यमुनानगर में घर में चल रही थी बहन की शादी, पोस्टमार्टम हाउस में रखा था भाई का शव, जानिये क्या है मामला

यमुनानगर का सनसनीखेज मामला। 22 वर्षीय युवक ने जान दे दी। पड़ोस के कुछ युवक व उनके परिवार बहन की शादी तुड़वाने की कोशिश कर रहे थे। बहन के बारे में दुष्प्रचार कर रहे थे। कई बार विवाद हो चुका था। शनिवार को भाई ने जहर निगल लिया।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 02:03 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 02:03 PM (IST)
यमुनानगर में घर में चल रही थी बहन की शादी, पोस्टमार्टम हाउस में रखा था भाई का शव, जानिये क्या है मामला
पड़ोसी महिला सहित सात पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है।

यमुनानगर, जेएनएन। सदर जगाधरी थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को एक तरफ बहन की शादी चल रही थी। दूसरी ओर उसके 22 वर्षीय भाई का शव पोस्टमार्टम हाउस में रखा हुआ था। शनिवार को भाई ने जहरीला पदार्थ निगल लिया था। हालत बिगड़ने पर स्वजन उसे अस्पताल में लेकर गए। यहां देर रात उसकी मौत हो गई। स्वजनों ने गांव में पड़ोसी युवकों व उनके परिवार के लोगों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। फिलहाल पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर एक महिला सहित सात लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। 

पुलिस के मुताबिक, मृतक की बहन की शादी तय हो गई थी। पड़ोस के ही पांच युवक व एक महिला उसकी बहन का रिश्ता तुड़वाने की कोशिश कर रहे थे। कई बार इस संबंध में विवाद हो चुका था। इसके बावजूद आरोपित हरकतों से बाज नहीं आए। युवती के बारे में वह गलत शब्द बोलते थे। गांव में भी गलत प्रचार कर रहे थे। इस वजह से मृतक काफी तनाव में था। इसी तनाव के चलते उसने शनिवार को जहरीला पदार्थ निगल लिया। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने आरोपितों पर केस दर्ज किया है। स्वजनों के मुताबिक, आरोपित उनके पड़ोसी हैं। आरोपित अंकुश, विकास व चंद्रवीर पहले भी उनकी बहन के साथ छेड़छाड़ कर चुके थे। इस वजह से रंजिश रखे हुए थे। इसी रंजिश में आरोपित बहन की होने वाली ससुराल में गलत मैसेज दे रहे थे। 

एक साल पहले दर्ज कराया था केस 

युवती के साथ 20 फरवरी 2020 को तीन आरोपितों ने छेड़छाड़ की थी। उस समय वह 17 वर्ष की थी। आरोप था कि तीनों ने उसके साथ घर में घुसकर दुष्कर्म की भी कोशिश की थी। बाद में शोर मचाने पर आरोपित जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले थे। इनमें दो सगे भाई भी हैं। इस मामले में पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपितों पर पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था। इसमें आरोपित गिरफ्तार हुए थे। कुछ दिन पहले ही वह जमानत पर बाहर आए थे। फिलहाल यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। 

दोपहर बाद होगा पोस्टमार्टम

युवती के भाई का शव फिलहाल पोस्टमार्टम हाउस में रखा है। परिवार व अन्य रिश्तेदार उसकी बहन की शादी करा रहे हैं। इस घटना से परिवार में शोक है। वहीं सदर जगाधरी थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल गांव में शादी हो रही है। दोपहर बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी