नवीन जयहिंद सहित 24 लोगों पर केस दर्ज, पुरुषोत्तमपुरा बाग में भाले और हथियार लेकर घुसे थे सभी
कुरुक्षेत्र में आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष पर केस दर्ज कर लिया गया है। नवीन जयहिंद सहित करीब 24 लोगों पर आपदा प्रबंधन और सरकारी आदेशों की उल्लंघन करने पर केस दर्ज किया गया है। ये सभी भाले और हथियार लेकर पुरुषोत्तमपुरा में घुसे थे।
कुरुक्षेत्र, जागरण संवाददाता। कुरुक्षेत्र ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में भाले व दूसरे हथियार लेकर पहुंचे आम आदमी पार्टी नेता नवीन जयहिंद व 25 अन्य के खिलाफ केयूके थाना पुलिस ने आपदा प्रबंधन व सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने का केस दर्ज किया है। नवीन जयहिंद व अन्य जबरन ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में घुसे थे। केयूके थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
केयूके थाना पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक अरुण कुमार ने केयूके थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि वह ब्रह्मसरोवर के मुख्य द्वार पर पुलिस कर्मचारियों के साथ तैनात थे। आम आदमी पार्टी के नेता नवीन जयहिंद व 25 अन्य अनुमति न दिए जाने के बाद भी भीड़ जुटाकर सरकारी आदेशों का उल्लंघन करते हुए अंदर घुसे। प्रशासन ने यहां धारा 144 लागू की हुई थी। आप कार्यकर्ता नारे लगाते हुए पुरुषोत्तमपुरा बाग में श्रीकृष्ण अर्जुन रथ पर पहुंच गए थे।
पुलिस कर्मचारियों के रोकने पर नवीन जयहिंद ने कहा था कि यहां पर मुख्यमंत्री ने पत्रकार वार्ता की है। उनका भी अधिकार है। वे नौकरियों में भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए यहां आए हैं। सरकार इस मामले को दबा रही है। पुलिस ने ब्रह्मसरोवर पर बिना अनुमति के पत्रकार वार्ता करने के लिए भीड़ जुटाने तथा कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन करने के आरोप में केस दर्ज किया है। विदित है कि पानीपत के शहर थाना पुलिस ने भी तीन साल पहले मामले में नवीन जयहिंद को तलब किया था, जिस मामले में वे पानीपत पुलिस के समक्ष पेश हुए थे। अब कुरुक्षेत्र में भी मामला दर्ज हो गया है।
अदालत में भेजा जाएगा मामला
सहायक उपनिरीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस बारे में नोटिस भेजा जाएगा। अगर वह पुलिस के समक्ष पेश नहीं होते तो मामला अदालत में भेज दिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।