Bus accident in Panipat: यात्री कहते रहे हाईवे पर बस न रोकना, चालक की मनमानी लील गई तीन जिंदगी

पानीपत में जीटी रोड पर बड़ा हादसा हो गया। उत्‍तर प्रदेश के सुल्‍तानपुर से पंजाब जा रही श्रमिकों से भरी बस को ट्रक ने पीछे से टक्‍कर मार दी। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 14 लोग घायल हो गए हैं। ड्राइवर की लापरवाही सामने आ रही है।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 02:44 PM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 02:44 PM (IST)
Bus accident in Panipat: यात्री कहते रहे हाईवे पर बस न रोकना, चालक की मनमानी लील गई तीन जिंदगी
पानीपत में शनिवार को हाईवे पर हादसे की शिकार हुई बस।

जागरण संवाददाता, पानीपत। निजी बस चालक की मनमानी और तेज रफ्तार ट्रक ने खादी आश्रम के सामने जीटी रोड पर एक छात्र, छात्रा और कामगार की जिंदगी लील ली। गंभीर रूप से घायल आठ लोग जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। घायल उत्तर प्रदेश के जिला सुल्तानपुर के चौरमा गांव के 57 वर्षीय राजाराम ने जागरण को बताया कि सात साल बाद वह लुधियाना की लक्कड़ की फैक्ट्री में काम के लिए जा रहा था।

इसी बस में उसके परिवार का किन्नू नामक युवक भी था, जो कि दूसरी सीट पर बैठा था। वह पीछे से पांचवीं सीट पर अयोध्या के पल्लेपार भवानी के साथ बैठे थे। बस चालक दलबीर ने अवैध स्टैंड पर बस खड़ी कर दी। पानीपत की दो सवारियों को नीचे उतारने लगा। तब उन्होंने चालक को टोका था कि हाईवे पर गाड़ी खड़ी करना खतरनाक हो सकता है। चालक ने किसी की नहीं मानी। तभी तेज गति से ट्रक ने टक्कर मारी। धमाका हुआ। यात्री इधर-उधर गिरे। छह सीट पिचक गई। बस के आगे के शीशे भी चिटक गए। उसका माथा फूट गया और खून बहने लगा। भवानी प्रसाद की भी टांग में चोट लगी। आसपास के लोगों ने उन दोनों व अन्य घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। अगर बस चालक गाड़ी अवैध स्टैंड पर नहीं रोकता तो शायद हादसा नहीं होता।

लुधियाना फैक्ट्री में सिलाई का काम करना था

भवानी प्रसाद ने बताया कि लुधियाना फैक्ट्री में उनका साला हंसु काम करता है। वह भी उनके पास जा रहा था। सिलाई कर परिवार का पोषण करना था। अब चोटिल हो गया है। वह साल के पास न जाकर गांव लौट जाएगा।

पिता की सात महीने पहले हो गई थी हत्या, बेटा हादसे का शिकार हो गया

अमर ने बताया कि वह पिपरा बुजुर्ग गांव के राहुल का नाना है। सात महीने पहले राहुल के पिता छोटेलाल कुशवाहा की रंजिश में हत्या कर दी गई थी। राहुल का छोटा भाई हेमंत मां बेबी है। 12वीं कक्षा पास करने के बाद राहुल लखनऊ में मैकेनिकल का डिप्लोमा कर रहा था। राहुल के मौसा डब्लयू लुधियाना की एक फैक्ट्री में सुपरवाइजर हैं। मौसा ने ही राहुल को कहा था कि उनके पास लैपटाप है। राहुल लैपटाप लेने के लिए मौसा के पास जा रहा था। तभी हादसे का शिकार हो गया।

छुट्टी मनाने आ रही थी बहन, शव घर लौटेगा

सुल्तानपुर के भिपुरा गांव की संगीता बीकाम की छात्रा थी। बड़ी बहन प्रियंका, अरविंद, सुमन हैं। प्रियंका ने बताया कि उसकी शादी पंजाब के जिरकपुर में हुई है। छोटा भाई अरविंद भी जिरकपुर की एक फैक्ट्री में कंप्यूटर आपरेटर है। लाकडाउन लगने के बाद भाई गांव लौट गया था। संगीता की छुट्टी हो गई थी। इसलिए वह भाई अरविंद के साथ उनके पास लौट रही थी। हादसे से पहले बहन से बात हुई थी। संगीता के पिता मुनरभर गन्ने की रेहड़ी लगाते हैं। मां मंगरा देवी गृहिणी हैं।

सितंबर में हुई थी शादी, छह महीने बाद काम पर लौट रहा था

आजमगढ़ के चकसेवा गांव के चिंतलाल उर्फ चिंटू से बड़े भाई इंद्रेश, बिंद्रेश, किंसलाल हैं। पिता हरिभजन किसान हैं। स्वजनों ने बताया कि चिंटू तीनों भाइयों के साथ लुधियाना में कपड़े की फैक्ट्री में काम करता था। सितंबर में चिंटू की शादी हुई थी। पत्नी मायके में है। छह महीने बाद चिंटू गांव के काम के लिए लुधियाना लौट रहा था।

आरोपित बस चालक गिरफ्तार, ट्रक चालक पर भी केस दर्ज

जिले का यह संभवत पहला मामला है, जब दोनों वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज हुआ हो। थाना चांदनी बाग प्रभारी मंजीत का कहना है कि बस चालक दलबीर ने अवैध स्टैंड पर बस रोक कर सवारियों की जिंदगी दांव पर लगा दी। आरोपित बस चालक के खिलाफ धारा 304 (गैर इरादतन ) का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ट्रक चालक पर धारा 279,336,337,304A,308 और 427 के तहत भी मामला दर्ज किया है। सिविल अस्पताल में राहुल, संगीता और चिंटू के शवों का पोस्टमार्टम कराया और शवों को स्वजनों को सौंप दिया गया।

बस चालक की दलील, ऑटो चालक ने लगाए ब्रेक

पुलिस के शिकंजे में फंसे आरोपित बस चालक दलबीर सिंह ने बताया कि आगे चल रहे आटो चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिस कारण उन्हें भी ब्रेक लगाने पड़े। इसी दौरान ट्रक ने टक्कर मारी। वह बस से सवारी नहीं उतार रहा था।

पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

यह भी पढ़ेंः हरियाणा के पानीपत में बड़ा हादसा, ट्रक ने बस को मारी टक्‍कर, 3 की मौत, 14 घायल

chat bot
आपका साथी