सूचना प्रणाली टैब के तहत सीबीएसई वेबसाइट के होमपेज के माध्यम से एक्सेस करना है। इसमें स्कूलों को अपने स्टाफ सदस्यों को तीन श्रेणियों में वर्गीकृत करना होगा। जैसे शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारी, जिन्होंने टीकाकरण पूरा कर लिया है। फिर जिन शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारी, जिन्होंने केवल पहली खुराक ली है और वे जिन्होंने पहली खुराक नहीं ली है। आज शाम तक देनी होगी जानकारी

सिटी कोर्डिनेटर ने बताया कि स्कूलों को पोर्टल पर उक्त जानकारी 22 जुलाई वीरवार शाम चार बजे तक अपलोड करनी होगी। टीकाकरण विवरण के संबंध में वेबसाइट पर एक विशेष टैब बनाया गया है। उस पर स्कूलों को अपनी पंजीकृत आईडी और पासवर्ड का उपयोग करके लागिन कर विवरण भरना होगा। पानीपत जिले में करीब 70 स्कूलों में सैकड़ों का स्टाफ है। सभी को अवगत करा दिया गया है।

chat bot
आपका साथी