हरियाणा में इंसानियत शर्मसार: किसान को पेड़ पर उल्‍टा लटका पीटा, करंट लगाया, 4 घंटे तक बर्बरता

हरियाणा के करनाल में एक किसान को पेड़ पर उल्‍टा लटकाकर पीटा। उसके करंट भी लगाया। करीब चार घंटे तक किसान से बर्बरता की जाती रही। यहीं नहीं आरोपितों ने इसका वीडियो भी बनाया। पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर लिया।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 02:27 PM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 02:35 PM (IST)
हरियाणा में इंसानियत शर्मसार: किसान को पेड़ पर उल्‍टा लटका पीटा, करंट लगाया, 4 घंटे तक बर्बरता
करनाल में किसान को पेड़ से लटकाकर पीटा।

करनाल, जेएनएन। करनाल के घरौंडा का गढ़ी भरल गांव। शुक्रवार को यहां जो भी हुआ उससे इंसानियत शर्मसार हो गई। चार घंटे तक किसान को पेड़ से उल्‍टा लटकाकर पीटा गया। करंट लगाया। घावों को कुरेदा। इस प्रताड़ना का एक वीडियो सामने आया, जिसे पूरा देख पाना मुश्किल होगा। इस बर्बरता को याद कर इकबाल सिहर जा रहा। अस्‍पताल में भर्ती इकबाल की आंखों में इस घटना का खौफ देखा जा सकता है। पुलिस ने दो आरोपितों को पकड़ लिया गया है, जबकि दो अभी भी फरार है।

दरअसल, गढ़ी भरल गांव के खेत में एक किसान इकबाल की पिटाई करने के बाद पेड़ पर उल्टा लटका दिया गया। इसके बाद उसे करंट भी लगाया गया। इसकी सूचना जब भतीजे को मिली तो परिवार के अन्‍य लोगों को बताया। पेड़ से लटका बेहोशी की हालत में उसे देख सभी सन्न रह गए। तत्काल सूचना पुलिस को दी। किसान को पेड़ से उतारा और उसे बेहोशी की अवस्था में अस्पताल में दाखिल कराया। उसे कल्पना चावला मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने गांव के ही चार आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर किया।

34 वर्षीय इकबाल ने पुलिस को बताया कि वह राणा माजरा निवासी नवाब के खेत में काम करता है। 20 दिन से उसने काम शुरू किया। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे नवाब आया और उसे खेत में धान रोपाई की बात कहकर ले गया। रास्‍ते में नवाब का भतीजा, चाचा और नौकर इकराम, आरीफ व राजू मिल गए। सभी ने उस पर चोरी का आरोप लगा पकड़ लिया।

इकबाल।

बुरी तरह से पीटा

इकबाल ने बताया कि खेत में ले जाकर उस बुरी तरह से सभी ने पीटा। उस पर पानी डालते और पीटते। इसके बाद पांव बांध कर पेड़ पर उल्टा लटका दिया। इकबाल का कहना है कि उससे पीटते और करंट लगा रहे थे। वह चिल्‍लाता रहा, लेकिन किसी ने नहीं सुना। आरोपित उसका वीडियो भी बना रहे थे।

4 घंटे चला रहा बर्बरता का ये सिलसिला

काफी समय के बाद जब इकबाल घर नहीं आया तो उसका भतीजा पता करने गया। उसने इकबाल के साथ हो रही इस घटना की जानकारी परिवार वालों को दी। परिवार के पहुंचते ही आरोपित फरार हो गए। इकबाल को दोनों पांव बांधकर पेड़ से उल्टा लटकाया हुआ था और वह बेहोशी की हालत में था। सूचना मिलते ही अन्य ग्रामीण भी मौके पर एकत्रित हो गए। उन्होंने वीडियो बनाते हुए पूरे मामले की सूचना पुलिस को दे दी ।

दो गिरफ्तार

नवाब और राजू को गिरफ्तार कर लिया गया है। अभी दो आरोपित फरार हैं। इकबाल का कहना है कि उस पर आरोप लगा रहे थे कि ट्रैक्‍टर का पार्ट चोरी कर लिया। जबकि ये गलत है। इकबाल ने बताया कि उसके पास भी खेत हैं। लेकिन दूसरों के भी खेत में मजदूरी कर कमाई कर लेता हूं। इसी वजह से नवाब के खेत में काम करने को तैयार हो गया था। 

पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी